ट्रैविस हेड के प्रोमो एड पर क्यों मचा बवाल? Uber के खिलाफ कोर्ट पहुंची RCB, IPL फैंस बोले- बच्चों की तरह रोते क्यों हो
58 सेकंड के इस एड में बल्लेबाज उबर मोटो पर चलते हुए कहता है, "मैं ट्रैविस हेड हूं और हम हैदराबादी हैं!" इसके बाद ये वीडियो रिवाइन होता है, जिसमें दिखाया जाता है कि हेड और उनके साथ एक और किरदार वेश बदल कर रात को बेंगलुरु के प्रतिष्ठित एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में घुस जाते हैं
MoneyControl News
अपडेटेड Apr 18, 2025 पर 1:56 PM
ट्रैविस हेड के प्रोमो एड पर मचा बवाल! Uber के खिलाफ कोर्ट पहुंची RCB, IPL फैंस बोले- बच्चों की तरह रोते क्यों हो
क्रिकेट और मजाक साथ-साथ चलते हैं, लेकिन IPL की एक फ्रैंचाइज रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) को शायद यह बात समझ में नहीं आई। उबर, एक राइड-हेलिंग कंपनी, ने हाल ही में अपनी बाइक-टैक्सी सर्विस को बढ़ावा देने के लिए हैदराबाद और इंडियन प्रीमियर लीग पर बेस्ड शॉर्ट एडवर्टाइजमेंट की एक सीरीज के लिए विस्फोटक ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ट्रैविस हेड के साथ पार्टनरशिप की है। हेड सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) टीम के लिए खेलते हैं।
58 सेकंड के इस एड में बल्लेबाज उबर मोटो पर चलते हुए कहता है, "मैं ट्रैविस हेड हूं और हम हैदराबादी हैं!" इसके बाद ये वीडियो रिवाइन होता है, जिसमें दिखाया जाता है कि हेड और उनके साथ एक और किरदार वेश बदल कर रात को बेंगलुरु के प्रतिष्ठित एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में घुस जाते हैं।
स्टेडियम के अंदर जाने के बाद, SRH बल्लेबाज को स्प्रे पेंट से “बेंगलुरु Vs हैदराबाद” लिखे साइनेज के साथ छेड़छाड़ करते हुए देखा गया। तभी सिक्योरिटी गार्ड उनको पकड़ने के लिए दौड़ता है, लेकिन हेड उबर मोटरसाइकिल पर भाग जाते हैं।
यहा तक तो सब ठीक था, लेकिन RCB को यह विज्ञापन पसंद नहीं आया। अब सवाल उठता क्यों?
RCB ने दर्ज कराया मुकदमा
RCB के मालिक रॉयल चैलेंजर्स स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने दिल्ली हाईकोर्ट में मुकदमा दायर किया है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि उबर का विज्ञापन जिसका टाइटल "Baddies in Bengaluru" है, उनके ट्रेडमार्क का उल्लंघन करता है। प्रोमो विज्ञापन में साइनेज पर हेड ने फ्रैंचाइज के नाम को "रॉयली चैलेंज्ड बैंगलोर" कर दिया है।
फ्रैंचाइजी की कानूनी टीम ने जस्टिस सौरभ बनर्जी के सामने तर्क दिया, “ई साला कप नामदे” (इस साल, कप हमारा है) – RCB का लोकप्रिय नारा भी वायरल हो रहे इस विज्ञापन में स्टेडियम की दीवार पर दिखाई देता है – इसका दुरुपयोग उनकी ब्रांड पहचान को कम करने के लिए किया गया है। RCB के वकील ने अदालत को बताया कि विज्ञापन फ्रैंचाइजी की ब्रांड पहचान का “मजाक” उड़ाने का एक लक्षित प्रयास था।
उबर ने अपने जवाब में अपने विज्ञापन का बचाव करते हुए इसे "हल्का-फुल्का प्रचार अभियान" बताया। राइड-हाइलिंग कंपनी ने तर्क दिया कि उन्होंने किसी भी ट्रेडमार्क का उल्लंघन नहीं किया है और RCB से कहा कि वे मुकदमा करने के बजाय मजाक का मुकाबला मजाक से करें।
उबर के वकील ने कहा, "RCB ने भारतीय जनता के सेंस ऑफ ह्यूमर को बहुत कम करके आंका है, जिसमें उनके अपने फैंस भी शामिल हैं।"
कोई सेंस ऑफ ह्यूमर नहीं?
IPL फैंस इस मुकदमे से हैरान हैं। X पर एक यूजर ने लिखा, "RCB के पास दानिश साल्ट है, जिसने सुनील गावस्कर या दूसरी टीमों या यहां तक कि खिलाड़ियों पर कटाक्ष किया है, उन्होंने खुद ही बिग बास्केट के स्पोंसर CSK पर जितेश की टिप्पणी पर एक वीडियो पोस्ट किया। वे कहते हैं- "अगर आप मजाक सहन नहीं कर सकते हैं, कीजिए भी मत", लेकिन हर बार जब दूसरे कुछ करते हैं, तो रोते हैं।"
इसने लिखा, "हम हर दिन नए निचले स्तर पर पहुंच रहे हैं... इसी फ्रेंचाइजी ने सचमुच एक कॉमेडियन को काम पर रखा है, जो हर संभावित खिलाड़ी/फ्रेंचाइजी पर कटाक्ष करता रहता है... फिर बच्चों की तरह खुद रोते हैं।"
IPL फैंस ने ट्रैविस हेड की इस एड प्रोमो पर कई मजेदार कॉमेंट और रिएक्शन भी दिए।
Youtube पर एक यूजर ने लिखा, "मैं इसे ही रचनात्मक विज्ञापन कहता हूं!" एक यूजर ने लिखा, "उबर की मार्केटिंग टॉप पर है, वे जानते हैं कि किसे चिढ़ाना है।"
एक और यूजर ने लिखा, "यह विज्ञापन बड़ा ही मजेदार है। यहां तक कि RCB फैंस के लिए भी।" जबकि एक ने लिखा, "आजकल, कंपनियों ने भी RCB को ट्रोल करना शुरू कर दिया है।"