Pakistan: गन प्वाइंट पर बनाया बंधक....फिर लूट ले गए iPhone, पाकिस्तान में चीनी बिजनेसमैन से लूट

Pakistan: लुटेरों ने एक-एक कर चीनी मेहमानों को बांध दिया और उनके महंगे सामान लूट लिए। इनमें iPhone 14, iPhone 13 Pro Max, Samsung Note 10 Plus, Vivo मोबाइल फोन और एक लैपटॉप शामिल थे। इसके अलावा, सारा बोरूक के कमरे से भी 15 हजार पाकिस्तानी रुपये नकद लूट लिए गए

अपडेटेड May 25, 2026 पर 9:02 PM
Story continues below Advertisement
पाकिस्तान की आवाम चीनी नागरिकों को अपना निशाना बनाने में अब पीछे नहीं हट रही है।

पाकिस्तान चीन के साथ अपनी मजबूत दोस्ती के किस्से खूब सुनाता है, लेकिन जमीन पर हकीकत कुछ और ही दिखती है। पाकिस्तान की आवाम चीनी नागरिकों को अपना निशाना बनाने में अब पीछे नहीं हट रही है। पाकिस्तान के राजधानी इस्लामाबाद में चीनी कारोबारी यात्रियों के साथ मारपीट और लूटपाट की घटना सामने आई है।

जानकारी के मुताबिक इस्लामाबाद के सेक्टर F-7/4 में स्थित एक गेस्ट हाउस में रात के समय छापेमारी के दौरान चीनी कारोबारी यात्रियों के साथ मारपीट और लूटपाट की घटना सामने आई है। पीड़ितों का आरोप है कि गेस्ट हाउस के मालिक ने ही इस पूरी वारदात की साजिश रची थी। 22 मई 2026 को कोहसर पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब 3 बजे स्ट्रीट 55 स्थित “शाशा” गेस्ट हाउस में हुई।

चीनी नागरिकों से साथ मारपीट 


शिकायत दर्ज कराने वाले चीनी नागरिक हैनसेन ने पुलिस को बताया कि वह अपनी दोस्त और साथी चीनी नागरिक सारा बोरूक के साथ कुछ घंटे पहले ही लाहौर से इस्लामाबाद पहुंचा था। उसने आरोप लगाया कि देर रात तीन हथियारबंद लोग जबरन उसके कमरे में घुस आए। उन्होंने बंदूक दिखाकर उसे जगाया, हथियारों से मारपीट की और उसके हाथ प्लास्टिक की टाई से बांध दिए। पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने उससे 1 लाख 50 हजार पाकिस्तानी रुपये लूट लिए। इसके बाद वे गेस्ट हाउस की ऊपरी मंजिलों पर गए, जहां सारा बोरूक समेत दूसरे मेहमान भी ठहरे हुए थे।

लुटेरों ने एक-एक कर चीनी मेहमानों को बांध दिया और उनके महंगे सामान लूट लिए। इनमें iPhone 14, iPhone 13 Pro Max, Samsung Note 10 Plus, Vivo मोबाइल फोन और एक लैपटॉप शामिल थे। इसके अलावा, सारा बोरूक के कमरे से भी 15 हजार पाकिस्तानी रुपये नकद लूट लिए गए।

चीनी दूतावास ने उठाया ये मामला 

पुलिस के मुताबिक, लूटी गई नकदी और सामान की कुल कीमत 7 लाख पाकिस्तानी रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी काले रंग की कार में बैठकर फरार हो गए। घटना के बाद घायल चीनी नागरिकों को इलाज और मेडिकल जांच के लिए पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) अस्पताल ले जाया गया। पीड़ितों ने गेस्ट हाउस प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि गेस्ट हाउस के मालिक “शाओशिया” का इस लूट की साजिश में हाथ हो सकता है। पीड़ितों ने शक जताया है कि मालिक ने ही लुटेरों की मदद की।

कोहसर पुलिस ने इस मामले में पाकिस्तान दंड संहिता की कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। इनमें हत्या की कोशिश, हथियार के बल पर लूट, रात में जबरन घर में घुसने और अपराध में मदद करने जैसी धाराएं शामिल हैं। पुलिस ने केस नंबर 268/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारी अब आरोपियों की तलाश कर रहे हैं और साथ ही गेस्ट हाउस के मालिक की कथित भूमिका की भी जांच कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, इस्लामाबाद स्थित चीनी दूतावास ने इस घटना को गंभीरता से लिया है और पाकिस्तान सरकार के सामने अपना विरोध दर्ज कराया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।