Nepal Flash Flood: नेपाली विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने गुरुवार (27 अगस्त) को कहा कि नेपाल-तिब्बत सीमा के कुछ हिस्सों में अचानक आई बाढ़ के कारण लापता हुए हजारों लोगों में लगभग 300 भारतीय पर्यटक भी शामिल हैं। बुधवार (26 अगस्त) को आई अचानक बाढ़ से नेपाल के तीन जिलों में भारी तबाही मची है। नेपाल के विदेश मंत्री खनाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि बाढ़ में लापता हुए हजारों लोगों में लगभग 300 भारतीय शामिल हैं। खनाल ने यह भी पुष्टि की है कि रसुवा क्षेत्र में आई इस त्रासदी के बाद 160 लोगों की मौत हुई है। जबकि हजारों लोग अब भी लापता हैं।
NDTV ने खनाल के हवाले से कहा, "हजारों परिवार अपना घर खो चुके हैं और कई लोग अब भी लापता हैं। हम अब तक आपदा के पूरे असर का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।" नेपाल पुलिस ने गुरुवार को बताया कि बुधवार को भोटे कोशी नदी में आई अचानक बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 162 हो गई है। बाढ़ के कारण तीन जिलों में भारी तबाही मची है।
भोटेकोशी की सहायक नदी 'ल्हेंदे' का बहाव एक हिमस्खलन के कारण रुक गया जिससे अचानक बाढ़ आ गई। इस बाढ़ ने सबसे पहले चीन के साथ नेपाल की सीमा पर स्थित रसुवागढ़ी के पास ‘तिमुरे’ इलाके को अपनी चपेट में लिया। बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार लापता हुए लगभग 500 लोगों में कम से कम 133 भारतीय और 37 अनिवासी भारतीय (एनआरआई) शामिल हैं। लापता भारतीयों में से कम से कम 50 लोग कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए तीर्थयात्री थे।
बुधवार को काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास ने अचानक आई बाढ़ से प्रभावित भारतीय नागरिकों की मदद और जानकारी के लिए आपातकालीन नंबर जारी किए। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में बताया कि लोग +977 985 131 6807 या +977 970 910 7500 नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
एक अन्य पोस्ट में दूतावास ने कहा कि वह नेपाल में आई बाढ़ से प्रभावित भारतीय नागरिकों के जल्द बचाव और राहत कार्यों के लिए नेपाल सरकार के संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है। साथ ही नेपाल सरकार के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्यों को और मजबूत किया जा रहा है।
नेपाल पर्यटन बोर्ड ने भी मदद के लिए कुछ नंबर जारी किए हैं, जिनमें टोल-फ्री आपातकालीन नंबर 1234, हॉटलाइन नंबर 1144 और पर्यटन पुलिस का नंबर 9851289445 शामिल हैं। बीजिंग में भारतीय दूतावास ने भी एक हेल्पलाइन नंबर 0086 185 1428 4905 जारी किया है, जिस पर व्हाट्सऐप के माध्यम से संपर्क किया जा सकता है।
टोटल 826 से अधिक लोग लापता
नेपाल ने गुरुवार को कहा कि देश में बुधवार को अचानक आई भीषण बाढ़ में 165 लोगों की मौत हो गई। जबकि करीब 580 पर्यटकों समेत 800 से अधिक लोग लापता हैं। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) ने एक बयान में कहा कि बुधवार 26 अगस्त को नेपाल-तिब्बत सीमा के कुछ हिस्सों में बाढ़ आने के बाद से 826 लोग लापता हैं।
एनडीआरआरएमए के आंकड़ों के अनुसार, लापता लोगों में सुरक्षा बलों के 85 जवान, विभिन्न जलविद्युत परियोजनाओं और सीमा शुल्क कार्यालयों में काम करने वाले 162 कर्मचारी तथा 579 पर्यटक शामिल हैं। चीन की सरकारी न्यूज एजेंसी ‘शिन्हुआ’ ने गुरुवार को बताया कि चीन के तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र में भी तीन लोगों की मौत हुई है। जबकि 588 लोग लापता हैं।