IIT Medical Programme: अब IIT में मेडिकल की भी होगी पढ़ाई कराएगा, IIT खड़गपुर 2026-27 से पोस्टग्रेजुएट मेडिकल कोर्स करेगा शुरू

IIT Medical Programme: आईआईटी खड़पुर इंजीनियरिंग के अलावा अब मेडिकल पोस्टग्रेजुएशन प्रोग्राम शुरू करने जा रहा है। 20 सीटों पर पहला कोर्स शुरू करने के लिए प्रस्ताव भेज दिया गया है। अगर NMC इसे हरी झंडी दिखाता है तो यह पहला आईआईटी होगा जहां मेडिकल में पीजी एडमिशन होंगे।

अपडेटेड Nov 12, 2026 पर 5:54 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
योग्य उम्मीदवार NEET-PG 2026 काउंसलिंग के दूसरे दौर में छह MD कार्यक्रमों पर विचार कर सकते हैं। उन्हें सलाह दी गई है कि वे सीटों की नवीनतम स्थिति (सीट मैट्रिक्स), पात्रता मानदंड और प्रवेश कार्यक्रम के लिए मेडिकल काउंसलिंग कमेटी के आधिकारिक पोर्टल को देखें।

IIT Medical Programme: अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) खड़गपुर देश का पहला ऐसा IIT बन गया है, जो नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) से मान्यता प्राप्त पोस्टग्रेजुएट मेडिकल कोर्स शुरू करने जा रहा है। 2026-27 शैक्षणिक सत्र से यहां MD की छह विशेषज्ञताओं (specialisations) में पढ़ाई कराई जाएगी।

एक बयान के अनुसार संस्थान अपने 'डॉ. बी. सी. रॉय मल्टी-स्पेशियलिटी मेडिकल रिसर्च सेंटर' में कुल 12 सीटें उपलब्ध कराएगा, जिसमें हर विशेषज्ञता के लिए दो सीटें होंगी। ये छह विषय हैं - जनरल मेडिसिन, रेडियोलॉजी, फिजियोलॉजी, पैथोलॉजी, कम्युनिटी मेडिसिन और बायोकेमिस्ट्री।

बयान में कहा गया है कि दाखिले NEET-PG 2026 की ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया के जरिए होंगे और ये कोर्स काउंसलिंग के दूसरे दौर में उपलब्ध कराए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य पारंपरिक चिकित्सा शिक्षा को इंजीनियरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), बायोमेडिकल साइंसेज और ट्रांसलेशनल रिसर्च के साथ जोड़ना है। इससे डॉक्टरों को अलग-अलग विषयों से जुड़ी रिसर्च (interdisciplinary research) और हेल्थकेयर इनोवेशन में काम करने के मौके मिलेंगे।


इसमें आगे बताया गया है कि छात्रों को AI-आधारित क्लिनिकल निर्णय लेने की प्रक्रिया, एडवांस्ड मेडिकल इमेजिंग, कंप्यूटेशनल पैथोलॉजी, बायोमेडिकल डिवाइस, मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स, प्रिसिजन मेडिसिन और किफायती हेल्थकेयर तकनीकों जैसे क्षेत्रों को जानने और समझने के अवसर मिलेंगे।

संस्थान ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कंप्यूटेशनल साइंसेज, माइक्रोफ्लुइडिक्स, बायोइंजीनियरिंग और हेल्थकेयर डायग्नोस्टिक्स के क्षेत्रों में उसकी मौजूदा विशेषज्ञता, एक रिसर्च-ओरिएंटेड मेडिकल एजुकेशन इकोसिस्टम विकसित करने के लिए आधार प्रदान करेगी।

IIT खड़गपुर के निदेशक प्रो. सुमन चक्रवर्ती ने PTI को बताया- "हमारा विजन सिर्फ विशेषज्ञ डॉक्टर तैयार करना नहीं है बल्कि एक ऐसा इकोसिस्टम बनाना है, जहां क्लिनिकल उत्कृष्टता का मिलन इंजीनियरिंग की रचनात्मकता, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ट्रांसलेशनल रिसर्च से हो सके।"

उन्होंने आगे कहा- "हम चाहते हैं कि हमारे मेडिकल ग्रेजुएट्स न केवल बेहतरीन चिकित्सक बनें बल्कि ऐसे इनोवेटर भी बनें जो मानवता के सामने मौजूद स्वास्थ्य संबंधी सबसे गंभीर चुनौतियों का समाधान निकाल सकें।" संस्थान ने कहा कि पहला बैच भारत की पोस्टग्रेजुएट मेडिकल शिक्षा में एक नए अध्याय की शुरुआत करेगा, जो IIT इकोसिस्टम के भीतर क्लिनिकल विशेषज्ञता और तकनीकी रिसर्च को एक साथ लाएगा।

बयान में कहा गया है कि इस नई पहल का उद्देश्य मेडिकल साइंस और उभरती हुई तकनीकों के बीच के तालमेल को मजबूत करना है। साथ ही इसका लक्ष्य ऐसे किफायती और सुलभ हेल्थकेयर समाधान विकसित करने में योगदान देना है, जो विशेष रूप से उन लोगों के काम आ सकें, जिनकी स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच अब तक सीमित रही है।

योग्य उम्मीदवार NEET-PG 2026 काउंसलिंग के दूसरे दौर में छह MD कार्यक्रमों पर विचार कर सकते हैं। उन्हें सलाह दी गई है कि वे सीटों की नवीनतम स्थिति (सीट मैट्रिक्स), पात्रता मानदंड और प्रवेश कार्यक्रम के लिए मेडिकल काउंसलिंग कमेटी के आधिकारिक पोर्टल को देखें।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।