अमेरिका में एक ब्रिटिश महिला की उसके ही पिता ने गोली मारकर हत्या कर दी। जांच में बताया गया कि घटना से कुछ घंटे पहले दोनों के बीच डोनाल्ड ट्रंप को लेकर बहस हुई थी। लूसी हैरिसन, जो इंग्लैंड के चेशायर की रहने वाली थीं और फैशन बायर के तौर पर काम करती थीं, पिछले साल जनवरी में टेक्सास के प्रॉस्पर शहर में अपने पिता क्रिस हैरिसन के घर पर थीं। वहीं उनके सीने में गोली लगी।
UK के Metro अखबार के मुताबिक, लूसी के बॉयफ्रेंड सैम लिटलर ने कोर्ट में बताया कि लूसी गल कल्चर के खिलाफ थीं और जब भी उनके पिता हथियार रखने की बात करते थे, तो वह परेशान हो जाती थीं। 10 जनवरी को घर लौटने से पहले दोनों के बीच डोनाल्ड ट्रंप को लेकर बड़ी बहस हुई थी।
बेडरूम में हाथ पकड़ कर ले गए पिता
सैम के अनुसार, बहस के बाद लूसी रोते हुए ऊपर कमरे में चली गई थीं। उन्होंने अपने पिता से पूछा था, “अगर मैं उस लड़की की जगह होती और मेरे साथ यौन उत्पीड़न होता, तो आपको कैसा लगता?”
बाद में, एयरपोर्ट जाने से करीब आधा घंटा पहले, लूसी रसोई में थीं। तभी उनके पिता उनका हाथ पकड़कर उन्हें नीचे वाले बेडरूम में ले गए। करीब 15 सेकंड बाद तेज आवाज आई। सैम कमरे में पहुंचे तो लूसी बाथरूम के पास फर्श पर पड़ी थीं और उनके पिता जोर-जोर से चिल्ला रहे थे।
पिता ने अदालत में दी सिफाई
पिता क्रिस हैरिसन ने सुनवाई में लिखित बयान दिया। उन्होंने कहा कि वे टीवी पर गन क्राइम की खबर देख रहे थे। उन्होंने लूसी से कहा कि उनके पास बंदूक है और पूछा कि क्या वह देखना चाहती हैं। जब लूसी ने हां कहा तो वे बेडरूम में गए। उन्होंने बताया कि बंदूक (ग्लॉक 9mm) बेडसाइड दराज में रखी थी। जैसे ही उन्होंने बंदूक उठाई, अचानक गोली चल गई और लूसी गिर पड़ीं।
उन्होंने कहा कि उन्हें याद नहीं कि बंदूक निकालते समय उनकी उंगली ट्रिगर पर थी या नहीं। उन्होंने यह भी माना कि पहले उन्हें शराब भी पी थी और उस दिन भावुक होने के कारण उन्होंने करीब 500 ml वाइन पी थी। पुलिस अधिकारी ने भी उनके मुंह से शराब की गंध आने की बात कही। CCTV में उन्हें उसी दिन दो वाइन की बोतलें खरीदते हुए देखा गया।
बाप को है बेटी की मौत का पछतावा
अमेरिका में ग्रैंड ज्यूरी ने जांच के बाद कहा कि किसी पर आरोप लगाने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं हैं।
लूसी की मां जेन कोट्स ने कहा कि उनकी बेटी बहुत जिंदा दिल और संवेदनशील थी। वह जिन बातों को सही मानती थीं, उन पर खुलकर बहस करती थीं।
पिता ने अपने वकीलों के जरिए बयान जारी कर कहा कि उन्हें अपने किए का गहरा दुख है और वह इस दर्द को जिंदगी भर ढोएंगे। उन्होंने कहा कि वह अपनी बाकी बेटियों के लिए अच्छा पिता बनकर और लूसी की यादों को जिंदा रखकर उन्हें सम्मान देंगे।
मामले की सुनवाई बुधवार तक के लिए टाल दी गई है, जब कोरोनर अपना इस मामले पर अपना आखिरी फैसला सुनाएंगे।