Congo Plane Crash: कांगो में शुक्रवार को हुए एक विमान हादसे में सेना के दो वरिष्ठ अधिकारियों समेत कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में सेना के इन दो वरिष्ठ अधिकारियों में मिलिट्री कोर्ट के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मुटोम्बो कातालायी टिएंडे और सशस्त्र बलों के ऑडिटर जनरल लेफ्टिनेंट जनरल बाकुमी लिकुलिया शामिल थे।
घटना की जानकारी देते हुए कांगो की सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल एफोमी एकेन्गे ने एक बयान में कहा, "इन दो जनरल अधिकारियों के अलावा, प्रतिनिधिमंडल के बारह सदस्यों और क्रू मेंबर्स की भी इस हादसे में मौत हो गई।"
स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि विमान दक्षिण-पश्चिमी शहर किक्विट से राजधानी किंशासा लौट रहा था। इसी दौरान विमान में तकनीकी खराबी आ गई और वह केंगे में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी लोगों की मौत हो गई।
वहीं, एकेन्गे ने कहा कि दुर्घटना का कारण पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
सिविल एविएशन अथॉरिटी के बोर्ड के चेयरमैन ट्राइफॉन किन-की मुलुम्बा ने बताया कि फिलहाल विमान हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
बता दें कि कांगो की सेना पिछले साल से पूर्वी इलाके में कई विद्रोही गुटों से लड़ रही है। इन गुटों में रवांडा का समर्थन पाने वाला M23 विद्रोही गुट भी शामिल है, जिसने कई बड़े शहरों पर कब्जा कर लिया था।