'ट्रे लेकर तेजी से भागते हुए...', वॉइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में फायरिंग पर रिपोर्टर ने बताया आंखों देखा हाल

घटना पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि, कानून लागू करने वाली एजेंसियों और डी.सी. पुलिस ने हाल ही में मेयर से बात की है। उन्होंने बताया कि हमलावर अब पूरी तरह से काबू में है और स्थिति नियंत्रण में है। राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि यह पहली बार नहीं है जब देश को ऐसे हमलों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले बटलर, पेंसिल्वेनिया में भी एक हमले की कोशिश हुई थी

अपडेटेड Apr 26, 2026 पर 9:07 AM
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन DC में शनिवार रात एक हाई-प्रोफाइल इवेंट के दौरान फायरिंग ने सबको चौंका दिया है

अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन DC में शनिवार रात एक हाई-प्रोफाइल इवेंट के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया जब वहां अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी। व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में जब ये घटना घटी तो, उस समय अमेरिकी राष्ट्रपति और फर्स्ट लेडी मिलेनिया ट्रंप समेत मंच पर कई नेता मौजूद थें। गोली चलने की आवाज सुनकर कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद सीक्रेट सर्विस एजेंट्स ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को तुरंत वहां से रेस्क्यू किया। वहीं इस घटना को लेकर वहां मौजूद एक चश्मदीद ने आंखों देखा हाल बताया है।

रिपोर्टर ने बताया आंखों देखा हाल

एएनआई की रिपोर्टर रीना भारद्वाज ने बताया कि वह वॉशिंगटन डी.सी. में हिल्टन होटल के बाहर मौजूद थीं, जहां कुछ ही देर पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप डिनर में शामिल थे। उन्होंने कहा कि अचानक उन्हें तेज आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने पीछे मुड़कर देखा, तो होटल के कर्मचारी अपनी ट्रे लेकर तेजी से अंदर की ओर भागते नजर आए। इससे उन्हें लगा कि कुछ गड़बड़ है और सुरक्षा में कोई चूक हो सकती है। इसके बाद वहां मौजूद लोग घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए मेज के नीचे छिपने लगे या जमीन पर लेट गए। यह स्थिति करीब 5 से 10 मिनट तक बनी रही।


उन्होंने आगे बताया कि जब हालात थोड़े सामान्य लगे, तो उन्होंने मंच की ओर देखा। उस समय डोनाल्ड ट्रंप पूरी तरह सुरक्षित थे और मेलानिया ट्रंप को भी सुरक्षित जगह पर पहुंचा दिया गया था। करीब 12–13 मिनट बाद कई बड़े नेताओं को बाहर निकाला गया, जिनमें स्कॉट बेसेंट, पीट हेगसेथ, काश पटेल और कैरोलीन लेविट शामिल थे। करीब 30–35 मिनट बाद पूरे होटल को सील कर दिया गया और घोषणा की गई कि कार्यक्रम को रोक दिया गया है। साथ ही यह भी बताया गया कि डोनाल्ड ट्रंप जल्द ही व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। उन्होंने कहा कि इतनी सुरक्षित जगह पर इस तरह की घटना होना सुरक्षा में बड़ी चूक को दिखाता है।

घटना के बाद ट्रंप ने कही ये बात

वहीं व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान हुई गोलीबारी पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि, कानून लागू करने वाली एजेंसियों और डी.सी. पुलिस ने हाल ही में मेयर से बात की है। उन्होंने बताया कि हमलावर अब पूरी तरह से काबू में है और स्थिति नियंत्रण में है। राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि यह पहली बार नहीं है जब देश को ऐसे हमलों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले बटलर, पेंसिल्वेनिया में भी एक हमले की कोशिश हुई थी। इसके अलावा पाम बीच, फ्लोरिडा में भी कुछ महीनों बाद इसी तरह की घटना होते-होते टल गई थी। उन्होंने अंत में कहा कि कानून लागू करने वाली एजेंसियों ने एक बार फिर तेजी और मजबूती से काम किया है, जिसकी वजह से स्थिति को समय रहते संभाल लिया गया।

सामने आई ये बड़ी जानकारी

इस घटना पर ज्यादा जानकारी देते हुए अमेरिका के अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने ज्यादा जानकारी देते हुए बताया कि, आज रात लोगों ने देश का सबसे बुरा और सबसे अच्छा दोनों रूप देखा। उनके मुताबिक, सबसे बुरा रूप उस हमलावर के कारण दिखा, जिसने यह घटना की। वहीं, सबसे अच्छा रूप कानून लागू करने वाली एजेंसियों के काम में नजर आया, जिन्होंने तुरंत और सही तरीके से कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि वे राष्ट्रपति की इस बात से पूरी तरह सहमत हैं कि सुरक्षाकर्मियों ने बहादुरी और जिम्मेदारी से अपना काम किया। उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना में एक अधिकारी घायल हुआ है।

टॉड ब्लैंच के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है और जल्द ही आरोपी के खिलाफ आरोप तय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हमलावर के खिलाफ गोलीबारी, अवैध हथियार रखने और अन्य गंभीर आरोप लगाए जा सकते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग, एफबीआई, सीक्रेट सर्विस और अन्य एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं और पूरी सतर्कता के साथ अपना काम कर रही हैं। अंत में उन्होंने कहा कि लोगों को भरोसा रखना चाहिए, क्योंकि इस मामले में न्याय जरूर मिलेगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।