Bangkok: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के पास एक मार्केट में सोमवार को एक व्यक्ति ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस घटना में छह लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में हमलावर भी शामिल है, जिसने खुद को गोली मार ली। रिपोर्टों के अनुसार, यह घटना शहर के चाटुचक जिले में स्थित ओर टोर कोर (Or Tor Kor) मार्केट में हुई। अधिकारियों ने बताया कि हमलावर ने गोलीबारी के बाद अपनी जान ले ली। पुलिस उसकी पहचान करने के साथ-साथ थाईलैंड और कंबोडिया के बीच चल रहे सीमा संघर्षों से किसी भी संभावित संबंध की जांच कर रही है।
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो में कथित तौर पर शूटर को मौके पर देखा गया है, जिसमें एक व्यक्ति हाथ में बंदूक लिए घूमता दिख रहा है। एक अन्य कथित वीडियो में बैंकॉक में गोलीबारी की घटना के बाद मार्केट में अफरा-तफरी का माहौल दिखाया गया है।
थाईलैंड-कंबोडिया में चल रहा सीमा विवाद
यह घटना थाईलैंड और कंबोडिया के बीच चल रहे सीमा विवाद के बीच हुई है। रविवार को दोनों देशों ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मध्यस्थता प्रयासों के बाद संघर्ष को समाप्त करने के लिए बातचीत के संकेत दिए। इस लड़ाई में अब तक करीब 33 लोग मारे गए हैं और 168,000 से अधिक विस्थापित हुए हैं।
ट्रंप ने शनिवार को ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया था कि उन्होंने थाईलैंड और कंबोडिया के नेताओं से बात की है और सुझाव दिया कि यदि शत्रुता जारी रहती है तो वह दोनों देशों के साथ व्यापार समझौतों को आगे नहीं बढ़ाएंगे। उन्होंने बाद में कहा कि दोनों पक्ष युद्धविराम पर बातचीत के लिए मिलने को सहमत हुए हैं।