VIDEO: 'मुझे नरेंद्र नाम से नफरत हो गई है...'; पाकिस्तानी बॉक्सर की रोचक कहानी सुन PM मोदी ने खूब लगाए ठहाके, वीडियो वायरल

PM Modi Pakistan VIDEO: भारतीय बॉक्सर नरेंद्र बेरवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सोमवार (10 अगस्त) को खूब हंसाया। उन्होंने 2015 के वर्ल्ड मिलिट्री गेम्स में अपनी फाइट के बाद एक पाकिस्तानी प्रतिद्वंद्वी के साथ हुई मजेदार बातचीत का जिक्र किया। बेरवाल ने ग्लासगो में 2014 कॉमनवेल्थ गेम्स में पुरुषों की 90+ किग्रा कैटेगरी में सिल्वर मेडल जीता था

अपडेटेड Aug 10, 2026 पर 2:18 PM
PM Modi Pakistan VIDEO: कॉमनवेल्थ गेम्स के विजेताओं से पीएम नरेंद्र मोदी ने सोमवार को मुलाकात की

PM Modi Pakistan VIDEO: खेल के मैदान में सिर्फ दो देशों के बीच कड़े मुकाबले ही देखने को नहीं मिलेत। बल्कि खेल के मैदान से ऐसी कहानियां भी सामने लाते हैं जिन्हें दशकों तक याद रखा जाता है। ऐसी ही एक कहानी सोमवार (10 अगस्त) को भारतीय बॉक्सर नरेंद्र बेरवाल ने सुनाई, जो कॉमनवेल्थ गेम्स से सिल्वर मेडल जीतकर लौटे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर हुए सम्मान समारोह के दौरान बेरवाल ने 2015 की एक घटना का जिक्र किया, जब उन्होंने वर्ल्ड मिलिट्री गेम्स में पाकिस्तान के एक बॉक्सर का मुकाबला किया था।

इस दौरान बेरवाल की पाकिस्तानी बॉक्सर के साथ मजेदार बातचीत हुई। इस बातचीत का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। बता दें कि सालों से भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक रिश्ते दशकों से तनावपूर्ण रहे हैं। कहानी सुनाते हुए बेरवाल ने बताया कि कैसे भारतीय सेना ने उन्हें चेतावनी दी थी कि वे अपने प्रतिद्वंद्वी से हारें नहीं, क्योंकि दोनों देशों के बीच सीमा पर तनाव चल रहा था।

पाकिस्तानी कहानी सुन गदगद हुए पीएम मोदी


नरेंद्र बेरवाल ने पीएम मोदी को बताया, "चूंकि हम पाकिस्तान के बारे में बात कर रहे थे, तो मुझे एक कहानी याद आ गई है सर। यह 2015 के वर्ल्ड मिलिट्री गेम्स की बात है। मेरा पहला मुकाबला पाकिस्तान के एक बॉक्सर के साथ होना था। क्योंकि यह मिलिट्री गेम्स थे, इसलिए मुझे अधिकारियों के फोन आए और कहा गया, 'तुम्हें पाकिस्तान से हारना नहीं है।'"

बेरवाल ने पाक के खिलाफ मुकाबला तो जीत लिया। लेकिन दोनों बॉक्सरों के चेहरे पर चोटें आईं, जिसके कारण उन्हें एक साथ अस्पताल जाना पड़ा। भारतीय बॉक्सर ने आगे कहा, "मैंने पहला राउंड 4-1 से और दूसरा राउंड 3-2 से जीता, लेकिन हम दोनों को चोटें आईं। मैंने लड़ाई जीती, और उसके बाद हम दोनों टांके लगवाने के लिए अस्पताल गए।"

बेरवाल ने आगे बताया, "2014 में आप (PM मोदी की ओर इशारा करते हुए) पहली बार प्रधानमंत्री बने थे। हमारे साथ जो आर्मी कोच थे, उनका नाम नरेंद्र राणा था...। पाकिस्तानी बॉक्सर ने थोड़ी देर सोचा और फिर मुझसे कहा, 'भाई, क्या मैं कुछ कह सकता हूं?' मैंने कहा, 'हां, बताओ...।'"

पाकिस्तानी मुक्केबाज ने भारतीय बॉक्सर ने कहा, "आपका नाम नरेंद्र है, आपके कोच का नाम नरेंद्र है, आपके प्रधानमंत्री का नाम नरेंद्र है... मुझे नरेंद्र नाम से नफरत हो गई है।" इतना सुनते ही पीएम मोदी ठहाके लगाकर हंसने लगे। अपने आवास पर पीएम मोदी ने कई एथलीटों के साथ मजेदार बातचीत की। इस दौरान भारत की खेल यात्रा को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में उनके योगदान की सराहना की।

