एक बुजुर्ग पड़ोसी की हार्ट सर्जरी पर करीब 40 लाख रुपये खर्च होने की बात ने एक शख्स को अपनी रिटायरमेंट प्लानिंग पर दोबारा सोचने पर मजबूर कर दिया। अब तक उसे लगता था कि उसने भविष्य के लिए पर्याप्त तैयारी कर ली है, लेकिन इस घटना ने उसे अचानक आने वाले मेडिकल खर्च की चिंता से रूबरू करा दिया। उम्र बढ़ने के साथ इलाज और दवाइयों का खर्च कितना बढ़ सकता है, इसका अंदाजा इस मामले से लगा। सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर रिटायरमेंट के बाद अचानक लाखों रुपये के इलाज की जरूरत पड़ जाए, तो क्या हमारी बचत उसका बोझ उठा पाएगी?
80 की उम्र में आई बड़ी मेडिकल जरूरत
शख्स ने Reddit पर बताया कि उसके पड़ोसी की उम्र 80 साल से ज्यादा है और उन्हें हार्ट सर्जरी की जरूरत पड़ी। डॉक्टरों ने इलाज के दो विकल्प बताए थे। पहला पारंपरिक ओपन-हार्ट सर्जरी का था, जिसमें जोखिम ज्यादा था। दूसरा कम इनवेसिव और अपेक्षाकृत सुरक्षित विकल्प था, लेकिन इसकी कीमत काफी ज्यादा थी। उम्र को देखते हुए उनके लिए दूसरा विकल्प चुना गया। पड़ोसी का बेटा विदेश में रहता है और आर्थिक रूप से मदद करने की स्थिति में था, इसलिए महंगा इलाज संभव हो पाया।
40 लाख का खर्च देखकर हिल गई अपनी प्लानिंग
इस घटना ने उस व्यक्ति को सबसे ज्यादा इसलिए परेशान किया क्योंकि 40 लाख रुपये उसके अनुमानित सालाना खर्च से करीब दोगुना था। उसने सोचा कि अगर रिटायरमेंट के बाद अचानक इतना बड़ा मेडिकल बिल आ जाए, तो क्या उसकी बचत उसका सामना कर पाएगी? उसके मुताबिक, उसने अब तक अपनी रिटायरमेंट की तैयारी को काफी हद तक व्यवस्थित समझा था, लेकिन इस घटना ने उसे एक नया नजरिया दिया।
क्या सिर्फ सेविंग्स काफी हैं?
इस चर्चा में एक बड़ा सवाल यह उठा कि बुढ़ापे में मेडिकल खर्च के लिए कितनी रकम अलग रखनी चाहिए। कई लोगों ने सुझाव दिया कि रिटायरमेंट फंड के अलावा हेल्थ इंश्योरेंस और अलग मेडिकल इमरजेंसी फंड रखना भी जरूरी हो सकता है। कुछ यूजर्स ने बड़ी हेल्थ इंश्योरेंस कवर की जरूरत पर जोर दिया, जबकि कुछ ने मेडिकल खर्च के लिए अलग से बड़ी रकम बचाने की बात कही।
Reddit पर चर्चा के दौरान एक यूजर ने सुझाव दिया कि उम्र बढ़ने के साथ पर्याप्त हेल्थ कवर होना चाहिए। दूसरे ने कहा कि मेडिकल जरूरतों के लिए अलग फंड बनाना समझदारी हो सकती है, ताकि अचानक आने वाला बड़ा खर्च रोजमर्रा की रिटायरमेंट जरूरतों को प्रभावित न करे। वहीं, कुछ लोगों ने इलाज के खर्च को कम करने के लिए अच्छी सेहत बनाए रखने और नियमित शारीरिक गतिविधि पर भी जोर दिया।
रिटायरमेंट प्लानिंग का एक और पहलू सामने आया
इस पूरी चर्चा ने ये सवाल जरूर खड़ा किया कि रिटायरमेंट की तैयारी केवल घर चलाने, यात्रा या रोजमर्रा के खर्च तक सीमित नहीं होनी चाहिए। उम्र बढ़ने के साथ स्वास्थ्य संबंधी जरूरतें भी बढ़ सकती हैं और उनका खर्च काफी बड़ा हो सकता है।
(डिस्क्लेमर: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर यूज़र द्वारा शेयर किए गए कंटेंट पर आधारित है। मनीकंट्रोल इन दावों की न तो स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है और न ही इनका समर्थन करता है।)