'2 करोड़ रुपये की थी उम्मीद...', शख्स ने 4 महीनों में कमाए 1.01 करोड़ रुपये, बताया कि कैसे हासिल किया ये मुकाम

छोटे शहर का एक शख्स दो बार प्रतियोगी परीक्षाओं में असफल रहा था। इसके बाद उसे एक स्टार्टअप से निकाल दिया गया था। वहीं रिमोट जॉब्स, अंतरराष्ट्रीय फ्रीलांस प्रोजेक्ट्स और AI से जुड़े काम के जरिए उसने महज चार महीनों में 1.01 करोड़ रुपये कमाए लिए।

अपडेटेड Nov 16, 2026 पर 12:08 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
वित्त वर्ष 2026-27 के लिए उन्होंने अप्रैल से 3 अगस्त 2026 के बीच लगभग 1.01 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। इसकी तुलना में पिछले वित्त वर्ष में उनकी कुल कमाई 76-78 लाख रुपये थी।

भारत के एक छोटे से शहर के एक युवा पेशेवर ने एक बड़ी वित्तीय उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने अप्रैल से 3 अगस्त, 2026 के बीच टैक्स-पूर्व आय के रूप में 1.01 करोड़ रुपये कमाए हैं। यह पहली बार है जब उन्होंने 1 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा पार किया है। यह इस बात को दर्शाता है कि लगन, आय के कई स्रोत और वैश्विक टेक्नोलॉजी बाजार में मिलने वाले अवसर किसी के करियर को पूरी तरह से बदल सकते हैं।

हालांकि यह सफर बिल्कुल भी आसान नहीं था। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में दो बार असफल होने के बाद 2021 में उन्हें भारत के एक प्रतिष्ठित रिसर्च संस्थान में मास्टर डिग्री के लिए दाखिला मिल गया। 2023 में एक स्टार्टअप में काम करने का अच्छा मौका मिला, लेकिन एक साल के भीतर ही उन्हें वहां से हटा दिया गया।

लगातार प्रयास और जोखिम उठाना


बार-बार मिली असफलताओं के बावजूद उन्होंने स्टार्टअप्स, फ्रीलांस प्लेटफॉर्म, कंसल्टिंग प्रोजेक्ट्स और अंतरराष्ट्रीय क्लाइंट्स के साथ नए मौकों की तलाश जारी रखी। अपनी रणनीति के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा- "असल में जो काम आया, वह था - कोशिश करना न छोड़ना।"

सैकड़ों जगह आवेदन करने पर उन्हें या तो रिजेक्शन मिला या ईमेल का कोई जवाब नहीं आया या फिर बहुत कम वेतन वाले ऑफर मिले। लेकिन कुछ मौकों ने आखिरकार उनके लिए रास्ते खोल दिए। उन्होंने ऐसे उद्योगों में भी प्रोजेक्ट्स लिए जिनसे वे पहले परिचित नहीं थे, एक साथ कई जिम्मेदारियां संभालीं और दबाव के बीच काम पूरा करना सीखा।

आय के कई स्रोत

साल 2024 की शुरुआत में एक बड़ा बदलाव आया, जब उन्हें एक टेक्नोलॉजी स्टार्टअप में फुल-टाइम रिमोट (घर से काम करने वाली) भूमिका मिली। 2025 के मध्य तक एक ग्लोबल फ्रीलांसिंग प्लेटफॉर्म के जरिए लैटिन अमेरिकी क्लाइंट के साथ एक और कॉन्ट्रैक्ट मिलने से आय का एक और स्रोत जुड़ गया। प्रोडक्शन के लिए तैयार AI सिस्टम और इंफ्रास्ट्रक्चर बनाना उनके काम का मुख्य हिस्सा बन गया। इससे उन्हें AI विशेषज्ञता की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय मांग का फायदा उठाने में मदद मिली।

चार महीनों में 1.01 करोड़ रुपये की कमाई

वित्त वर्ष 2026-27 के लिए उन्होंने अप्रैल से 3 अगस्त 2026 के बीच लगभग 1.01 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। इसकी तुलना में पिछले वित्त वर्ष में उनकी कुल कमाई 76-78 लाख रुपये थी। उन्हें उम्मीद है कि मौजूदा वित्त वर्ष के अंत तक उनकी कुल कमाई लगभग 2 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगी। उनका मासिक खर्च करीब 1 लाख रुपये है और अब वे अपने गृहनगर में एक प्लॉट खरीदने की योजना बना रहे हैं।

करियर बनाने की कोशिश कर रहे लोगों के लिए सलाह

अपना करियर बनाने की कोशिश कर रहे लोगों को सलाह देते हुए उन्होंने लगातार मेहनत करने के महत्व पर जोर दिया- "0 रुपये और 1 करोड़ रुपये के बीच का अंतर टैलेंट का नहीं था, बल्कि काम की मात्रा (वॉल्यूम) का था।" इस बड़ी उपलब्धि के बावजूद उन्होंने मजाकिया अंदाज में टैक्स के बोझ का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि टैक्स से पहले की उनकी कुल कमाई का लगभग 33% हिस्सा टैक्स के रूप में जा सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।