'दूसरे देशों से वसूले टैरिफ से कम होगा इनकम टैक्स का बोझ...', अमेरिकी कांग्रेस में बोले ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका की सीमाएं अब तक की सबसे मजबूत स्थिति में हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ महीनों में एक भी अवैध प्रवासी अमेरिका में दाखिल नहीं हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि जब वह दोबारा व्हाइट हाउस लौटे, तब देश कई मुश्किल हालात का सामना कर रहा था

अपडेटेड Feb 25, 2026 पर 9:04 AM
ट्रंप अपने दूसरे कार्यकाल में पहली बार अमेरिकी कांग्रेस में वार्षिक 'स्टेट ऑफ द यूनियन' को संबोधित किया।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने दूसरे कार्यकाल में पहली बार अमेरिकी कांग्रेस में वार्षिक 'स्टेट ऑफ द यूनियन' को संबोधित किया। स्टेट ऑफ द यूनियन 2026 के अपने संबोधन में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “मेरे प्यारे अमेरिकियों, हमारा देश फिर से खड़ा हो गया है — पहले से ज्यादा बड़ा, बेहतर, समृद्ध और मजबूत।” उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले महीनों में देश और तरक्की करेगा और इसे “अमेरिका का सुनहरा दौर” बताया।

स्टेट ऑफ द यूनियन में ट्रंप का संबोधन 

डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका की सीमाएं अब तक की सबसे मजबूत स्थिति में हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ महीनों में एक भी अवैध प्रवासी अमेरिका में दाखिल नहीं हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि जब वह दोबारा व्हाइट हाउस लौटे, तब देश कई मुश्किल हालात का सामना कर रहा था। हालांकि उन्होंने दावा किया कि उनके दोबारा पद संभालने के पहले ही साल में देश में बड़ा बदलाव देखने को मिला है।


सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर कही ये बात

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि, चार दिन पहले अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट का एक फैसला आया, जिसे उन्होंने “बहुत खराब फैसला” बताया। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अच्छी बात यह है कि ज्यादातर देश और कंपनियां पहले से हुई डील को जारी रखना चाहती हैं। ट्रंप के मुताबिक, इन देशों और कंपनियों को पता है कि राष्ट्रपति के रूप में उनके पास नई और सख्त शर्तों के साथ समझौता करने की कानूनी ताकत है, जो उनके लिए ज्यादा कठिन हो सकती है। इसलिए वे उसी समझौते पर आगे बढ़ना पसंद कर रहे हैं, जिस पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पहले बातचीत हुई थी।

'टैरिफ से कम करेंगे इनकम टैक्स का बोझ...'

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उनका मानना है कि दूसरे देशों पर लगाए गए टैरिफ से मिलने वाली आय भविष्य में अमेरिका के इनकम टैक्स सिस्टम की जगह ले सकती है। स्टेट ऑफ द यूनियन भाषण में ट्रंप ने कहा कि समय के साथ विदेशी देशों से मिलने वाला टैरिफ राजस्व मौजूदा इनकम टैक्स व्यवस्था को बदल सकता है। इससे आम अमेरिकियों पर पड़ने वाला बड़ा आर्थिक बोझ कम होगा। उन्होंने कहा कि टैरिफ से आने वाली कमाई के जरिए सरकार इनकम टैक्स पर अपनी निर्भरता घटा सकती है, जिससे लोगों को टैक्स में राहत मिल सकती है।

ट्रंप ने कहा कि बाइडेन प्रशासन और कांग्रेस में उसके सहयोगियों की नीतियों के कारण देश ने इतिहास की सबसे खराब महंगाई झेली। लेकिन उनके मुताबिक, उनकी सरकार ने 12 महीनों के भीतर कोर महंगाई दर को पांच साल में सबसे निचले स्तर पर पहुंचा दिया। उन्होंने यह भी दावा किया कि 2025 के आखिरी तीन महीनों में महंगाई घटकर 1.7 प्रतिशत रह गई। ट्रंप ने कहा कि सिर्फ एक साल में उनकी सरकार ने ऐसा बदलाव किया है, जैसा पहले कभी नहीं देखा गया। उन्होंने इसे “सदियों में होने वाला बदलाव” बताया और इस पर गर्व जताया।

इमिग्रेशन पर ट्रंप का बयान

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने भाषण में इमिग्रेशन के मुद्दे पर भी बात की, जो उनके चुनावी अभियान का अहम हिस्सा रहा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले साल अमेरिका-मेक्सिको सीमा पर घातक ड्रग फेंटानिल की तस्करी में रिकॉर्ड 56 प्रतिशत की कमी आई है। ट्रंप ने कहा कि गैर-कानूनी इमिग्रेशन और ड्रग तस्करी को रोकने के लिए उठाए गए कदमों का असर दिख रहा है। उनके अनुसार, चार साल तक बिना रोक-टोक सीमा पार होने के बाद अब अमेरिका के पास अपने इतिहास की सबसे मजबूत और सुरक्षित सीमा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।