एक अनानास ने छीनी शेफ की रोजी-रोटी! पिज्जा पर न डालने की मिली ये सजा

शेफ ने पिज्जा पर अनानास डालने से इनकार कर दिया, क्योंकि वह इसे इतालवी खाने की संस्कृति का अपमान मानते थे। एक कस्टमर ने इवेंट के लिए हैम और अनानास वाला पिज्जा मांगा था, लेकिन शेफ ने इसे बनाने से मना कर दिया।

अपडेटेड Nov 06, 2026 पर 3:00 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

पिज्जा पर अनानास डालना कुछ लोगों को पसंद है, तो कुछ इसे बिल्कुल पसंद नहीं करते। खासकर इटली के लोग पिज्जा पर इस फल को डालने के खिलाफ रहते हैं। ऐसा ही एक मामला ऑस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन से सामने आया है, जहां एक इटैलियन शेफ ने हैम और अनानास वाला पिज्जा बनाने से इनकार कर दिया। उनका मानना था कि ऐसा करना उनकी संस्कृति का अपमान है। इस वजह से उन्हें अपनी नौकरी गंवानी पड़ी।

BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, डेविड टैम्बुरेला (David Tamburella) ब्रिस्बेन के 'ला कोस्टा' (La Costa) रेस्तरां में हेड शेफ थे। उन्हें 20 मई को नौकरी से निकाल दिया गया। दरअसल, एक प्राइवेट कार्यक्रम के लिए ग्राहक ने 15,000 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 9 लाख रुपये) से ज्यादा की बुकिंग की थी। इसमें हैम और अनानास वाले पिज्जा की मांग भी शामिल थी, लेकिन शेफ ने इसे बनाने से मना कर दिया। नौकरी जाने के बाद उन्होंने इस फैसले के खिलाफ शिकायत भी की, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली।

शेफ ने नौकरी जाने के बाद की ये शिकायत


यह पहली बार नहीं था जब टैम्बुरेला ने पिज्जा पर अनानास डालने से मना किया हो। पिछले चार साल में वह तीन बार ऐसा कर चुके थे। नौकरी से निकाले जाने के बाद उन्होंने 'फेयर वर्क कमीशन' में शिकायत की और कहा कि उन्हें गलत तरीके से हटाया गया है। उन्होंने काम के दौरान लगी चोट को भी इसकी एक वजह बताया था। दरअसल, एक मेटल रेलिंग से टकराने के कारण उनके दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हो गया था।

'फेयर वर्क कमीशन' ने उनकी शिकायत खारिज कर दी। आयोग के मुताबिक, उन्होंने तय समय-सीमा के बाद आवेदन किया था और देरी की कोई ऐसी वजह भी नहीं बताई, जिसे विशेष परिस्थिति माना जा सके। आयोग ने शेफ को नौकरी से निकालने के फैसले को सही या गलत नहीं बताया। आयोग ने यह फैसला नहीं दिया कि शेफ को नौकरी से निकालना सही था या गलत। उसने सिर्फ शिकायत देर से दर्ज कराने के मामले पर फैसला सुनाया।

अब इस रेस्तरां में काम कर रहे है शेफ

ला कोस्टा के मैनेजिंग डायरेक्टर इलियट इंग्राम ने 'डेली मेल' को बताया कि इस मामले में सिर्फ पिज्जा की टॉपिंग ही वजह नहीं थी। शेफ के काम और व्यवहार से जुड़ी दूसरी बातों पर भी विचार किया गया था। अब यह रेस्तरां बंद हो चुका है।

वहीं, टैम्बुरेला को दूसरी नौकरी मिल गई है। उनके लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक, वह अब ब्रिस्बेन के वेस्ट एंड में स्थित इटैलियन रेस्तरां 'डॉन गिनो' में हेड शेफ हैं। खास बात यह है कि यहां के मेनू में अनानास वाला पिज्जा नहीं मिलता।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।