हिमाचल (Himachal) की वादियों में ठंड अपने चरम पर है, लेकिन रोहतांग पास में एक छोटी सी दुकान ने गर्मा-गर्म मैगी और चाय के दम पर बड़ी कमाई का जरिया बना लिया है। हिमाचल के रोहतांग पास एक छोटी सी दुकान चलाने वाला दुकानदार इन दिनों खूब चर्चा में है। यहां मैगी और चाय बेचकर वो रोज के 14 हजार रुपये तक कमा लेता है।
Moneycontrol की रिपोर्ट के अनुसार जहां हर साल हजारों टूरिस्ट आते हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि यहां मैगी और चाय की डिमांड सबसे ज्यादा रहती है, क्योंकि ठंड में गरम-गरम खाने की चाहत हर किसी को होती है। कम लागत में ज्यादा कमाई वाला ये देसी जुगाड़ लोगों को खूब भा रहा है।
बताया जा रहा है कि रोहतांग पास में उसकी दुकान पर मैगी की एक प्लेट 100 रुपये की बिकती है। एक दिन में 60 से 70 प्लेट मैगी आराम से बिक जाती है। साथ ही दिन भर में करीब 200 कप चाय भी बिकती है। अभी वहां घूमने का सीजन भी नहीं है, फिर भी दुकान पर लोग आते-जाते रहते हैं। इसी वजह से कम टूरिस्ट होने के बाद भी उसकी कमाई कम नहीं हुई है।
वायरल वीडियो पर यूजर्स ने लुटाया प्यार
जब से इस दुकान की कमाई की बात सामने आई है, सोशल मीडिया पर लोग खूब बातें कर रहे हैं। कई लोग कह रहे हैं कि कोई भी काम छोटा नहीं होता, सही जगह और मेहनत से छोटी दुकान भी मोटा पैसा कमा सकती है।
वहीं कुछ लोगों ने इसके पीछे की मुश्किलों के बारे में भी बताया। उनका कहना है कि इतनी ऊंचाई पर दुकान का सामान ले जाना बहुत मुश्किल काम है। ऊपर से ट्रांसपोर्ट का खर्चा, खराब मौसम में दुकान संभालना आसान नहीं है।
इतनी महंगी मैगी क्यों बिक रही है?
कई लोगों को लग सकता है कि 100 रुपये में मैगी महंगी है, लेकिन रोहतांग जैसी जगह पर सामान पहुंचाने का खर्च भी तो ज्यादा लगता है। वहां दुकान चलाना मैदानी इलाके जैसा नहीं है।
इससे एक बात साफ है कि बिजनेस को बड़ा बनाने के लिए बड़ी दुकान नहीं, बल्कि सही सोच और कड़ी मेहनत चाहिए। रोहतांग के इस दुकानदार ने दिखा दिया है कि अगर लोकेशन और मेहनत दोनों सही मिल जाएं तो छोटी सी मैगी की दुकान भी लाखों का बिजनेस बन सकती है।