गांधी परिवार और बच्चन परिवार की दोस्ती की कहानियां अभी से नहीं बल्कि बहुत पुरानी हैं। एक वक्त था जब दोनों परिवार एक-दूसरे के घर आना-जाना करते थे। अब सोनिया गांधी ने अपनी नई किताब 'Belonging – A Journey of Love' में उसी दौर का एक ऐसा किस्सा सुनाया है, जिसे पढ़कर हंसी आ जाएगी। किस्सा है राजीव गांधी की शरारत का, जो उन्होंने अपने दोस्त अमिताभ बच्चन के लिए एयरपोर्ट पर की थी।
News18 की रिपोर्ट के अनुसार, सोनिया गांधी ने अपनी किताब में इस किस्से को बेहद प्यारे अंदाज में याद किया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि यह घटना उस दौर की है जब दोनों परिवारों के बीच कोई राजनीतिक दूरी नहीं थी, बल्कि एक घर जैसा रिश्ता था।
बेसुरा बैंड और फूलों की भारी माला लेकर पहुंचे थे राजीव
सोनिया ने किताब में लिखा है, उस वक्त अमिताभ बच्चन फिल्मों में अपना नाम बनाने की कोशिश कर रहे थे। एक बार वो दिल्ली लौट रहे थे। राजीव ने सोचा, क्यों न दोस्त का स्वागत थोड़ा अलग अंदाज में किया जाए। बस फिर क्या था, राजीव ने एयरपोर्ट पर एक लोकल ब्रास बैंड बुला लिया। बैंड ऐसा था कि उसकी धुन सुनकर कान बंद करने का मन करे, पूरी तरह बेसुरी। साथ में गेंदे के फूलों की बहुत बड़ी-बड़ी और भारी मालाएं भी मंगवा लीं।
जैसे ही अमिताभ अराइवल गेट से बाहर निकले, सामने राजीव खड़े थे और पीछे बेसुरी धुन बजाता बैंड। फिर फूलों की भारी-भरकम मालाएं उनके गले में डाल दी गईं। । अमिताभ ने भी ऐसा स्वागत कभी सोचा नहीं होगा। राजीव की इस मजाक ने उनकी वापसी को हमेशा के लिए यादगार बना दिया।
जब न राजीव नेता थे, न अमिताभ सुपरस्टार
सोनिया के मुताबिक, ये वो समय था जब राजीव राजनीति में नहीं आए थे और अमिताभ भी सुपरस्टार नहीं बने थे। दोनों परिवार दिल्ली में एक-दूसरे के बेहद करीब थे। राजीव और अमिताभ की दोस्ती में खूब हंसी-मजाक चलता था। एयरपोर्ट वाला ये किस्सा उसी बेफिक्र दोस्ती की झलक दिखाता है।
सोनिया को सास-ससुर जैसा प्यार देते थे हरिवंश राय और तेजी बच्चन
किताब में सोनिया ने अमिताभ के माता-पिता को भी याद किया है। उन्होंने लिखा है कि शादी के बाद जब वो भारत आईं और यहां के माहौल में ढलने की कोशिश कर रही थीं, तब हरिवंश राय बच्चन और तेजी बच्चन ने उन्हें बहुत अपनापन दिया।
दोनों ने उनका मार्गदर्शन किया और बिल्कुल परिवार के सदस्य की तरह प्यार दिया। सोनिया के लिए ये रिश्ता सिर्फ जान-पहचान वाला नहीं था, इसमें मां-बाप जैसा स्नेह था।
किताब में छिपी हैं ऐसी ही कई पुरानी यादें
'Belonging – A Journey of Love' में सोनिया ने अपनी जिंदगी की कई पुरानी यादें लिखी हैं। राजीव से पहली मुलाकात से लेकर भारत में शुरुआती दिनों तक के किस्से इसमें हैं।
अमिताभ वाला ये किस्सा भी उन्हीं यादों में से एक है, जो बताता है कि कभी दोनों परिवार कितने करीब थे। राजनीति और बड़ी-बड़ी घटनाओं से अलग, ये किस्सा राजीव गांधी के हंसमुख और मजाकिया अंदाज को सामने लाता है।