Viral 'Donald Trump' Buffalo: 'ईद उल अजहा' यानी बकरीद से पहले बांग्लादेश में दो भैंसे अचानक से दुनियाभर में वायरल हो गए हैं। इनके नाम दुनिया के दो बड़े नेताओं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के नाम पर रखे गए हैं। 'रिपोर्ट के अनुसार, इन दोनों में से सबसे ज्यादा मशहूर लगभग 700 किलोग्राम वजनी 'एल्बिनो' (सफेद रंग का) भैंसा है, जिसका नाम 'डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump Buffalo)' रखा गया है। यह वायरल भैंसा नारायणगंज के पाईकपारा इलाके में है।
इन भैंसों के वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किए जा रहे हैं। The Independent की एक रिपोर्ट के अनुसार, "डोनाल्ड ट्रंप" उपनाम वाली एक भैंस का वजन लगभग 700 किलोग्राम है। वह अपनी पीली त्वचा और हल्के रंग के बालों के कारण लोकप्रिय हो गई है। इसे देखकर अमेरिकी राष्ट्रपति के मशहूर हेयरस्टाइल की याद दिलाते हैं।
लोगों का मानना है कि वे वैश्विक राजनीतिक हस्तियों डोनाल्ड ट्रंप और बेंजामिन नेतन्याहू से मिलती-जुलती हैं। राजधानी ढाका के पास के एक खेत में ये जानवर अब भीड़ और सेल्फी का केंद्र बन गए हैं। सोशल मीडिया यूजर्स इस भैंसे के सिर पर मौजूद सुनहरे रंग के बालों और इसकी शक्ल की अमेरिका के राष्ट्रपति से तुलना रहे हैं। बांग्लादेश में 'डोनाल्ड ट्रंप' नाम की भैंस के साथ लोग सेल्फी ले रहे हैं। कुछ लोग सोशल मीडिया पर मजा भी उड़ा रहे हैं।
इस भैंसे के मालिक जियाउद्दीन मृधा ने बताया कि उन्होंने इसको लगभग 10 महीने पहले राजशाही के एक पशु बाजार से खरीदा था। उन्होंने कहा, "मेरे छोटे भाई ने इसके सिर पर मौजूद बालों को देखकर मजाक में इसका नाम डोनाल्ड ट्रंप रख दिया था।" उन्होंने आगे कहा, "यह स्वभाव से बहुत शांत है। एल्बिनो भैंसे (albino buffalo) आम तौर पर शांत स्वभाव के होते हैं। जब तक उन्हें उकसाया न जाए, वे आक्रामक नहीं होते।"
स्थानीय लोगों ने क्या कहा?
बांग्लादेश के एक अखबार 'प्रथम आलो' से बात करते हुए एक महिला ने कहा, "जब मैंने फेसबुक पर इसकी तस्वीरें देखीं, तो यह बिल्कुल डोनाल्ड ट्रंप जैसा दिख रहा था।" उन्होंने आगे कहा, "इसके चेहरे की बनावट और यहां तक कि इसके बालों का स्टाइल भी ट्रंप से काफी मिलता-जुलता है।" हालांकि उन्होंने तुरंत एक अहम फर्क भी बताया। महिला ने कहा कि यह भैंसा स्वभाव से बहुत "शांत और विनम्र" है।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, रसेल नाम के एक निवासी ने बताया कि वह फेसबुक पर वीडियो देखने के बाद इस भैंसे को देखने आया था। उसने कहा, "यह सचमुच ट्रंप जैसा दिखता है। इसका चेहरा और बाल उनसे काफी मिलते-जुलते हैं।" वहीं, एक अन्य निवासी ने बताया कि शुरुआत में उसे लगा था कि यह तुलना कुछ ज्यादा ही बढ़ा-चढ़ाकर की जा रही है। लेकिन जब उसने इस जानवर को अपनी आंखों से देखा, तो उसे लगा यह सचमुच ट्रंप जैसा ही दिखता है। यह नाम इस पर बिल्कुल सही बैठता है।"
एक दूसरा भैंसा भी वहां लोगों का ध्यान खींच रहा है। 750 किलोग्राम से ज्यादा वजन वाले इस भैंसे का नाम 'बेंजामिन नेतन्याहू' रखा गया है। रिपोर्टों के अनुसार, फॉर्म के कर्मचारी इसे काफी फुर्तीला और शरारती बताते हैं। यह जोर से नथुने फुलाने और जब मन करे तब अपने रखवालों पर हमला करने के लिए मशहूर है।