Kunal Kamra Row: कुणाल कामरा की शिंदे पर 'गद्दार' वाले बयान से भारी बवाल, शिवसैनिकों ने स्टूडियो में की तोड़फोड़, कॉमेडियन पर गिरफ्तारी की लटकी तलवार

Kunal Kamra Sparks Row: वीडियो वायरल होने के बाद शिंदे गुट के नेता राहुल कनाल ने मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा के खिलाफ एक शिकायत दर्ज कराई है। इसमें कुणाल कामरा पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया है, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं को गहरा दुख पहुंचा है। इसके तुरंत बाद शिवसैनिक कामरा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए सड़कों पर उतर आए

अपडेटेड Mar 24, 2025 पर 8:46 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Kunal Kamra Sparks Row: एकनाथ शिंदे की शिवसेना कार्यकर्ताओं ने खार में हैबिटेट कॉमेडी क्लब में जमकर तोड़फोड़ की

Kunal Kamra Sparks Row: शिवसेना कार्यकर्ताओं ने रविवार (24 मार्च) को मुंबई के खार इलाके में एक होटल में तोड़फोड़ की, जहां स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा के शो की शूटिंग की गई थी। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में उन्होंने नाम लिए बगैर उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर 'गद्दार' शब्द के जरिए कटाक्ष किया था। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के कार्यकर्ता खार में स्थित हैबिटेट कॉमेडी क्लब में तोड़फोड़ करते दिख रहे हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि उपद्रवियों ने खार इलाके में स्थित होटल यूनिकॉन्टिनेंटल में तोड़फोड़ की, जहां शो की शूटिंग हुई थी। उन्होंने कामरा को गिरफ्तार करने की मांग की। वीडियो जारी होने के बाद शिंदे गुट के नेता राहुल कनाल ने मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में एक पुलिस शिकायत दर्ज कराई है। इसमें कामरा पर उपमुख्यमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया है, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं को गहरा दुख पहुंचा है।

इसके तुरंत बाद शिवसैनिक कामरा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए सड़कों पर उतर आए। न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, शिंदे के खिलाफ कामरा के कटाक्ष का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पार्टी कार्यकर्ता होटल के ऑडिटोरियम में पहुंचे। इस वीडियो को शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने भी X पर पोस्ट किया और लिखा, "कुणाल का कमाल।"


कामरा ने फिल्म 'दिल तो पागल है' के एक गाने का इस्तेमाल करके शिंदे पर कटाक्ष किया। शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के ने कामरा को चेतावनी दी कि पूरे देश में शिवसेना कार्यकर्ता उनका पीछा करेंगे। उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा, "आपको भारत से भागने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।"

म्हस्के ने आरोप लगाया कि कामरा ने शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे से पैसे लिए हैं और एकनाथ शिंदे को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने ठाकरे पर हमला करते हुए कहा, "उनकी पार्टी के पास कोई नहीं बचा है, इसलिए वह ऐसे लोगों को काम पर रख रही है। कामरा को अब शिंदे की आलोचना करने के नतीजों का पता चलेगा।"

सांसद ने X पर वीडियो प्रसारित करने के लिए शिवसेना नेता संजय राउत की भी आलोचना की। वहीं, राउत ने एक पोस्ट में कहा, "कुणाल कामरा प्रसिद्ध लेखक और स्टैंड-अप कॉमेडियन हैं। कुणाल ने महाराष्ट्र के राजनीतिक परिदृश्य पर एक पैरोडी गीत बनाया, जिससे शिंदे गिरोह नाराज हो गया और फिर स्टूडियो में तोड़फोड़ की।"

शिवसेना विधायक मुरजी पटेल ने कहा कि वह कामरा के खिलाफ एमआईडीसी थाने में FIR दर्ज कराएंगे। शिवसेना (UBT) नेता और विधायक आदित्य ठाकरे ने स्टूडियो पर हुए हमले को कायरतापूर्ण बताया। X पर अपने पोस्ट में आदित्य ठाकरे ने कहा, "मिंधे (शिंदे) के कायर गिरोह ने कॉमेडी शो का मंच तोड़ दिया, जहां कॉमेडियन कुणाल कामरा ने एकनाथ मिंधे पर एक गाना गाया, जो 100 प्रतिशत सच था। केवल एक असुरक्षित कायर ही किसी के गाने पर प्रतिक्रिया करेगा।"

उन्होंने कहा, "वैसे, राज्य में कानून-व्यवस्था कैसी है? एकनाथ मिंधे द्वारा मुख्यमंत्री और गृह मंत्री (देवेंद्र फडणवीस) को कमजोर करने का एक और प्रयास।" आदित्य ठाकरे हमेशा एकनाथ शिंदे का जिक्र करते समय उन पर तंज कसने के लिए मराठी शब्द 'मिंधे' का इस्तेमाल करते हैं, क्योंकि इसका मतलब अधीनस्थ होता है।

ये भी पढ़ें- Jammu Kashmir Encounter: कठुआ में सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़, डोडा के जंगलों में मिला आतंकी ठिकाना

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।