मां की ममता और उसकी हिम्मत की कोई सीमा नहीं होती। बच्चे की परवरिश के साथ घर और काम की जिम्मेदारियां निभाना आसान नहीं, लेकिन कई महिलाएं हर दिन मुश्किलों से लड़कर अपने परिवार का सहारा बनती हैं। लद्दाख से सामने आए एक वीडियो में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। यहां एक महिला पेट्रोल पंप पर काम करते हुए अपने छोटे बच्चे को पीठ पर बांधे नजर आई। इस दृश्य ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया। देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया और लाखों लोग महिला की मेहनत से भावुक हो उठे।
पीठ पर बच्चा, सामने काम की जिम्मेदारी
यह वीडियो यांका परदेसी नाम की एक महिला ने इंस्टाग्राम पर साझा किया। वह अपने पति के साथ पेट्रोल पंप पर पहुंची थीं, जहां उनकी नजर बच्चे को पीठ पर बांधकर काम कर रही महिला पर पड़ी। उन्होंने इस पल को कैमरे में कैद कर लिया।
वीडियो में महिला अपने बच्चे को सुरक्षित तरीके से पीठ पर बांधे हुए पेट्रोल पंप पर काम करती दिखाई देती है। क्लिप पर लिखा था, "This is where you find me at my lowest | Ladakh." इस छोटे से वीडियो ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया कि कई महिलाओं के लिए काम और मातृत्व की जिम्मेदारियां एक साथ निभाना रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है।
93 लाख लोगों ने देखा वीडियो
वीडियो को करीब 93 लाख व्यूज मिलने के बाद कहानी ने एक नया मोड़ लिया। यांका के मुताबिक, कई लोगों ने उनसे संपर्क कर महिला की मदद करने का तरीका पूछा। लोगों की प्रतिक्रियाओं से उन्हें एहसास हुआ कि यह वीडियो सिर्फ सोशल मीडिया पर वायरल होने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि लोगों को महिला के लिए कुछ करने के लिए भी प्रेरित कर रहा था।
यांका ने बताया कि उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए महिला से संपर्क किया और उसे बताया कि इंटरनेट पर लोग उसके लिए प्यार और समर्थन भेज रहे हैं। उन्होंने महिला को यह भी जानकारी दी कि कई लोग उसकी मदद करना चाहते हैं।
यांका ने अपने अपडेट में बताया कि महिला को इस बात का अंदाजा नहीं था कि उसकी जिंदगी का एक छोटा-सा पल इतने बड़े स्तर पर लोगों तक पहुंच गया है। वीडियो कॉल के दौरान उन्होंने उसे सोशल मीडिया पर मिल रहे संदेशों और लोगों के समर्थन के बारे में बताया।
यांका ने महिला से उसके बच्चे का नाम और उम्र भी पूछी। उन्होंने बताया कि लोगों की ओर से जुटाई गई एक निश्चित राशि बच्चे के लिए रखी गई है। इस तरह वीडियो के जरिए शुरू हुई चर्चा जरूरतमंद मां और उसके बच्चे की मदद करने की पहल में बदल गई।
इंटरनेट पर लोगों ने बताया 'मॉडर्न डे झांसी की रानी'
वीडियो के कमेंट सेक्शन में लोग महिला की मेहनत, हिम्मत और अपने बच्चे के प्रति समर्पण की तारीफ कर रहे हैं। किसी ने उसे सच्ची योद्धा मां बताया, तो किसी ने उसकी लगन को सलाम किया। एक यूजर ने लिखा कि इस एक दृश्य में ताकत, मातृत्व और समर्पण तीनों दिखाई देते हैं। वहीं, एक अन्य यूजर ने महिला को 'मॉडर्न डे झांसी की रानी' कहकर उसकी हिम्मत की सराहना की।