Stray Dog Row: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के कवि नगर इलाके में एक तेजतर्रार महिला दारोगा की रविवार (17 अगस्त) को देर रात कार की चपेट में आने से मौत हो गई। महिला सब-इंस्पेक्टर एक आवारा कुत्ते को बचाने की कोशिश में अपने दोपहिया वाहन से गिर गईं। वह ड्यूटी करके बुलेट से अपने कमरे पर लौट रही थीं। इस दौरान अचानक से उनके सामने एक कुत्ता आ गया, जिससे वह बैलेंस खो बैठीं। बुलेट कुत्ते से टकरा गई और दरोगा सड़क पर गिर गई। तभी पीछे से आ रही कार ने उन्हें कुचल दिया। वह गाजियाबाद के महिंद्रा एन्क्लेव में किराए के मकान में रहती थीं।
कवि नगर थाने में सचान की पहली तैनाती थीं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कवि नगर थाने की शास्त्री नगर चौकी में तैनात 25 वर्षीय दारोगा ऋचा सचान 17/18 अगस्त की दरमियानी रात करीब दो बजे अपनी ड्यूटी खत्म करके मोटरसाइकिल से घर लौट रही थीं। रास्ते में उनकी गाड़ी एक कुत्ते से टकरा गई जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया। फिर वह सड़क पर गिर गईं। इसी बीच पीछे से आ रही एक कार ने उन्हें कुचल दिया।
कवि नगर के सहायक पुलिस आयुक्त भास्कर वर्मा ने न्यूज एजेंसी पीटीआई कोबताया कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने हादसे में गंभीर रूप से घायल दारोगा को पास के ही अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कानपुर की मूल निवासी ऋचा 2023 में दारोगा के पद पर भर्ती हुई थीं। वह शास्त्री नगर चौकी का कार्यभार संभाल रही थीं। वह संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा की तैयारी भी कर रही थीं। वर्मा ने बताया कि गाजियाबाद पुलिस लाइन में दारोगा को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।
यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब आवारा कुत्तों को पकड़ने और उन्हें शेल्टर होम में भेजने संबंधी सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ पशु प्रेमी कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने कहा है कि वे सुप्रीम कोर्ट से आवारा कुत्तों को शेल्टर होम में भेजने के अपने आदेश को वापस लेने की मांग पर अड़े रहेंगे।
जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस आर महादेवन की पीठ ने कहा था कि पूरी समस्या स्थानीय निकायों की निष्क्रियता के कारण उत्पन्न हुई है। हालांकि, शीर्ष अदालत ने अपने 11 अगस्त के दिशा-निर्देशों के कुछ हिस्सों पर रोक लगाने के अनुरोध वाली याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया है।
कुत्तों के हमलों में दो बच्चे घायल
इस बीच, राजस्थान में आवारा कुत्तों के हमले में दो बच्चों के घायल होने की अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस ने बताया कि उदयपुर में रविवार शाम पांच साल के एक बच्चे पर आवारा कुत्तों ने उस समय हमला कर दिया जब वह घर के पास खेल रहा था। सीसीटीवी फुटेज में आवारा कुत्ते बच्चे को जमीन पर पटकते और घसीटते हुए दिख रहे हैं। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां दौड़ी और कुत्तों को भगाकर उसे बचाया।
स्थानीय लोगों ने शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों पर चिंता व्यक्त की है। करीब दो महीने पहले भी इसी तरह की एक घटना में उदयपुर की एक अन्य आवासीय कॉलोनी में आवारा कुत्तों ने आठ साल के बच्चे पर हमला किया था। वहीं, अलवर जिले में भी सोमवार को आवारा कुत्तों ने आठ साल के योगेश पर हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि बच्चे की गर्दन, चेहरा, पीठ, कूल्हे, जांघ, हाथ, पैर और पेट सहित लगभग पूरे शरीर पर कई गहरे घाव हो गए हैं।