लवलीना की सराहना की, मीराबाई को लड्डू खिलाया

PM मोदी ने राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के साथ मुलाकात के दौरान ग्लास्गो के एक रेस्तरां में भारत के गलत मैप पर आपत्ति जताने पर मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन की सराहना की। प्रधानमंत्री ने रविवार को हुई इस बातचीत के दौरान पदक विजेताओं से खेलों की तैयारी और ग्लास्गो में उनके अनुभवों के बारे में सुना। इस दौरान भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने पिछले चार वर्षों के अपने संघर्ष के बारे में भी पीएम मोदी को बताया।

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोमवार को इसका लगभग 10 मिनट का वीडियो जारी किया। इस अवसर पर खेल मंत्री मनसुख मांडविया, खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे और भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पी टी उषा भी उपस्थित थीं। PM मोदी ने 75 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीतने वाली लवलीना से पूछा, "क्या हुआ वो रेस्टोरेंट वाले से झगड़ा कर रही थी?"

'हमने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया...'

असम की मुक्केबाज ने हंसते हुए जवाब दिया, "हमने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। यह खेलों का आखिरी दिन था। यह खुशी का अवसर था। हम जश्न मना रहे थे और मुझे देश का गलत मैप देखना अच्छा नहीं लगा। मैंने विनम्रतापूर्वक उन्हें बताया और उन्होंने बदलाव भी कर दिया।"

PM मोदी ने उनकी सराहना करते हुए कहा कि यह समझदारी भरा काम था। खासकर ऐसे समय में जब वह अपनी जीत का जश्न मना रही थीं। भारत ने इन खेलों में 39 पदक जीते हैं। इनमें 13 स्वर्ण पदक शामिल हैं। भारत ने सात गोल्ड पदक मुक्केबाजी में जीते।

प्रधानमंत्री ने टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता से कहा, "खेलों के समापन और जश्न के माहौल में उस नक्शे के महत्व को पहचान पाना। मैं आपको सच बता सकता हूं, वह वीडियो साधारण नहीं था। लोग उसे लंबे समय तक याद रखेंगे।"

ग्लास्गो में 48 किलोग्राम वर्ग में 190 किलोग्राम का रिकॉर्ड भार उठाकर स्वर्ण पदक जीतने वाली भारोत्तोलक मीराबाई चानू से प्रधानमंत्री ने बातचीत में पोडियम पर उनके भावुक होने के बारे में पूछा। बातचीत के दौरान उन्होंने मीराबाई को लड्डू भी खिलाया। मीराबाई ने कहा कि यह उन भावनाओं को बाहर निकालने का पल था जिन्हें वह पिछले चार वर्षों से अपने अंदर दबाए हुए थीं।

'आंसू टपक रहे थे...'

भावुक लेकिन मुस्कुराती हुई मीराबाई ने जवाब दिया, "मैं उस क्षण बहुत खुश और भावुक थी। मैं इसलिए रो रही थी क्योंकि पेरिस ओलंपिक में मैं एक किलोग्राम से पदक से चूक गई थी। पिछले चार वर्षों में मैंने बहुत कुछ झेला है। मैं चोटों और कुछ पारिवारिक समस्याओं से भी जूझ रही थी।"

उन्होंने अपनी चोटोंं और पारिवारिक समस्याओं के बारे में विस्तार से बताए बिना कहा, "‘कई सारी बातें थीं। ये चार साल मेरे लिए बहुत कठिन रहे। इसलिए जब मैं पोडियम पर खड़ी हुई । हमारा ध्वज फहराया गया और राष्ट्रगान बजा, तो मैं आंसू नहीं रोक पाई।" इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों के प्रयासों की सराहना की और उन्हें प्रेरणास्रोत बताया।

ये भी पढ़ें- Electric Air Taxi: 2028 तक खत्म हो जाएगा ट्रैफिक जाम का झंझट! भारत के आसमान में उड़ेंगी इलेक्ट्रिक एयर टैक्सी और कारें, जानें सभी डिटेल्स

PM मोदी ने मुक्केबाज जादुमणि सिंह (55 किलोग्राम) की भी तारीफ की, जिन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान 26 जुलाई को पाकिस्तान के मुक्केबाज को हराया था। 26 जुलाई को 1999 के कारगिल युद्ध में पाकिस्तान पर भारत की विजय की याद में विजय दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।