अमेरिका और ईरान के बीच 60 दिनों की डेडलाइन खत्म होने से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि उन्हें इस बात की काफी संभावना है कि ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई कहां हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ईरानी नेता गंभीर रूप से घायल हैं। ट्रंप ने ये भी कहा कि वह पीस डील फाइनल होने से पहले ईरानी संपत्तियों को अनफ्रीज नहीं करेंगे या बैन नहीं हटाएंगे।
डेडलाइन खत्म होने से पहले ट्रंप का बड़ा बयान
एनबीसी न्यूज के कार्यक्रम "मीट द प्रेस" को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्हें मोजतबा खामेनेई के ठिकाने या उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी है। इस पर ट्रंप ने कहा कि वह यह नहीं बताना चाहते कि उन्हें उनकी लोकेशन पता है या नहीं, लेकिन इसकी काफी संभावना है कि उन्हें इसकी जानकारी हो। जब उनसे दोबारा पूछा गया कि क्या मोजतबा खामेनेई ईरान के भीतर ही मौजूद हैं, तो ट्रंप ने इस सवाल का सीधा जवाब देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वह इस विषय पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। हालांकि, उन्होंने अपने दावे के समर्थन में कोई सबूत या अतिरिक्त जानकारी सार्वजनिक नहीं की।
मोजतबा खामेनेई को लेकर कही ये बात
डोनाल्ड ट्रंप ने मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि खामेनेई गंभीर रूप से घायल हैं। हालांकि, ट्रंप के मुताबिक, इतनी मुश्किल स्थिति के बावजूद खामेनेई जिस तरह सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखते रहे हैं, उसमें उन्हें एक तरह की बहादुरी नजर आती है। रिपोर्ट्स के अनुसार, 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल के हमलों में मोजतबा खामेनेई घायल हो गए थे। इन्हीं हमलों में उनके पिता और ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इसके बाद क्षेत्र में मौजूदा संघर्ष और तेज हो गया। बताया जा रहा है कि इन घटनाओं के बाद से मोजतबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दिए हैं। उनकी स्थिति और ठिकाने को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं, हालांकि इस बारे में आधिकारिक जानकारी सीमित ही सामने आई है।
इंटरव्यू के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने मोजतबा खामेनेई की तुलना उनके पिता अली खामेनेई से करते हुए कहा कि वह अपेक्षाकृत कम उम्र के हैं और उन्हें ज्यादा समझदार मानते हैं। ट्रंप ने कहा कि मोजतबा खामेनेई युवा हैं, समझदार हैं और गंभीर रूप से घायल भी हैं। उनके अनुसार, इतनी गंभीर चोटों के बावजूद खामेनेई जिस तरह सार्वजनिक मुद्दों पर अपनी राय रख रहे हैं, वह उनकी हिम्मत को दिखाता है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति इतनी बुरी तरह घायल हो जाए, तो आमतौर पर उसका ध्यान अपनी सेहत पर होता है। लेकिन उनके मुताबिक, मोजतबा खामेनेई अभी भी अमेरिका और ईरान के संबंधों जैसे मुद्दों पर बात कर रहे हैं, जो उनकी मानसिक मजबूती को दर्शाता है। हालांकि, ट्रंप ने अपने दावों के समर्थन में कोई अतिरिक्त जानकारी या सबूत सार्वजनिक नहीं किया।