गुड न्यूज जल्द! ट्रंप की ये बड़ी शर्त भी मान गया ईरान, डील को लेकर अब तेहरान की शर्तों पर टिका है पूरा दारोमदार

Iran Nuclear Weapons: वैसे मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप ने ईरान को विचार करने के लिए एक नया फ्रेमवर्क भेजा है, जिसमें शर्तें पहले से कहीं ज्यादा 'सख्त' कर दी गई हैं। हालांकि, इन नई शर्तों में क्या-क्या शामिल है, इसका अभी पूरी तरह खुलासा नहीं हुआ है

अपडेटेड May 31, 2026 पर 2:26 PM
Story continues below Advertisement
परमाणु हथियार पर ट्रंप ने कहा, 'वे इस बात पर सहमत हो गए हैं, जो कि बेहद दिलचस्प है'

US Iran Conflict: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ चल रही शांति वार्ता के बीच एक बड़ा दांव खेल दिया है। खबरों के मुताबिक, ट्रंप ने ईरान को पहले से भी कहीं अधिक सख्त और कड़ा 'शांति प्रस्ताव' वापस भेजा है। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति का दावा है कि उन्होंने ईरान से यह गारंटी हासिल कर ली है कि वह कभी भी परमाणु हथियार नहीं बनाएगा।

एक इंटरव्यू में ट्रंप ने अपनी बहू लारा ट्रंप से बातचीत करते हुए कहा, 'मुझे सिर्फ एक गारंटी चाहिए कि ईरान के पास कोई परमाणु हथियार नहीं होगा। वे इस बात पर सहमत हो गए हैं, जो कि बेहद दिलचस्प है'। लेकिन दूसरी तरफ, तेहरान ने ट्रंप के इन दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे मिडिल ईस्ट में युद्ध खत्म होने और 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' समुद्री मार्ग के खुलने की उम्मीदों को झटका लग सकता है।

बड़ा खुलासा- ट्रंप ने भेजा 'सख्त' प्रस्ताव


'द न्यू यॉर्क टाइम्स' और 'एक्सियोस' जैसी बड़ी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को विचार करने के लिए एक नया फ्रेमवर्क भेजा है, जिसमें शर्तें पहले से कहीं ज्यादा 'सख्त' कर दी गई हैं। हालांकि, इन नई शर्तों में क्या-क्या शामिल है, इसका अभी पूरी तरह खुलासा नहीं हुआ है।

ट्रंप की इस नई चाल पर ईरान के सरकारी मीडिया ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि शर्तों में बदलाव के कारण पिछले कई हफ्तों से चल रही शांति वार्ता और लंबी खिंच सकती है।

'हमें कोई जल्दी नहीं, दूसरा रास्ता भी है तैयार'

शुरुआत में जहां अमेरिकी अधिकारी जल्द ही किसी समझौते पर पहुंचने की बात कह रहे थे, वहीं अब ट्रंप के तेवर बदले हुए नजर आ रहे हैं। इंटरव्यू में उन्होंने बेहद ठंडे और चेतावनी भरे लहजे में कहा, 'मुझे कोई जल्दी नहीं है। धीरे-धीरे लेकिन निश्चित रूप से हम वह हासिल कर रहे हैं जो हम चाहते हैं। और अगर हमें वह नहीं मिला जो हम चाहते हैं, तो हम इसे एक अलग तरीके यानी सैन्य कार्रवाई से खत्म करेंगे'।

ट्रंप के सुर में सुर मिलाते हुए अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के प्रमुख पीट हेगसेथ ने भी एशिया में एक डिफेंस समिट के दौरान कहा कि अगर जरूरत पड़ी, तो वाशिंगटन दोबारा से युद्ध शुरू करने में 'पूरी तरह सक्षम' है।

ईरान की है अपनी शर्तें

ईरानी मीडिया के मुताबिक, तेहरान ने अमेरिका के सामने अपनी मजबूत शर्तें रख दी हैं। ईरान का कहना है कि किसी भी गंभीर या ठोस बातचीत से पहले अमेरिका को उसकी फ्रीज की गई करीब ₹1 लाख करोड़ की संपत्ति को तुरंत फ्री करना होगा।

इसके साथ ही, ईरान ने ट्रंप के उस दावे को पूरी तरह 'निराधार' बताया है जिसमें कहा गया था कि ईरान के समृद्ध यूरेनियम को नष्ट कर दिया जाएगा।

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर संप्रभुता की जंग

वैश्विक तेल बाजार के लिए महत्वपूर्ण 'होर्मुज' इस समय दोनों देशों की नाकेबंदी के कारण बंद है, जिससे दुनिया भर में कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित हो रही है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि समझौते के बाद ईरान इस रास्ते से गुजरने वाले जहाजों से कोई टैक्स या 'टोल' नहीं वसूलेगा।

वैसे ईरान की न्यूज एजेंसी 'फार्स' ने सूत्रों के हवाले से कहा कि समझौते के ड्राफ्ट में ऐसा कोई क्लॉज शामिल ही नहीं है।उल्टा, ईरान की संसद जल्द ही एक ऐसा कानून पास करने जा रही है जिससे इस समुद्री रास्ते पर पूरी तरह से सिर्फ ईरान का नियंत्रण और संप्रभुता लागू हो जाएगी।

सीजफायर के बीच भी जारी है झड़पें

अप्रैल महीने में पाकिस्तान की मेजबानी में हुई ऐतिहासिक वार्ता के बाद अमेरिका और ईरान के बीच एक अस्थायी सीजफायर हुआ था। इसके बावजूद दोनों देशों के बीच जमीनी टकराव कम नहीं हुआ है।

ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर IRIB के मुताबिक, ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स ने एक अमेरिकी सैन्य ड्रोन को मार गिराया है, जो कथित तौर पर उनकी समुद्री सीमा में घुसने की कोशिश कर रहा था। हालांकि अमेरिका ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

इसी हफ्ते ईरान के बंदर अब्बास बंदरगाह पर अमेरिकी सेना ने हवाई हमले किए, जिसके जवाब में ईरान ने भी जवाबी फायरिंग की। सीजफायर के बाद यह अब तक की सबसे भीषण झड़प मानी जा रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।