Viral Video: महीने के 2 लाख कमाओ और फिर रुक जाओ! शख्स की सलाह ने छेड़ी बहस

शख्स के मुताबिक, नौकरीपेशा लोगों के लिए हर महीने 1.5 लाख से 2 लाख रुपये की कमाई हासिल करना आर्थिक तौर पर एक बड़ी उपलब्धि हो सकती है। उन्होंने कहा कि इस सैलरी तक पहुंचने की कोई तय उम्र नहीं है

अपडेटेड Sep 15, 2026 पर 3:14 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में मोहित तलरेजा ने कहा कि करियर में तरक्की और अच्छी सैलरी जरूरी है (Photo: Canva)

Viral Video: आज के समय में अच्छी सैलरी और करियर में तरक्की हर कोई चाहता है। लेकिन क्या ज्यादा कमाई की भी कोई सीमा होती है? सोशल मीडिया पर एक शख्स का वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में युवक ने बताया कि बड़े शहरों में महीने की कितनी कमाई काफी हो सकती है। शख्स के मुताबिक, भारत के बड़े शहरों में नौकरी करने वाले लोगों के लिए हर महीने करीब 1.5 लाख से 2 लाख रुपये कमाना एक अच्छा लक्ष्य हो सकता है। इतनी आय होने के बाद जीवन की जरूरतें आराम से पूरी की जा सकती हैं।

युवक ने ये भी कहा, इसके बाद सिर्फ ज्यादा पैसा कमाने के लिए नौकरी का तनाव, ज्यादा काम और निजी जिंदगी से समझौता करना हर किसी के लिए जरूरी नहीं है। उनके मुताबिक, एक स्तर के बाद कमाई बढ़ाने के बजाय सुकून, समय और बेहतर जीवन पर ध्यान देना ज्यादा अहम हो सकता है। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में मोहित तलरेजा ने कहा कि करियर में तरक्की और अच्छी सैलरी जरूरी है। लेकिन इसके साथ निजी जिंदगी, समय और सुकून का संतुलन बनाए रखना भी उतना ही अहम है।

मोहित ने क्या कहा


मोहित तलरेजा के मुताबिक, नौकरीपेशा लोगों के लिए हर महीने 1.5 लाख से 2 लाख रुपये की कमाई हासिल करना आर्थिक तौर पर एक बड़ी उपलब्धि हो सकती है। उन्होंने कहा कि इस सैलरी तक पहुंचने की कोई तय उम्र नहीं है। तलरेजा ने कहा, “भारत में हर महीने 1.5 लाख से 2 लाख रुपये कमाना आपका लक्ष्य होना चाहिए। आप किस उम्र में इस मुकाम तक पहुंचते हैं, यह पूरी तरह आप पर निर्भर करता है। लेकिन अगर आप किसी बड़े शहर में काम कर रहे हैं, तो इतनी कमाई एक अच्छे परिवार की जरूरतें पूरी करने और आरामदायक जिंदगी जीने के लिए काफी है।”

सिर्फ पैसे के पीछे ना भागे

उन्होंने कहा, “आप जितनी ज्यादा सैलरी के पीछे भागते हैं, उतना ही ऊपर जाने की कोशिश करते हैं। जितना आगे बढ़ना चाहते हैं, उतने ही ज्यादा समझौते करने पड़ते हैं और इस दौरान जिंदगी के कई दूसरे जरूरी पहलू पीछे छूट सकते हैं।” मोहित तलरेजा के मुताबिक नौकरीपेशा लोगों को अपने लिए एक ऐसी कमाई का लक्ष्य तय करना चाहिए, जिससे उनकी जरूरतें और इच्छाएं आसानी से पूरी हो सकें।

 

उन्होंने आगे कहा, “इसलिए आपका लक्ष्य होना चाहिए कि आप जितनी जल्दी हो सके उस तय सैलरी स्तर को पार कर लें। इसके बाद अपने करियर को सामान्य गति से आगे बढ़ने दें और जिंदगी के दूसरे जरूरी पहलुओं, जैसे सेहत, परिवार और नई चीजें सीखने पर भी ध्यान दें।”

सैलरी के पीछे नहीं भागना चाहिए

उनके मुताबिक, सफलता का मतलब सिर्फ ज्यादा पैसे कमाना नहीं है, बल्कि काम और परिवार के बीच सही तालमेल बनाकर संतुष्ट और बेहतर जिंदगी जीना भी है। तलरेजा ने लगातार बढ़ती सैलरी के पीछे भागने के नुकसान पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, “सिर्फ पैसे कमाने के लिए अपना समय लगातार बेचते रहना, हर बार ज्यादा सैलरी की चाह में भागते रहना और किसी दूसरे को अमीर बनाने के लिए लगातार काम करना आपको लंबे समय में असली संतुष्टि नहीं दे पाएगा।” इसके बजाय, उन्होंने लोगों को अपनी नौकरी के साथ-साथ खुद के विकास के लिए भी समय निकालने की सलाह दी। उनका कहना है कि इस समय का इस्तेमाल नई स्किल सीखने या कमाई का अपना कोई अलग जरिया बनाने में किया जा सकता है।

नए स्किल सीखने पर दें ध्यान

उन्होंने कहा, “आपको असली संतुष्टि तब मिलेगी, जब आप अपनी नौकरी को सामान्य तरीके से आगे बढ़ने दें और साथ ही खुद कुछ नया सीखें या अपने दम पर कमाई का कोई जरिया तैयार करें। इससे आपको कहीं ज्यादा संतुष्टि मिलेगी। बहुत ज्यादा सैलरी के पीछे भागना एक जाल हो सकता है, इसलिए अपनी सीमा आपको खुद तय करनी चाहिए।” तलरेजा का ये पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

(डिस्क्लेमर: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर यूज़र द्वारा शेयर किए गए कंटेंट पर आधारित है। मनीकंट्रोल इन दावों की न तो स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है और न ही इनका समर्थन करता है।)

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।