इजरायल ने बेरूत पर किए ताबड़तोड़ हमले, नाराज ट्रंप ने दे दिया बेंजामिन को अल्टीमेटम

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इजरायल को बड़ी चेतावनी दी है। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि सुबह बेरूत पर हुआ हमला नहीं होना चाहिए था। ऐसे खास दिन जब हम ईरान के साथ शांति समझौते के बेहद करीब हैं। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा, "आज सुबह बेरूत पर हमला नहीं होना चाहिए था, खासकर ऐसे दिन जब हम ईरान के साथ शांति समझौते के बहुत करीब हैं

अपडेटेड Jun 14, 2026 पर 10:17 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
इजरायल ने रविवार को लेबनान की राजधानी बेरूत पर बम गिराए।

इजरायल ने रविवार को लेबनान की राजधानी बेरूत पर बम गिराए। इस हमले में 3 लोग मारे गए और 15 घायल हुए। बता दें कि, यह हमला ऐसे वक्त हुआ जब अमेरिका और ईरान के बीच एक बड़ी शांति डील लगभग फाइनल स्थिति में है। इस हमले से ईरान इतना गुस्से में आ गया कि डील टूटने की नौबत आ गई। वहीं ईरान ने इजरायल को बड़ी चेतावनी भी दी है।

ट्रंप ने दी बड़ी चेतावनी 

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इजरायल को बड़ी चेतावनी दी है। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि सुबह बेरूत पर हुआ हमला नहीं होना चाहिए था। ऐसे खास दिन जब हम ईरान के साथ शांति समझौते के बेहद करीब हैं। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा, "आज सुबह बेरूत पर हमला नहीं होना चाहिए था, खासकर ऐसे दिन जब हम ईरान के साथ शांति समझौते के बहुत करीब हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि इजराइल को अपनी सुरक्षा का अधिकार है, लेकिन जिस घटना के जवाब में हमला किया गया, वह बहुत छोटी थी और उसमें कोई हताहत नहीं हुआ था। उन्होंने सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की है।


गुस्से में आया ईरान 

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ईरान के एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी ने रविवार को कहा कि बेरूत के दक्षिणी इलाकों पर हुए इजरायली हमलों का जवाब जरूर दिया जाएगा। ईरान की प्रमुख सैन्य कमान के उप कमांडर ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद जाफर असदी ने समाचार एजेंसी 'डेफा प्रेस' से बातचीत में कहा कि इन हमलों को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और इसके लिए जवाबी कार्रवाई की जाएगी। यह बयान ऐसे समय में आया है, जब इज़राइल ने लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी क्षेत्रों में हिज़्बुल्लाह से जुड़े ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं। इजरायल का कहना है कि यह कार्रवाई लेबनान से उत्तरी इजरायल की ओर दागे गए रॉकेट और अन्य हथियारों के जवाब में की गई।

लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी ने बताया कि इस हमले में कम से कम 15 लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा आसपास की कई इमारतों और दुकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। इससे पहले मिली जानकारी में बताया गया था कि घोबेइरी इलाके में एक इमारत पर हुए हमले में कम से कम दो लोगों की मौत हुई थी और चार अन्य घायल हो गए थे। बाद में बचाव कार्य के दौरान मृतकों की संख्या बढ़ने की पुष्टि हुई। वहीं, इजरायली सेना का कहना है कि हिज़्बुल्लाह ने उत्तरी इज़राइल की बस्तियों की ओर तीन रॉकेट दागे थे। सेना ने इस घटना को युद्धविराम समझौते का खुला उल्लंघन बताया और कहा कि इसी के जवाब में कार्रवाई की गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है, जबकि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।