कुछ सपने बचपन में ही हमारे साथ चल पड़ते हैं। हिमाचल प्रदेश की 25 वर्षीय नेहा ठाकुर की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। बचपन में वह अपने पिता को ट्रक चलाते देखती थीं और कई बार उसी ट्रक से स्कूल भी जाती थीं। शायद तभी उनके मन में सड़क, पहाड़ और ट्रक की दुनिया से एक रिश्ता बन गया था। समय के साथ नेहा ने करियर का दूसरा रास्ता चुना। उन्होंने एयर होस्टेस बनने की ट्रेनिंग ली और कुछ समय के लिए लगा कि उनका भविष्य आसमान में होगा। लेकिन जिंदगी ने उन्हें वापस उन्हीं पहाड़ी सड़कों पर ला खड़ा किया, जहां उनका बचपन बीता था।
एयर होस्टेस की ट्रेनिंग के बाद चुना ट्रक का स्टेयरिंग
ग्रेजुएशन के बाद नेहा चंडीगढ़ गईं और एयर होस्टेस बनने की ट्रेनिंग ली। लेकिन बाद में वह मंडी लौट आईं और अपने बचपन के उस जुड़ाव को करियर में बदलने का फैसला किया। 22 साल की उम्र में उन्होंने ट्रक चलाना शुरू किया। आज वह हिमाचल प्रदेश की पहली महिला ट्रक व्लॉगर के तौर पर अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं।
सुबह ट्रक स्टार्ट होता है, साथ में कैमरा भी
नेहा के लिए ट्रक चलाना सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है। वह अपनी यात्राओं को कैमरे में रिकॉर्ड करती हैं और सोशल मीडिया पर शेयर करती हैं। उनके वीडियो में पहाड़ों की घुमावदार सड़कें, बारिश, धुंध, ट्रक का सफर, सामान की लोडिंग और अनलोडिंग सब कुछ देखने को मिलता है। उनका मानना है कि उन्हें वायरल होने के लिए अलग से कोई ट्रेंड तलाशने की जरूरत नहीं पड़ती। उनकी अपनी जिंदगी ही उनके लिए कंटेंट है।
'ट्रक क्यों? क्यों नहीं?'
नेहा से अक्सर पूछा जाता है कि उन्होंने ट्रक ड्राइविंग जैसा पेशा ही क्यों चुना। उनका जवाब बेहद सीधा है “ट्रक क्यों नहीं?” उनका कहना है कि उन्होंने बचपन से ट्रक ड्राइवरों को लेकर लोगों के अलग-अलग रवैये देखे हैं। कई बार ड्राइवरों के बारे में गलत धारणाएं भी बनाई जाती हैं। नेहा अब अपने काम के जरिए इसी सोच को बदलना चाहती हैं।
नेहा की कहानी में सबसे खास बात उनका अपने पिता से जुड़ाव है। जिस काम को उन्होंने बचपन में अपने पिता को करते देखा, वही काम आज उन्होंने खुद अपना लिया है। फर्क सिर्फ इतना है कि अब वह ड्राइविंग सीट पर बैठकर सिर्फ सामान नहीं पहुंचातीं, बल्कि अपने सफर की कहानी भी हजारों लोगों तक पहुंचाती हैं।
पहाड़ों से निकली कहानी, सोशल मीडिया तक पहुंची
नेहा की कहानी को सोशल मीडिया पर भी लोगों का प्यार मिल रहा है। कई यूजर्स ने उनकी हिम्मत और अपने पसंद के काम को करियर बनाने के फैसले की तारीफ की है। एक यूजर ने उन्हें महिलाओं को अपने डर से आगे बढ़ने की प्रेरणा बताया, जबकि दूसरे ने उनके सफर को मजबूत और प्रेरणादायक बताया। नेहा की कहानी शायद इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने करियर की एक तय तस्वीर को छोड़कर वही रास्ता चुना, जिससे उनका बचपन जुड़ा था।