फ्लाइट अटेंडेंट की नौकरी करना कई लोगों का सपना होता है। इस काम में अलग-अलग जगहों पर घूमने और नए लोगों से मिलने का मौका मिलता है। लेकिन 12 साल तक एविएशन सेक्टर में काम करने के बाद एक महिला ने नौकरी छोड़कर अपने लिए एक नई राह चुनने का फैसला किया। महिला अपनी फ्लाइट अटेंडेंट की नौकरी छोड़कर परिवार के काम में हाथ बंटाने का फैसला किया। वहीं वह इस काम से अब हर दिन करीब 14 लाख रुपये कमा रही है। आइए जानते हैं इसके बारे में
मां का बिजनेस संभालने लौटी घर
Vietnam.vn की रिपोर्ट के अनुसार, जियाओ चेन ने फ्लाइट अटेंडेंट की नौकरी छोड़कर अपने होमटाउन लौटने का फैसला किया। अब वह केकड़े (Crabs) बेचने का काम करती हैं और अपना समय केकड़े चुनने, ग्राहकों के ऑर्डर पैक करने और उनकी डिलीवरी की व्यवस्था संभालने में बिताती हैं। चेन ने नौकरी छोड़कर परिवार के काम में हाथ बंटाने का फैसला किया। रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी मां का केकड़े बेचने का कारोबार पहले से अच्छा चल रहा था, लेकिन काम बढ़ने के साथ उसे संभालने के लिए मदद की जरूरत महसूस हुई। ऐसे में चेन चीन के झेजियांग प्रांत के तटीय शहर निंगबो वापस लौट आईं और मां के बिजनेस को संभालने में जुट गईं।
एक दिन में हुई 14.45 लाख की बिक्री
रिपोर्ट्स के अनुसार, त्योहार के दिनों में चेन के परिवार के कारोबार ने हर दिन 1 लाख युआन यानी करीब 14.45 लाख रुपये से ज्यादा की बिक्री की। हालांकि, बढ़ती मांग के बीच उनके सामने अच्छी क्वालिटी के हरे केकड़ों की पर्याप्त सप्लाई जुटाने की चुनौती भी खड़ी हो गई। इसी वजह से चेन ने तय किया कि, वह जरूरत से ज्यादा ऑर्डर नहीं लेंगी, ताकि ग्राहकों को खराब क्वालिटी का सामान न भेजना पड़े। सप्लाई कम होने पर उन्होंने बिक्री घटाने का फैसला किया, जिससे प्रोडक्ट की गुणवत्ता बनी रहे।
फ्लाइट अटेंडेंट की नौकरी छोड़ने के बाद चेन ने परिवार के केकड़े के कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया। वह छोटे-छोटे वीडियो बनाकर केकड़ों को चुनने, पैक करने और ग्राहकों तक भेजने की पूरी प्रक्रिया दिखाती हैं। उनके वीडियो में उनकी नई जिंदगी भी नजर आती है, जहां वह यूनिफॉर्म की जगह अब तालाब के पास काम करती और केकड़ों को संभालती दिखती हैं। यात्रियों से बातचीत करने का उनका पुराना अनुभव अब ग्राहकों से जुड़ने में मदद कर रहा है। सोशल मीडिया पर उनके वीडियो लोगों को पसंद आ रहे हैं और कुछ लोग इन्हें देखकर ऑनलाइन ऑर्डर भी कर रहे हैं।
मिड-ऑटम फेस्टिवल में बढ़े ऑर्डर
ऑनलाइन वीडियो और सोशल मीडिया की मदद से चेन के परिवार का कारोबार अब स्थानीय ग्राहकों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि दूसरे इलाकों से भी लोग उनके प्रोडक्ट के बारे में जानने लगे हैं। पारंपरिक तरीके से बिक्री करने के साथ-साथ वह इंटरनेट पर केकड़ों की जानकारी और वीडियो शेयर कर ज्यादा ग्राहकों तक पहुंच बना रही हैं। मिड-ऑटम फेस्टिवल के दौरान केकड़ों की मांग बढ़ने से कारोबार में ऑर्डर भी काफी बढ़ गए। इस दौरान चेन और उनकी टीम को पहले के मुकाबले ज्यादा काम संभालना पड़ा।