ट्रेन में रात के करीब 2 बजे जब यात्री सो रहे थे, तभी एक महिला खुद को TTE बताकर टिकट जांचने पहुंच गई। उसने यात्रियों को जगाकर टिकट दिखाने को कहा और एक यात्री का टिकट बनाने के नाम पर बैग से सादा कागज निकाल लिया। जब यात्रियों को शक हुआ और उन्होंने महिला से पहचान पत्र दिखाने को कहा, तो उसने इनकार कर दिया। इसके बाद वह वहां से निकलने की कोशिश करने लगी। यह मामला महाराष्ट्र से बिहार जा रही एक ट्रेन का बताया जा रहा है।
कोरे कागज पर ही काट दिया टिकट
News18 के अनुसार, यह घटना तब सामने आई जब Nitu नाम की एक X यूजर ने सोशल मीडिया पर महिला की तस्वीरें साझा करते हुए पूरा मामला बताया। पोस्ट के मुताबिक, महिला रात करीब 2 बजे ट्रेन में पहुंची और खुद को TTE बताकर यात्रियों के टिकट जांचने लगी।
इस दौरान उसकी मुलाकात एक ऐसे यात्री से हुई, जिसके पास टिकट नहीं था। एक अन्य यात्री भी अपना टिकट दिखाने में हिचकिचा रहा था। महिला ने उससे कहा कि उसका टिकट बनाना पड़ेगा। इसके बाद उसने बैग से एक सादा कागज निकाला और यात्री का नाम पूछकर उस पर कुछ लिखने लगी।
ID कार्ड मांगने पर करने लगी आनाकानी
महिला की हरकतों से यात्रियों को शक होने लगा। बताया गया कि उसने TTE की यूनिफॉर्म भी नहीं पहनी थी। ऐसे में एक यात्री ने उससे पहचान पत्र दिखाने को कहा, ताकि यह पुष्टि हो सके कि वह रेलवे की अधिकृत कर्मचारी है। हालांकि, महिला ने ID कार्ड दिखाने से इनकार कर दिया। उसने कहा कि वह अपना पहचान पत्र केवल रेलवे के किसी अधिकारी को ही दिखाएगी। जब यात्री ने उससे लगातार सवाल किए, तो वह घबराने लगी और वहां से जाने की कोशिश करने लगी।
यात्री पर ही लगाया परेशान करने का आरोप
सोशल मीडिया पोस्ट के मुताबिक, जब एक यात्री ने उसे रोकने की कोशिश की, तो महिला ने उल्टा उसी पर परेशान करने का आरोप लगा दिया। इसके बाद वह मास्क पहनकर भीड़ में गायब हो गई। इस घटना के सामने आने के बाद यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेन में टिकट जांच की व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे। सोशल मीडिया पर लोगों ने पूछा कि अगर महिला फर्जी TTE बनकर यात्रियों से पैसे वसूलने की कोशिश कर रही थी, तो ट्रेन में उसकी पहचान समय रहते क्यों नहीं हो पाई।
रेलवे ने कहा - मामले की जांच होगी
मामला सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद रेलवे अधिकारियों ने भी प्रतिक्रिया दी। अधिकारियों ने संबंधित यात्री से ट्रेन नंबर, PNR नंबर, मोबाइल नंबर और घटना की तारीख व समय जैसी पूरी जानकारी साझा करने को कहा है। रेलवे ने आश्वासन दिया कि जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच कर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।