इसका नाम सुनकर आपको भारत की बीजेपी याद आ सकती है, लेकिन यहां बात भारत की नहीं, बल्कि बांग्लादेश की है। बांग्लादेश के 13वें आम चुनाव में बांग्लादेश जातीय पार्टी (BJP) ने एक सीट जीती। यह सीट भोला-1 से अंदलीव रहमान पार्थो ने हासिल की। चुनाव आयोग की ओर से 297 सीटों के नतीजे घोषित किए गए। इनमें बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) और उसके सहयोगियों को कुल 212 सीटें मिलीं। अकेले BNP ने 209 सीटों पर जीत दर्ज की।
BNP के सहयोगियों में गोनोसाम्हति आंदोलन, बांग्लादेश जातिया पार्टी (BJP) और गोनो ओधिकार परिषद को एक-एक सीट मिली।
दूसरी ओर बांग्लादेश जमात ए इस्लामी (जमात) और उसके सहयोगियों को 77 सीटें मिलीं। चुनाव आयोग के अनुसार जमात ने 68 सीटें जीतीं, जबकि नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) को 6 सीटें मिलीं।
इस चुनाव में 50 राजनीतिक दलों के 2,028 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें 273 निर्दलीय उम्मीदवार शामिल थे। BNP ने सबसे ज्यादा 291 उम्मीदवार उतारे। कुल 83 महिला उम्मीदवारों ने भी चुनाव लड़ा।
भोला-1 सीट पर पार्थो को 1,05,543 वोट मिले। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी, जमात के उम्मीदवार एमडी नजरुल इस्लाम को हराया, जिन्हें 75,337 वोट मिले।
चुनाव से पहले पार्थो ने भोला को दक्षिणी क्षेत्र की “तिलोत्तमा” यानी आधुनिक और सुंदर शहर बनाने का वादा किया था। उन्होंने भोला-बरिशाल ब्रिज के निर्माण, एक मेडिकल कॉलेज खोलने और घर-घर गैस कनेक्शन देने को अपनी प्राथमिकता बताया था।
उन्होंने यह भी कहा था कि वे जिले में नशाखोरी पर रोक लगाएंगे, स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर करेंगे और लोगों के बुनियादी अधिकार सुनिश्चित करेंगे। पार्थो ने भरोसा जताया था कि अगर BNP के नेतृत्व वाला गठबंधन सत्ता में आता है तो क्षेत्र में स्थायी और दिखने वाला विकास होगा।
कौन हैं अंदलीव रहमान पार्थो?
अंदालीव रहमान पार्थो एक राजनेता, शिक्षाविद और वकील हैं। वे पहले भी भोला-1 सीट से सांसद रह चुके हैं। वे ढाका में ब्रिटिश स्कूल ऑफ लॉ के प्रिंसिपल भी हैं।
उनका राजनीतिक करियर 2008 में शुरू हुआ, जब उन्होंने 9वें आम चुनाव में भोला-1 से चुनाव लड़ा और अवामी लीग के उम्मीदवार यूसुफ हुसैन हुमायूं को हराया।
2009 से 2014 तक वे संसदीय स्थायी समिति (स्थापना मंत्रालय, जिसे अब लोक प्रशासन मंत्रालय कहा जाता है) के सदस्य रहे।
पार्थो पूर्व मंत्री और भोला-1 के सांसद रहे नाजिउर रहमान मंजू के बेटे हैं। उनकी माता का नाम शेख रेबा रहमान है।