बीते 40 दिनों से मीडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच एक अच्छी खबर सामने आई है। इजरायल और लेबनान में सीजफयार हो गया है। इस सीजफायर का ऐलान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने किया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि इजराइल और लेबनान 10 दिन के सीजफायर पर राजी हो गए हैं। यह युद्धविराम भारतीय समयानुसार गुरुवार देर रात 2:30 बजे से लागू होगा।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में बताया कि, उनकी लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से काफी अच्छी बातचीत हुई है। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने अपने देशों के बीच शांति कायम करने के लिए 10 दिनों के सीजफायर पर सहमति जताई है। यह सीजफायर अमेरिकी समय के अनुसार शाम 5 बजे से लागू होगा।
ट्रंप ने यह भी बताया कि मंगलवार को 34 साल में पहली बार इज़राइल और लेबनान के प्रतिनिधियों ने वाशिंगटन डी.सी. में मुलाकात की। इस बैठक में अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो भी शामिल रहे। इसके अलावा, ट्रंप ने कहा कि उन्होंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विदेश मंत्री मार्को रूबियो और ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन डैन रेज़िन केन को निर्देश दिए हैं कि वे इज़राइल और लेबनान के साथ मिलकर स्थायी शांति की दिशा में काम करें।ट्रंप ने अंत में कहा कि दुनिया में अब तक 9 युद्धों को सुलझाने की कोशिश करना उनके लिए गर्व की बात रही है और यह उनका 10वां प्रयास होगा, जिसे वे पूरा करके दिखाना चाहते हैं।
बता दें कि पिछले हफ्ते अमेरिका और ईरान के बीच इस्लामाबाद में हुई वार्ता बिना किसी नतीजे के खत्म हो गई थी। इसके बाद अमेरिका ने ईरान के बंदरगाहों पर नाकेबंदी लागू कर दी थी। 28 फरवरी से शुरू हुए इस युद्ध का असर वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ा है। ईरान ने होर्मुज को बंद कर दिया है। वहीं लेबनान 2 मार्च को इस संघर्ष में शामिल हुआ था, जब ईरान समर्थित हिजबुल्लाह ने इजरायल पर हमले किए थे।