बचपन का Pokémon शौक बना करोड़ों की कमाई का जरिया, कॉलेज छोड़कर खड़ा किया ₹74 करोड़ का बिजनेस

बचपन का शौक कब करियर और करोड़ों के बिजनेस में बदल जाए, कहा नहीं जा सकता। मियामी के Andres Fernandez ने Pokémon कार्ड्स के जुनून को ही अपना काम बना लिया। 20 साल की उम्र में कॉलेज छोड़कर शुरू किया कारोबार आज करोड़ों रुपये की बिक्री कर रहा है। उनकी कहानी जोखिम, मेहनत और अलग सोच की मिसाल है

अपडेटेड Aug 31, 2026 पर 10:12 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Fernandez का मानना है कि बिजनेस बनाना किताबों से ज्यादा वास्तविक अनुभव से सीखा जाता है।

क्या बचपन में किया गया कोई शौक करोड़ों की कमाई वाला बिजनेस बन सकता है? अमेरिका के मियामी में रहने वाले Andres Fernandez की कहानी इसका दिलचस्प उदाहरण है। Pokémon कार्ड्स के प्रति उनका जुनून धीरे-धीरे इतना बढ़ा कि उन्होंने कॉलेज तक छोड़ दिया और इसी शौक को अपना फुल-टाइम बिजनेस बना लिया। Fernandez आज MintlyCollects के फाउंडर और CEO हैं। उनकी कंपनी Whatnot नाम के लाइव-सेलिंग प्लेटफॉर्म पर Pokémon कार्ड बेचती है।

कंपनी के दो अकाउंट्स हैं, जिन्हें मिलाकर करीब 5 लाख लोग फॉलो करते हैं। Business Insider की रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 में कंपनी ने करीब 7.8 मिलियन डॉलर यानी लगभग 74.4 करोड़ रुपये की बिक्री की।

सिर्फ 5 डॉलर के पैकेट ने बदल दी सोच


Fernandez का Pokémon से रिश्ता नया नहीं था। वह 10 साल की उम्र से Pokémon वीडियो गेम खेलते थे, लेकिन कार्ड्स इकट्ठा करने का शौक एक छोटी-सी घटना के बाद शुरू हुआ। उन्होंने अपने छोटे कजिन के जन्मदिन पर Pokémon कार्ड्स का सिर्फ 5 डॉलर का पैक खरीदा। जब कजिन ने पैक खोला तो उसमें से 100 डॉलर की कीमत वाला कार्ड निकला। एक छोटे से पैक से इतना महंगा कार्ड निकलना Fernandez के लिए हैरान करने वाला अनुभव था। यहीं से उनकी कार्ड कलेक्ट करने में दिलचस्पी बढ़ गई।

नौकरी से लेकर Instagram Live तक

उस समय Fernandez एक क्रोकेटा बार में सिर्फ 10 डॉलर प्रति घंटे की नौकरी करते थे। कार्ड्स पर उनका खर्च बढ़ने लगा तो उन्होंने इससे जुड़ा कंटेंट बनाना शुरू किया। धीरे-धीरे उनके अकाउंट पर करीब 30 हजार फॉलोअर्स हो गए। इसके बाद उन्होंने Instagram Live पर Pokémon कार्ड्स बेचना शुरू किया। साल 2020 के आखिर में वह Whatnot से जुड़े और यहीं से उनके बिजनेस को नई दिशा मिली।

एक सेमेस्टर बाद ही छोड़ दिया कॉलेज

Fernandez की मां चाहती थीं कि वह बिजनेस की पढ़ाई करें, इसलिए उन्होंने कॉलेज में दाखिला लिया। लेकिन सिर्फ एक सेमेस्टर के बाद उन्हें लगा कि यह रास्ता उनके लिए सही नहीं है। 20 साल की उम्र में उन्होंने कॉलेज छोड़ने का फैसला किया और पूरा समय Pokémon कार्ड्स के बिजनेस को देने लगे।

शुरुआती दिनों में वह अकेले ही लगभग हर काम संभालते थे। लाइव स्ट्रीमिंग से लेकर ऑर्डर पैक करने और उन्हें शिप करने तक की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। पहले ढाई साल तक उन्होंने खुद के लिए कोई सैलरी भी नहीं ली।

$1.5 लाख का बड़ा जोखिम

बिजनेस बढ़ने के साथ Fernandez को समझ आया कि अकेले सब कुछ संभालना मुश्किल है। खुद को 'कंट्रोल फ्रीक' बताने वाले Fernandez ने एक बड़ा जोखिम लेते हुए करीब 1.5 लाख डॉलर का पहला बड़ा sealed-product निवेश किया। इस निवेश के बाद उन्हें महसूस हुआ कि बिजनेस को आगे बढ़ाने के लिए एक टीम की जरूरत है। उन्होंने दोस्तों और परिवार के लोगों को साथ जोड़ना शुरू किया और उन्हें मुनाफे में कमीशन देने का तरीका अपनाया।

आज परिवार और दोस्तों की बनी पूरी टीम

समय के साथ MintlyCollects सिर्फ Fernandez का बिजनेस नहीं रहा। उनकी गर्लफ्रेंड, उनके भाई, गर्लफ्रेंड की दोस्त और उसके बॉयफ्रेंड, गर्लफ्रेंड का कजिन और उनका बचपन का दोस्त भी कंपनी के साथ काम करने लगे। आज कंपनी में करीब 10 स्ट्रीमर हैं। एक अकाउंट पर रोजाना 20 घंटे से ज्यादा और दूसरे पर करीब 15 घंटे तक लाइव स्ट्रीमिंग हो सकती है। दोनों अकाउंट एक साथ चलते हैं।

Fernandez के मुताबिक, 2024 में कंपनी ने 3.7 मिलियन डॉलर की बिक्री की थी, जो 2025 में बढ़कर 7.8 मिलियन डॉलर हो गई। उनका अनुमान है कि 2026 में कंपनी की बिक्री 10 से 11 मिलियन डॉलर से ज्यादा हो सकती है।

सफलता का मतलब सिर्फ कॉलेज की डिग्री नहीं

Fernandez का मानना है कि बिजनेस बनाना किताबों से ज्यादा वास्तविक अनुभव से सीखा जाता है। उनका कहना है कि सिर्फ आरामदायक और तय रास्ते पर चलना ही सफलता की गारंटी नहीं देता। युवाओं को इंटर्नशिप और नौकरी जैसे अनुभवों से सीखना चाहिए।

उनकी कहानी का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि उन्होंने अपने बचपन के शौक को गंभीरता से लिया और उसे बिजनेस में बदलने की कोशिश की। Fernandez का कहना है कि अगर उनका मौजूदा बिजनेस कभी असफल भी हो जाए, तो वह फिर से कुछ नया शुरू करने का रास्ता खोज लेंगे।

Nepal Floods: मौत के मुंह से खींच लाई 'चाय की तलब'! नेपाल की तबाही से बचकर लौटे रायपुर के 5 दोस्त, ऐसे टाली मौत

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।