होर्मुज में भारतीय क्रू वाले जहाज पर मिसाइल हमला! इंजन रूम में लगी भीषण आग, डूबते जहाज से मिल रहे 'SOS' के संदेश

Cargo Vessel Attacked In Hormuz: यह मालवाहक जहाज ओमान के तट से करीब 15 समुद्री मील की दूरी पर था, तभी एक जोरदार धमाके ने जहाज को हिलाकर रख दिया। यह धमाका इतना जबरदस्त था कि इसने सीधे जहाज के इंजन रूम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां भीषण आग लग गई और समुद्री गलियारों में हड़कंप मच गया

अपडेटेड Jun 08, 2026 पर 5:10 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
इस जहाज पर 24 भारतीय क्रू मेंबर्स सवार हैं और हमले के बाद इसकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है

Missile Attack On Cargo Vessel: होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ओमान के तट पर सोमवार को एक कमर्शियल कार्गो जहाज पर संदिग्ध ड्रोन या मिसाइल हमला हुआ है। इस व्यापारिक जहाज पर कम से कम 24 भारतीय क्रू मेंबर्स सवार हैं। समुद्री सुरक्षा से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, हमले के बाद जहाज पर स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, पालाऊ के झंडे वाला यह मालवाहक जहाज ओमान के तट से करीब 15 समुद्री मील की दूरी पर था, तभी एक जोरदार धमाके ने जहाज को हिलाकर रख दिया। यह धमाका इतना जबरदस्त था कि इसने सीधे जहाज के इंजन रूम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां भीषण आग लग गई और समुद्री गलियारों में हड़कंप मच गया।

इंजन रूम में हुआ बड़ा सुराख, तेजी से भर रहा है पानी


शुरुआती रिपोर्टों में बताया गया है कि इस हमले के कारण जहाज के इंजन रूम में एक बड़ा और खतरनाक सुराख हो गया है। इंजन रूम में सुराख होने की वजह से जहाज के भीतर बहुत तेजी से समुद्र का पानी भर रहा है, जिससे जहाज का संतुलन बिगड़ गया है। हालात लगातार बिगड़ते देख जहाज पर मौजूद क्रू मेंबर्स ने तुरंत मदद के लिए 'SOS' संदेश भेजने शुरू कर दिए।

'तैरती हुई भट्टी' में फंसे भारतीय नाविक, लाइफबोट्स भी तबाह

फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) ने इस घटना में भारतीय नाविकों के फंसे होने की पुष्टि की है और बताया है कि चालक दल के कई सदस्य इससे प्रभावित हुए हैं।

सूत्रों के मुताबिक, जहाज पर मौजूद भारतीय नाविक इस वक्त एक 'तैरती हुई भट्टी' जैसी खौफनाक स्थिति में फंस गए हैं। वे पानी में डूबते और आग से धधकते जहाज से लगातार बेहद हताश करने वाले आपातकालीन संदेश भेज रहे हैं। इस संकट को और गंभीर बनाने वाली बात यह है कि हमले में जहाज पर मौजूद लाइफबोट्स यानी जान बचाने वाली छोटी नावें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे नाविकों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयासों में बड़ी रुकावट आ रही है।

एक महीने के भीतर दूसरा बड़ा हादसा

ओमान के तट पर भारतीय क्रू मेंबर्स वाले जहाज पर हमले की यह कुछ ही दिनों के भीतर दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले 13 मई को सोमालिया से शारजाह (यूएई) जा रहे एक भारतीय ध्वज वाले मैकेनाइज्ड जहाज पर भी ओमान के समुद्री क्षेत्र में ऐसी ही घटना हुई थी। उस हादसे के बाद जहाज में आग लग गई थी और वह पूरी तरह समुद्र में डूब गया था। हालांकि, उस समय ओमान के कोस्ट गार्ड ने तत्परता दिखाते हुए जहाज पर सवार सभी 14 भारतीय क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचा लिया था। लेकिन इस ताजा हमले ने क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।