Annabelle Doll : अमेरिकी सेना के पूर्व सैनिक और पैरानॉर्मल इन्वेस्टिगेटर 54 वर्षीय डैन रिवेरा की हाल ही में पेंसिल्वेनिया के गेटिसबर्ग स्थित एक होटल में रहस्यमयी मौत हो गई। बताया गया है कि ये घटना उस समय हुई जब उनके "डेविल्स ऑन द रन" नामक हॉरर टूर के सारे टिकट बिक चुके थे। बता दें कि इस टूर में एक डरावनी और श्रापित कही जाने वाली एनाबेले नाम की गुड़िया भी शामिल थी।
पैरानॉर्मल इन्वेस्टिगेटर डैन रिवेरा की मौत
एडम्स काउंटी के कोरोनर फ्रांसिस डुट्रो के मुताबिक, जब रविवार रात को इमरजेंसी टीम रिवेरा के होटल रूम में पहुंची, तो उन्हें रिवेरा मृत हालत में मिले, लेकिन उस वक्त कमरे से चर्चित एनाबेले गुड़िया गायब थी। फिलहाल उनकी मौत की असली वजह सामने नहीं आई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार किया जा रहा है।
इस सीरीज से मिली थी पहचान
डैन रिवेरा को पैरानॉर्मल दुनिया में खास पहचान तब मिली जब उन्होंने ट्रैवल चैनल के "मोस्ट हॉन्टेड प्लेसेस" में बतौर इन्वेस्टिगेटर का काम किया। इसके अलावा वह नेटफ्लिक्स की सीरीज़ "28 डेज़ हॉन्टेड" समेत कई प्रोजेक्ट्स के निर्माता भी रहे। अपने काम के सिलसिले में वे न्यू इंग्लैंड सोसाइटी फॉर साइकिक रिसर्च के साथ अमेरिका भर में घूमे, जिसे एड और लोरेन वॉरेन ने 1952 में शुरू किया था। इस संस्था की खास बात यह थी कि इसमें रैग्डी एन डॉल जैसी डरावनी चीजों की प्रदर्शनी भी होती थी।
होटल के कमरे से गायब हुई एनाबेल
1970 में कनेक्टिकट की एक नर्सिंग स्टूडेंट डोना को एक गुड़िया मिली थी, जिसे बाद में एनाबले कहा गया। इस गुड़िया से जुड़ी कई अजीब घटनाएं सामने आईं। मशहूर पैरानॉर्मल एक्सपर्ट एड और लोरेन वॉरेन का कहना था कि यह गुड़िया अपने आप हिलती थी, लोगों का पीछा करती थी और घर में डरावना माहौल बना देती थी। उनका मानना था कि इसमें किसी बुरी आत्मा का असर था। वॉरेन कपल, जिनकी कहानियों पर "द कॉन्ज्यूरिंग" जैसी फिल्में बनीं, उन्होंने बताया था कि एनाबेले नाम की गुड़िया पर किसी भूत-प्रेत का असर था। उनका दावा था कि इस गुड़िया ने एक बार एक पुलिस वाले पर हमला किया और एक पुजारी की कार एक्सीडेंट की वजह भी बनी। बाद में इस खतरनाक गुड़िया को उन्होंने अपने कनेक्टिकट स्थित म्यूज़ियम में सुरक्षित रख दिया।
एनाबेल को लेकर कई कहानियां
एक साइको एक्सपर्ट का मानना था कि उस रहस्यमय गुड़िया में एक छोटी बच्ची की आत्मा मौजूद है। इसी कारण कुछ लोग डैन रिवेरा की अचानक हुई मौत को उस गुड़िया से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि पुलिस की जांच में ऐसी कोई असामान्य बात सामने नहीं आई है। दूसरी ओर, न्यू इंग्लैंड सोसाइटी फॉर साइकिक रिसर्च ने साफ किया है कि वे अपने पैरानॉर्मल कार्यक्रमों को डैन की याद में आगे भी जारी रखेंगे। वहीं प्रोग्राम के आयोजकों का कहना है कि डैन रिवेरा हमेशा लोगों को जोड़ने, अपनी जानकारी बांटने और एड-लोरेन वॉरेन की याद को ज़िंदा रखने में विश्वास रखते थे। इसलिए अब भी उनकी सोच और भावना को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे बढ़ाया जाएगा।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।