John Ternus: टिम कुक के बाद Apple के नए CEO बनने जा रहे जॉन टर्नस कौन हैं?

Apple New CEO: टर्नस पिछले 25 सालों से Apple के साथ हैं और 2021 से हार्डवेयर इंजीनियरिंग विभाग का नेतृत्व कर रहे हैं। iPhone, iPad और Mac जैसे प्रमुख प्रोडक्ट्स के डेवलपमेंट में टर्नस की बड़ी भूमिका रही है

अपडेटेड Apr 21, 2026 पर 7:40 AM
Story continues below Advertisement
पिछले 15 सालों से Apple की कमान संभाल रहे टिम कुक अब 'एग्जीक्यूटिव चेयरमैन' की भूमिका में नजर आएंगे

John Ternus: दुनिया की सबसे मूल्यवान टेक कंपनी Apple ने एक ऐतिहासिक बदलाव की घोषणा की है। हार्डवेयर इंजीनियरिंग के प्रमुख जॉन टर्नस को कंपनी का अगला सीईओ (CEO) नियुक्त किया गया है। वहीं, पिछले 15 सालों से Apple की कमान संभाल रहे टिम कुक अब 'एग्जीक्यूटिव चेयरमैन' की भूमिका में नजर आएंगे। लंबे समय से नया CEO चुनने की प्रक्रिया पर आखिरकार अब मुहर लग गई है।

50 वर्षीय जॉन टर्नस 1 सितंबर 2026 को आधिकारिक तौर पर Apple के CEO का पदभार संभालेंगे। टर्नस पिछले 25 सालों से Apple के साथ हैं और 2021 से हार्डवेयर इंजीनियरिंग विभाग का नेतृत्व कर रहे हैं। iPhone, iPad और Mac जैसे प्रमुख प्रोडक्ट्स के डेवलपमेंट में टर्नस की बड़ी भूमिका रही है। टिम कुक ने उन्हें एक 'विजनरी' नेतृत्वकर्ता बताया है।

इंजीनियरिंग के उस्ताद से Apple के शिखर तक


जॉन टर्नस 2001 में Apple की प्रोडक्ट डिजाइन टीम से जुड़े और अपनी काबिलियत के दम पर 2013 में वाइस प्रेसिडेंट और 2021 में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट बने। उनके नेतृत्व में Apple ने iPhone, Mac और Apple Watch की कई सफल पीढ़ियां पेश की हैं। टर्नस ने ही Mac को उसके 40 साल के इतिहास में सबसे लोकप्रिय और शक्तिशाली बनाया, जिसमें हालिया लॉन्च MacBook Neo जैसा जबरदस्त लैपटॉप शामिल है। इतना ही नहीं, उन्होंने AirPods को सिर्फ हेडफोन से बदलकर एक 'हियरिंग हेल्थ सिस्टम' बना दिया, जो अब ओवर-द-काउंटर हियरिंग एड के रूप में भी काम कर सकता है। उनके विजन ने पिछले साल iPhone 17 Pro और दुनिया के सबसे पतले iPhone Air जैसे प्रोडक्ट्स को हकीकत बनाया।

प्रोडक्ट्स को डिजाइन करने के साथ-साथ टर्नस ने Apple के गैजेट्स को 'मजबूत और टिकाऊ' बनाने पर सबसे ज्यादा जोर दिया है। उन्होंने हार्डवेयर डिजाइन में ऐसे इनोवेशन किए जिससे पर्यावरण पर असर कम हो सके, जिसमें रीसायकल किए गए एल्यूमीनियम का इस्तेमाल और Apple Watch Ultra 3 में 3-D प्रिंटेड टाइटेनियम का प्रयोग शामिल है। टर्नस के नेतृत्व में ही Apple ने रिपेयरबिलिटी के क्षेत्र में बड़े सुधार किए, जिससे अब Apple प्रोडक्ट्स को ठीक करना पहले से आसान हो गया है और उनकी लाइफस्पैन बढ़ गई है।

Apple टीम में बड़े फेरबदल

टर्नस के CEO बनने के बाद Apple की लीडरशिप टीम में भी महत्वपूर्ण बदलाव हुए हैं:

जॉनी श्रीउजी (Johny Srouji): इन्हें नया 'चीफ हार्डवेयर ऑफिसर' बनाया गया है। अब वे हार्डवेयर इंजीनियरिंग और हार्डवेयर टेक्नोलॉजी, दोनों ग्रुप्स की निगरानी करेंगे।

टॉम मैरिब (Tom Marieb): टर्नस की जगह टॉम मैरिब हार्डवेयर इंजीनियरिंग डिवीजन की जिम्मेदारी संभालेंगे और श्रीउजी को रिपोर्ट करेंगे।

ग्लोबल डिप्लोमेसी के नए मिशन पर रहेंगे टिम कुक

65 वर्षीय टिम कुक अब कंपनी के ऑपरेशन्स से थोड़ा हटकर वैश्विक स्तर पर नीति-निर्माताओं के साथ संबंधों पर ध्यान केंद्रित करेंगे। कुक पहले से ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ कंपनी के संबंधों को संभाल रहे हैं। चेयरमैन के रूप में वे दुनियाभर की सरकारों के साथ कूटनीतिक और रणनीतिक काम देखेंगे। लंबे समय तक चेयरमैन रहे आर्ट लेविंसन अब 'लीड डायरेक्टर' की भूमिका में होंगे।

टिम कुक का 15 साल का शानदार सफर

जब कुक इस साल अपना पद छोड़ेंगे, तब तक बतौर CEO उनका कार्यकाल 15 साल का हो चुका होगा। उनके नेतृत्व में Apple ने अविश्वसनीय उपलब्धियां हासिल कीं। उन्होंने Apple को एक इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी से बदलकर दुनिया के सबसे बड़े वैश्विक कॉर्पोरेशन में से एक बना दिया। उनके समय में Apple Watch, AirPods, Apple Music और Apple TV+ जैसी नई और सफल कैटेगरीज लॉन्च हुईं। वैसे उनके कार्यकाल में Apple Vision Pro और सेल्फ-ड्राइविंग कार जैसे कुछ प्रोजेक्ट्स उम्मीद के मुताबिक सफल नहीं रहे, जिन पर कंपनी ने एक दशक तक काम किया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।