चीन सस्ता है या महंगा, शंघाई में रहने वाली भारतीय महिला ने 9.8 लाख रुपये महीने के खर्च का पूरा हिसाब बताया, जानें पैसा कहां जाता है

शंघाई में रहने वाली एक भारतीय महिला ने अपने परिवार के महीनेभर के खर्च का हिसाब सोशल मीडिया पर साझा किया है। चार लोगों के परिवार का कुल मासिक खर्च करीब ₹9.82 लाख है। इसमें सबसे ज्यादा रकम घर के किराए और बच्चों की पढ़ाई पर जाती है। महिला के मुताबिक, अकेले इन दोनों पर ₹7 लाख खर्च होते हैं

अपडेटेड Aug 18, 2026 पर 1:31 PM
अदिति का खर्च सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं।

चीन के शंघाई में रहने वाली एक भारतीय महिला ने सोशल मीडिया पर अपने परिवार के महीनेभर के खर्च का हिसाब साझा किया है, जिसे देखकर कई लोग हैरान रह गए। चार सदस्यों वाले इस परिवार का कुल मासिक खर्च करीब ₹9.82 लाख है। इस बजट में घर का किराया, बच्चों की पढ़ाई, राशन, घरेलू मदद, आने-जाने, मनोरंजन और शॉपिंग जैसे कई खर्च शामिल हैं। महिला ने बताया कि परिवार की सबसे बड़ी रकम घर के किराए और बच्चों की स्कूल फीस पर जाती है। दोनों पर मिलाकर हर महीने करीब ₹7 लाख खर्च हो जाते हैं। इसके अलावा राशन और घरेलू मदद का खर्च भी काफी ज्यादा है।

हालांकि, महिला ने साफ किया कि यह रकम शंघाई में रहने वाले हर परिवार का सामान्य खर्च नहीं है। यह उनके परिवार की जरूरतों, लाइफस्टाइल और पसंद पर आधारित व्यक्तिगत बजट है। उनकी पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर लोग शंघाई की महंगी जिंदगी और भारत से खर्च की तुलना करने लगे।

घर के किराए में ही जाते हैं ₹3.5 लाख


अदिति शर्मा ने बताया कि उनका परिवार शंघाई के डाउनटाउन इलाके में रहता है। इसके लिए हर महीने करीब 25,000 युआन यानी लगभग ₹3.5 लाख किराया देना पड़ता है। उनके मुताबिक, घर का किराया उनके मासिक बजट का सबसे बड़ा हिस्सा है।

बच्चों की पढ़ाई का खर्च भी ₹3.5 लाख

परिवार के दो बच्चे इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ते हैं। उनकी स्कूल फीस पर भी हर महीने करीब 25,000 युआन यानी ₹3.5 लाख खर्च होते हैं। यानी सिर्फ किराए और स्कूल फीस पर करीब ₹7 लाख हर महीने चले जाते हैं।

राशन से लेकर मेड तक, बाकी खर्च भी कम नहीं

अदिति के परिवार का किराने का खर्च करीब 5,000 युआन यानी ₹70,750 प्रति माह है। घरेलू मदद के लिए भी हर महीने ₹1 लाख से ज्यादा खर्च होता है। इसके अलावा बिजली-पानी और दूसरी सुविधाओं पर करीब ₹21,230, जबकि पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर लगभग ₹10,000 खर्च होते हैं।

घूमने और शॉपिंग के लिए भी अलग बजट

परिवार बच्चों के मनोरंजन और उनकी एक्स्ट्रा एक्टिविटीज के लिए हर महीने करीब ₹21,230 अलग रखता है। वहीं, बाहर खाना खाने और शॉपिंग पर करीब ₹56,650 खर्च हो जाते हैं। इन सभी खर्चों को जोड़ने पर परिवार का कुल मासिक बजट लगभग ₹9,81,860 पहुंच जाता है।

अदिति बोलीं- यह हर परिवार का खर्च नहीं

अदिति ने साफ किया कि यह उनके परिवार के रहन-सहन और पसंद पर आधारित व्यक्तिगत खर्च है। इसे चीन में रहने के लिए सामान्य खर्च का पैमाना नहीं माना जाना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें और उनके पति को कोई एक्सपैट अलाउंस नहीं मिलता। हालांकि, उनका मेडिकल इंश्योरेंस इलाज का 100 फीसदी खर्च कवर करता है। अदिति खुद को एक होममेकर बताती हैं और साथ ही कंटेंट क्रिएटर के तौर पर करियर बनाने की कोशिश कर रही हैं।

Instagram पर यह पोस्ट देखें

लोगों ने कहा- शंघाई में रहना इतना सस्ता नहीं

अदिति का खर्च सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ लोगों ने कहा कि शंघाई जैसे बड़े शहर में खासकर इंटरनेशनल स्कूल और महंगे घर के साथ रहना काफी खर्चीला हो सकता है। एक यूजर ने लिखा कि यह रकम उसके पूरे साल के खर्च और बच्चों की फीस के बराबर है। वहीं, एक अन्य यूजर ने कहा कि चीन कई जगहों पर सस्ता हो सकता है, लेकिन शंघाई, बीजिंग और शेनझेन जैसे बड़े शहरों में तस्वीर अलग है। एक यूजर ने बीजिंग में रहने का अनुभव साझा करते हुए कहा कि चीन को सस्ता समझकर आने के बाद उसे महसूस हुआ कि वहां कई चीजें उम्मीद से कहीं ज्यादा महंगी हैं।

शाहरुख के ‘मन्नत’ में घुसे 2 सांप, 8 फीट वाले को ऐसे किया गया रेस्क्यू, दूसरा फरार

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।