UP Crime News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कैसरबाग के खंदारी बाजार में रहने वाली कलयुगी मां रोशनी खान नाम की एक महिला ने अपनी छह साल की बेटी की गला घोंटकर निर्मम हत्या कर दी। उसने अपने प्रेमी उदित जायसवाल की मदद से सोना की हत्या की। पुलिस का कहना है कि आरोपी महिला अपने पति शाहरुख खान को इस हत्या के आरोप में फंसाकर जेल भिजवाना चाहती थी। रोशनी खान अपने प्रेमी उदित जायसवाल के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। उसने अपने पति शाहरुख से विवाद के बाद ये हत्या की।
लखनऊ पुलिस ने रोशनी और उदित को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल, दोनों से पूछताछ की जा रही है। 'अमर उजाला' के अनुसार, इस हत्याकांड का खुलासा तब हुआ जब रोशनी ने सोमवार तड़के करीब 3 बजे डायल 112 पर एक कॉल किया। इसमें उसने आरोप लगाया कि उसके पति शाहरुख ने अपनी बेटी की हत्या कर दी है। इसकी खबर मिलते ही लखनऊ पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद अधिकारियों ने जांच शुरू की। रोशनी की शिकायत पर शाहरुख के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।
शव की हालत देखकर पुलिस को मामले में शक हुआ। क्योंकि महिला के कमरे से तेज बदबू आ रही थी। इतना ही नहीं, बेटी की लाश में कीड़े पड़ चुके थे। इससे पता चलता है कि हत्या हाल ही में नहीं हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बाद में पुष्टि हुई कि सोना की हत्या कॉल करने से कम से कम 36 घंटे पहले की गई थी।
पश्चिम पुलिस उपायुक्त विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि जांच से पता चला है कि रोशनी पिछले दो साल से अपने प्रेमी उदित के साथ लिव-इन रिलेशनशिप रह रही थी। शाहरुख सोमवार रात अपनी बेटी से मिलने आया था। इस दौरान रोशनी से तीखी बहस के बाद वह घर से चला गया। पुलिस ने जब उसकी लोकेशन ट्रैक की तो रोशनी के बयानों में विरोधाभास पाया।
बाद में उदित को भी पुलिस थाने लाया गया। रोशनी पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन पूछताछ के दौरान उदित ने सच उगल दिया। उसने कबूल किया कि उन्होंने रविवार को सोना की हत्या की थी। हैरानी की बात यह है कि हत्या के बाद रोशनी और उदित एक ही घर में रहे। उन्होंने बच्ची के शव के सामने पार्टी भी की।
बाद में रोशनी ने भी स्वीकार किया कि उसने अपने पति शाहरुख को फंसाने के लिए प्रेमी के साथ मिलकर अपनी बेटी की हत्या की थी। सोना की गर्दन, नाक, मुंह और छाती पर चोट के निशान पाए गए। आगे की जांच के लिए उसका विसरा सुरक्षित रखा गया है।
ससुरालवालों की भिजवा चुकी है जेल
इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि रोशनी और उदित दोनों पुलिस कस्टडी में हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। सबूतों के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शुरुआती जांच में पता चला कि रोशनी ने पहले भी अपने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए थे। उसने उन्हें जेल भिजवा दिया था। आरोप है कि रोशनी ने अपने पति शाहरुख का फ्लैट हड़पने के लिए उसके और उसके परिवार के खिलाफ मारपीट समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कराया था।
उसने अपने देवर सलमान, सास परवीन और ननद रुखसार एवं रूमी के खिलाफ अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराईं। महिला उन सभी को जेल भिजवाने में कामयाब रही। बाद में मई में रोशनी ने कथित तौर पर शाहरुख की पिटाई की और उसे उसके ही घर से निकाल दिया। अधिकारियों ने बताया कि अभी मामले की गहन जांच जारी है। इसमें कई और खुलासे होने की उम्मीद है। इस घटना ने राजधानी को झकझोर कर रख दिया है।