'एक भारतीय और एक पाकिस्तानी...'; शहबाज शरीफ के सामने अपनी पत्नी को लेकर ऐसा क्या बोले जेडी वेंस? वीडियो हुआ वायरल

JD Vance Jokes: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और अपनी भारतीय मूल की पत्नी उषा वेंस को लेकर दिलचस्प टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि तब मैं मजाक में कहता हूं की मेरे जीवन में दो अहम लोग हैं जो भारत और पाकिस्तान से हैं। भारत से मेरी पत्नी हैं और पाकिस्तान में फ़ील्ड मार्शल मुनीर हैं

अपडेटेड Jun 22, 2026 पर 7:39 AM
JD Vance Jokes: शहबाज शरीफ के सामने अपनी पत्नी को लेकर जेडी वेंस ने ये बयान दिया

JD Vance Jokes: स्विट्जरलैंड में ईरान के साथ हुई हाई-लेवल बातचीत के दौरान अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने अपने पसंदीदा भारतीय और पाकिस्तानी लोगों के बारे में मजाकिया अंदाज में दिलचस्प टिप्पणी देकर एक नई चर्चा छेड़ दी है। बातचीत के बाद पत्रकारों से बात करते हुए वेंस ने मजाक-मजाक में अपनी पसंदीदा भारतीय और पाकिस्तानी हस्तियों के नाम बताए। इसमें उन्होंने अपनी पत्नी उषा वेंस और पाकिस्तान के आर्मी चीफ़ आसिम मुनीर का जिक्र किया। जब उन्होंने यह बयान दिया तो उस वक्त पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और मुनीर वहीं मौजूद थे।

जेडी वैंस ने अपने तरीके से भारत और पाकिस्तान को एक समान दिखाने की कोशिश की। उन्होंने कहा, "जब से फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने इस्लामाबाद में (पाकिस्तानी) प्रधानमंत्री के साथ हमारा स्वागत किया है, तब से मैं मजाक में कहता रहा हूं कि मेरी जिंदगी में दो बहुत-बहुत अहम लोग हैं। एक भारतीय और एक पाकिस्तानी...। भारतीय मेरी पत्नी हैं और पाकिस्तानी फील्ड मार्शल मुनीर हैं...।"

उन्होंने ये बातें पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ और कतर के प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री शेख़ मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान बिन जसीम अल थानी की मौजूदगी में कहीं। इसके बाद वेंस ने मुनीर की तारीफ करते हुए कहा कि पिछले तीन महीनों में उन्होंने पाकिस्तानी सेना प्रमुख से लगभग किसी भी अन्य व्यक्ति की तुलना में ज्यादा बात की है।


मुनीर की करने लगे तारीफ

उन्होंने आगे कहा, "पिछले तीन महीनों में मैंने शायद किसी और के मुकाबले मुनीर से ज्यादा बात की है। उनकी समझदारी और मिलिट्री लीडरशिप के बिना हम आज यहां नहीं होते। उन्होंने खुद को एक बेहतरीन डिप्लोमैट साबित किया है।"

आसिम मुनीर की तारीफ करने से कुछ दिन पहले ही वेंस ने मजाक में कहा था कि पाकिस्तान में प्रेस की आजादी नहीं है। उन्होंने यह बात तब कही थी जब वे समझा रहे थे कि वॉशिंगटन ने ईरान शांति समझौते की शर्तें जारी करने में देरी क्यों की।

वेंस अपनी पत्नी का करते रहते हैं जिक्र

वेंस अक्सर उषा वेंस के साथ अपनी 12 साल पुरानी इंटर-फेथ (अलग-अलग धर्मों के बीच) शादी के किस्से सुनाते रहे हैं। उषा के माता-पिता आंध्र प्रदेश से अमेरिका आकर बसे थे। हाल ही में एक पॉडकास्ट में उन्होंने बताया कि जब उन्होंने अपनी मां को पहली बार उषा की भारतीय विरासत के बारे में बताया, तो उनकी मां का क्या रिएक्शन था।

वेंस के मुताबिक, जब उन्होंने अपनी मां को बताया कि उषा भारतीय हैं, तो उनकी मां ने पूछा, "कौन सा कबीला (ट्राइब)?" वेंस ने कहा कि यह सवाल उनके परिवार की अलग-अलग संस्कृतियों के बारे में सीमित जानकारी को दिखाता है, न कि उषा की बैकग्राउंड का मजाक उड़ाने या उसे कमतर दिखाने की कोशिश को।

वेंस और उषा पहली बार 2010 में येल यूनिवर्सिटी के लॉ स्कूल में पढ़ाई के दौरान मिले थे। चार साल बाद कपल ने अलग-अलग धर्मों के रीति-रिवाजों वाली शादी की, जिसमें पारंपरिक हिंदू रस्में भी शामिल थीं। इस कपल के तीन बच्चे हैं। फिलहाल वे चौथे बच्चे के माता-पिता बनने वाले हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।