Nvidia CEO Jensen Huang: दुनिया की सबसे बड़ी AI चिप बनाने वाली कंपनियों में शामिल Nvidia के CEO जेनसन हुआंग इन दिनों एक कथित अफेयर को लेकर चर्चा में हैं। इस विवाद ने कारोबारी जगत से लेकर सोशल मीडिया तक हलचल मचा दी है। लेकिन भारतीय इंटरनेट यूजर्स ने इस गंभीर मामले को अपने ही अंदाज में मनोरंजन का तड़का लगा दिया है। सोशल मीडिया पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार किए गए पोस्टर, वीडियो और मीम्स जमकर वायरल हो रहे हैं।
इन मीम्स में बॉलीवुड फिल्मों, मशहूर गानों और रोमांटिक कहानियों का ऐसा ट्विस्ट दिया गया है कि मामला किसी फिल्मी ब्लॉकबस्टर से कम नहीं लग रहा। यह अफेयर एलिस हुआंग नाम की एक चीनी एक्जीक्यूटिव के साथ सामने आया। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का दावा है कि एलिस हुआंग (Alice Huang) चीन की इंटेलिजेंस एजेंसी के लिए जासूसी का काम कर रही थीं।
'हम चिप दे चुके सनम' ने लूटी महफिल
इस पूरे मीम फेस्ट का सबसे चर्चित नाम है- 'हम चिप दे चुके सनम'। यह नाम 1999 में आई सलमान खान और ऐश्वर्या राय की मशहूर फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' की तर्ज पर बनाया गया है। बस यहां दिल की जगह चिप ने ले ली है। Nvidia के कारोबार और AI चिप्स पर कंपनी की मजबूत पकड़ को देखते हुए यह नाम सोशल मीडिया यूजर्स को खूब पसंद आ रहा है।
AI से बनाए गए पोस्टरों में जेनसन हुआंग को बॉलीवुड के दुखी प्रेमी के रूप में दिखाया जा रहा है। कुछ क्रिएटर्स ने उन्हें संजय लीला भंसाली की फिल्मों के अंदाज में पेश किया है। पोस्टरों में रोमांस, दर्द और ड्रामे का ऐसा मिश्रण है, मानो हुआंग की जिंदगी पर कोई बड़ी बॉलीवुड फिल्म बनने जा रही हो।
कभी सलमान खान तो कभी कुणाल खेमू वाला अंदाज
मीम बनाने वालों ने सिर्फ 'हम दिल दे चुके सनम' तक ही खुद को सीमित नहीं रखा। कुछ वायरल क्रिएशन्स में हुआंग को फिल्म 'कलयुग' के कुणाल खेमू के टूटे दिल वाले किरदार की तरह दिखाया गया है। वहीं, कुछ वीडियो में उन्हें पुराने बॉलीवुड गानों और रोमांटिक सीन के साथ जोड़कर मजेदार अंदाज में पेश किया गया है। क्रिएटर्स ने AI की मदद से हुआंग और एलिस को लेकर काल्पनिक फिल्मी पोस्टर और वीडियो तैयार किए हैं। इनका मकसद विवाद पर व्यंग्य करना है। इसके अलावा, हुआंग को वायरल कोल्डप्ले किस-कैम वाले अंदाज में भी एडिट किया गया है।
AI के बॉस को AI से ही ट्रोल कर रहे लोग
इस पूरे मामले का सबसे दिलचस्प पहलू यही है। जेनसन हुआंग की कंपनी Nvidia के चिप्स दुनिया भर में AI टेक्नोलॉजी को ताकत देते हैं। आज तमाम AI टूल्स और एप्लिकेशन इन्हीं चिप्स की मदद से चलने वाले सिस्टम पर निर्भर हैं। अब सोशल मीडिया यूजर्स उन्हीं AI टूल्स का इस्तेमाल करके कंपनी के बॉस पर मीम्स बना रहे हैं।
पत्नी और परिवार से माफी मांगने की बात भी आई सामने
रिपोर्ट के मुताबिक, 8 नवंबर को Nvidia कर्मचारियों को भेजे गए एक ईमेल में जेनसन हुआंग ने अपनी पत्नी और परिवार से माफी मांगी थी। ईमेल का विषय था, "A message to our company'। इसमें उन्होंने अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई स्वीकार करते हुए लिखा कि उनके इस कदम से पत्नी और बच्चों को दुख पहुंचा है। इसके लिए कोई बहाना नहीं है। हालांकि, इस मामले से जुड़े चीन के कथित जासूसी कनेक्शन और संवेदनशील कारोबारी जानकारी शेयर किए जाने जैसे दावों को लेकर भी चर्चा हो रही है। रिपोर्ट में Nvidia के बोर्ड की स्वतंत्र जांच शुरू किए जाने का भी जिक्र किया गया है।
सोशल मीडिया पर यूजर्स के मजेदार कमेंट
AI से बने वीडियो और पोस्टर वायरल होने के बाद यूजर्स भी पीछे नहीं रहे। एक यूजर ने लिखा, 'Indian Internet is tripping।' यानी भारतीय इंटरनेट इस बार अलग ही लेवल पर पहुंच गया है। दूसरे यूजर ने मजाक में कहा कि अपने ही चिप्स का इस्तेमाल करके उनके बारे में ऐसा कंटेंट बनाना AI का कितना अनोखा इस्तेमाल है।
वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा कि अब हुआंग भारत में Nvidia चिप्स के भविष्य के निर्यात पर ही रोक न लगा दें। इस पूरे ड्रामे की सबसे मजेदार बात यह है कि हुआंग वही इंसान हैं, जिन्होंने दुनिया को AI की ताकत देने वाली ग्राफिक्स और AI चिप्स बनाईं। और अब पूरी दुनिया खासकर भारतीय नेटिजन्स उन्हीं की Nvidia चिप्स पर चलने वाले AI टूल्स का इस्तेमाल करके उनके ऊपर मेम्स, गाने और वीडियो बना रही है।