ChatGPT से पूछकर पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश! एक नोट से ऐसे खुला राज

अमेरिका में एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि ChatGPT ने उसकी पत्नी को उसकी हत्या की साजिश रचने में मदद की। इस मामले को लेकर OpenAI और CEO सैम ऑल्टमैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना ने AI चैटबॉट की सुरक्षा और उसके गलत इस्तेमाल पर सवाल खड़े कर दिए हैं

अपडेटेड Nov 09, 2026 पर 8:03 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अपने वकीलों के जरिए जारी बयान में जेम्स ने अपनी पत्नी और उनके रिश्ते में आए बदलावों के बारे में बताया (Photo: Canva)

ChatGPT एक बार फिर चर्चा में बना हुआ है। अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना में एक व्यक्ति ने OpenAI और कंपनी के CEO सैम ऑल्टमैन के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। जेम्स गेट्स का आरोप है कि ChatGPT ने उनकी अलग रह रही पत्नी को उनकी हत्या की साजिश रचने में मदद की। CBS न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, जेम्स पिछले साल कथित तौर पर जहर दिए जाने के बावजूद बच गए थे। उन्होंने गुरुवार को सैन फ्रांसिस्को काउंटी सुपीरियर कोर्ट में यह मामला दर्ज कराया। इस मामले में उनकी पत्नी शेरिल गेट्स पर भी हत्या की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है। इस मामले ने AI चैटबॉट की सुरक्षा और उसके गलत इस्तेमाल को लेकर नई बहस छेड़ दी है। सोशल मीडिया पर ये काफी वायरल हो रहा है।

पत्नी ने बताया मारने का प्लान

रिपोर्ट के मुताबिक, अपने वकीलों के जरिए जारी बयान में जेम्स ने अपनी पत्नी और उनके रिश्ते में आए बदलावों के बारे में बताया। उन्होंने कहा, "मेरी पत्नी एक ‘कमजोर’ यूजर के हिसाब से फिट नहीं थी, लेकिन फिर भी वह कमजोर थी। हम सभी कभी न कभी कमजोर होते हैं।" उन्होंने आगे कहा, "वह ऐसी इंसान बन गई थीं, जिन्हें मैं अब पहचान नहीं पा रहा था। वहीं, मैं ऐसा व्यक्ति बन गया था, जिसे वह मरवाना चाहती थीं। करीब एक साल तक मुझे उनकी हरकतें समझ नहीं आईं। लेकिन जब मैंने उनकी चैट हिस्ट्री पढ़ी, तो मुझे पता चला कि उसने ये सब अकेले नहीं किया था।"


2025 से कर रही बातचीत

मुकदमे में आरोप लगाया गया कि, शेरिल ने 2025 की गर्मियों और पतझड़ के दौरान ChatGPT से सैकड़ों बार बातचीत की थी। धीरे-धीरे वह चैटबॉट को अपना सबसे करीबी दोस्त मानने लगी थीं। वह उससे अपने काम, बच्चों की गतिविधियों, डॉक्टर द्वारा बताई गई दवाओं की खुराक और वैवाहिक जीवन से जुड़ी परेशानियों के बारे में सलाह भी लेती थीं। शिकायत में दावा किया कि, शुरुआत में शेरिल ChatGPT से अपनी शादी से जुड़ी परेशानियों पर बात करती थीं, लेकिन बाद में बातचीत जेम्स को जहर देने की योजना तक पहुंच गई। उनके वकीलों का आरोप है कि ChatGPT ने जेम्स को लेकर शेरिल के डर और शक को बढ़ावा दिया और उन्हें हत्या की साजिश तैयार करने में मदद की।

ChatGPT ने हत्या में की मदद

आउटलेट के मुताबिक, मुकदमे में आरोप लगाया गया कि, "इस प्रोडक्ट ने शेरिल की बातों को सही ठहराया, उसे इमोशनल सहारा दिया और उसके मन में मौजूद बेबुनियाद डर को और मजबूत किया। इतना ही नहीं, इसने उसके शक को बढ़ाया, पति से डरने के नए कारण दिए और उसकी सोच को लगातार बढ़ावा दिया। आरोप है कि ChatGPT ने हत्या की कोशिश से जुड़ी जरूरी जानकारियां भी दीं, जिनमें इस्तेमाल की जाने वाली चीजें, पति के वजन के हिसाब से दवा की खुराक, उसे देने के तरीके और इस पूरी साजिश को छिपाने के तरीके शामिल थे।"

कैसे हुआ खुलासा

जेम्स के वकीलों के मुताबिक, 2025 की गर्मियों की शुरुआत में उन्होंने घर पर मिलने वाले सोडा और एनर्जी ड्रिंक्स के स्वाद में कड़वाहट महसूस की थी। इसके बाद 10 जुलाई को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। करीब 72 घंटों तक उन्हें दिल से जुड़ी परेशानी, पेट में दर्द, कमजोरी और उलझन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा। करीब दो महीने बाद, जेम्स को कथित तौर पर एक हाथ से लिखा हुआ नोट मिला। इसमें ओलियंडर, डॉक्टर की लिखी दवाओं के साथ-साथ "सभी बातचीत डिलीट करें" और "[ChatGPT] से लॉग आउट करें" जैसी बातें लिखी थीं। इस नोट को देखने के बाद उन्हें शक हुआ कि उन्हें जहर दिया गया था।

लगाए कुल 9 आरोप

इस मुकदमे में OpenAI और सैम ऑल्टमैन के खिलाफ लापरवाही और मानसिक परेशानी पहुंचाने समेत कुल नौ आरोप लगाए गए हैं। वहीं, OpenAI के एक प्रवक्ता ने CBS न्यूज बे एरिया को बताया, "यूजर्स की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। हमने इस यूजर का अकाउंट बैन कर दिया है और मामले की जांच में कानून प्रवर्तन एजेंसियों को जरूरी जानकारी भी दी है।" ChatGPT से जुड़े नुकसान के आरोपों को लेकर OpenAI पर पहले से भी कई केस चल रहे हैं। वाशिंगटन के एक व्यक्ति ने ChatGPT की मेडिकल सलाह से मानसिक हालत बिगड़ने का आरोप लगाया, जबकि फ्लोरिडा के एक व्यक्ति का दावा है कि चैटबॉट ने उसे समय पर इलाज कराने से रोका।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।