Donald Trump Jr Wedding: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस समय देश और दुनिया से जुड़े बेहद संवेदनशील मुद्दों में घिरे हुए हैं। इसी बीच उनके परिवार से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। राष्ट्रपति ट्रंप के सबसे बड़े बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने अपनी लॉन्ग-टाइम पार्टनर और सोशलाइट बेटीना एंडरसन के साथ शादी रचा ली है। पाम बीच काउंटी के आधिकारिक रिकॉर्ड्स के अनुसार, दोनों ने गुरुवार को फ्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच में एक निजी समारोह में शादी की।
एक तरफ जहां परिवार में जश्न का माहौल है, वहीं दूसरी तरफ पिता होने के बावजूद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने ही बेटे की इस शादी में शामिल नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने इसके पीछे देश की सुरक्षा और मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध का हवाला दिया है।
क्यों अपने ही बेटे की शादी से दूर रहे राष्ट्रपति ट्रंप?
पेज सिक्स की रिपोर्ट के मुताबिक, शादी का मुख्य और निजी जश्न इस शनिवार को बहामास में आयोजित किया जा रहा है। राष्ट्रपति ट्रंप पहले इस वीकेंड न्यू जर्सी के बेडमिंस्टर में रहने वाले थे, लेकिन ईरान के साथ चल रहे गंभीर संकट के कारण उन्होंने अपने सारे प्लान रद्द कर दिए हैं और वे व्हाइट हाउस में ही मौजूद रहेंगे।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर बेटे और बहू को बधाई देते हुए लिखा, 'मैं अपने बेटे डॉन जूनियर और ट्रंप परिवार की नई सदस्य बेटीना के साथ रहने के लिए बहुत उत्सुक था। लेकिन सरकार से जुड़ी गंभीर परिस्थितियों और संयुक्त राज्य अमेरिका के प्रति मेरे कर्तव्य के कारण, मैं ऐसा नहीं कर पा रहा हूं। इस महत्वपूर्ण समय में मेरा वाशिंगटन डीसी में रहना बेहद जरूरी है।'
डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की है यह दूसरी शादी
48 वर्षीय डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की यह दूसरी शादी है। ट्रंप जूनियर और बेटीना एंडरसन ने पिछले साल दिसंबर में व्हाइट हाउस की एक हॉलिडे पार्टी के दौरान अपनी सगाई का ऐलान किया था। इससे पहले साल 2005 में उन्होंने वेनेसा ट्रंप (Vanessa Trump) से मार-ए-लागो में शादी की थी। वेनेसा और ट्रंप जूनियर के 5 बच्चे हैं। साल 2018 में दोनों का तलाक हो गया था।
वेनेसा से अलग होने के बाद ट्रंप जूनियर ने फॉक्स न्यूज की पूर्व होस्ट किम्बर्ली गिल्फॉयल (Kimberly Guilfoyle) से सगाई की थी, जो वर्तमान में ग्रीस में अमेरिकी राजदूत हैं। हालांकि, बाद में वे अलग हो गए।
कौन हैं ट्रंप परिवार की नई बहू बेटीना एंडरसन?
डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की पत्नी बनीं बेटीना एंडरसन फ्लोरिडा के पाम बीच के एक बेहद प्रतिष्ठित और रईस परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता हैरी लॉय एंडरसन जूनियर (Harry Loy Anderson Jr.) अमेरिका के एक जाने-माने बैंकर और फिलैंथरोपिस्ट हैं।
बेटीना खुद पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वह फ्लोरिडा के पर्यावरण की रक्षा के लिए काम करने वाले 'प्रोजेक्ट पैराडाइज फिल्म फंड' की समिति सदस्य हैं।
राष्ट्रपति ट्रंप ने भी बहू बेटीना की तारीफ करते हुए कहा कि वे उन्हें बहुत लंबे समय से जानते हैं और उम्मीद करते हैं कि दोनों का वैवाहिक जीवन बेहद शानदार रहेगा।
बिजनेस और राजनीति में सक्रिय हैं ट्रंप जूनियर
डोनाल्ड ट्रंप जूनियर अपने भाई एरिक ट्रंप के साथ मिलकर अपने पिता के अरबों डॉलर के बिजनेस साम्राज्य 'ट्रंप ऑर्गनाइजेशन' का कामकाज संभालते हैं। इसके साथ ही, वे अमेरिकी राजनीति में भी काफी सक्रिय हैं और अपने पिता डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति चुनाव अभियानों और राजनीतिक रैलियों में हमेशा अग्रिम पंक्ति में नजर आते हैं।