नई दिल्ली। दुबई में रहने वाले पंजाब के 53 साल के कुलवंत सिंह की किस्मत चमक गई है। अबू धाबी के बिग टिकट ड्रॉ में उन्होंने 5 लाख दिरहम यानी करीब 1.3 करोड़ रुपये का इनाम जीता है। कुलवंत पिछले 18 साल से दुबई में रहकर काम कर रहे हैं। उनकी इस जीत की खबर सामने आने के बाद उनके टिकट खरीदने के तरीके को लेकर काफी बातें हो रही है।
दोस्तों के साथ हर महीने खरीदते थे टिकट
कुलवंत सिंह को ऑनलाइन वीडियो से बिग टिकट के बारे में पता चला था। इसके बाद उन्होंने अपने दोस्तों के साथ मिलकर टिकट खरीदना शुरू किया। उनके दोस्तों का यह ग्रुप करीब दो साल से हर महीने टिकट खरीद रहा था।
इस बार भी कुलवंत ने बिना कुछ सोचे एक टिकट चुना था। लेकिन इस बार उन्हें अंदाजा नहीं था कि इस बार उन्हें इतनी बड़ी रकम मिल जाएगी। इस जीत का पता चलने के बाद वह बहुत ही खुश है।
जीती हुई रकम से करेंगे अपने और घरवालों के सपने पूरे
कुलवंत सिंह इनाम की रकम से अपने परिवार की मदद करना चाहते हैं और इन पैसों को वह अपने घर में लगाना चाहते हैं। घर से दूर रहकर काम कर रहे कुलवंत अब इस पैसे से अपने परिवार की मदद कर सकेंगे।
इसी ड्रॉ में केरल के 30 साल के इंजीनियर मुहम्मद इजास सी ने भी 1 लाख दिरहम यानी करीब 26 लाख रुपये जीते। उन्होंने टिकट का नंबर अपने बेटे की जन्म-तारीख और जन्म-साल को मिलाकर चुना था। वह कहते है कि यह जीत उनके लिए बेहद खास थी, क्योंकि टिकट का नंबर उनके बेटे से जुड़ा हुआ था।
बिग टिकट की सीरीज 291 में पांच भारतीय प्रवासियों को कुल 19.5 लाख दिरहम के सांत्वना पुरस्कार मिले। इस तरह कुलवंत सिंह और मुहम्मद इजास के अलावा तीन अन्य भारतीयों ने भी इनाम जीते।