Venezuela Earthquake: सिर्फ एक मिनट में 2 बड़े भूकंपों से दहला वेनेजुएला, राजधानी काराकास में मची भारी तबाही, कई इमारतें ढहीं

Venezuela Earthquake: बुधवार को दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में 'डबलट अर्थक्वेक' (एक ही इलाके में कुछ ही सेकंड के अंतराल पर दो जबरदस्त भूकंप आना) जैसी दुर्लभ भूकंपीय घटना हुई। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, पहला भूकंप 7.2 तीव्रता का था।

अपडेटेड Jun 25, 2026 पर 9:24 AM
वेनेजुएला में एक मिनट के अंदर आए दो बड़े भूकंप के झटके

Venezuela Earthquake: बुधवार को दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में 'डबलट अर्थक्वेक' (एक ही इलाके में कुछ ही सेकंड के अंतराल पर दो जबरदस्त भूकंप आना) जैसी दुर्लभ भूकंपीय घटना हुई। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, पहला भूकंप 7.2 तीव्रता का था और यह 2204 GMT पर आया था। इसका केंद्र मोरॉन (Morón) तटीय शहर से लगभग 21 किलोमीटर पश्चिम में था। ठीक 39 सेकंड बाद, लगभग 45 किलोमीटर दूर 7.5 तीव्रता का दूसरा और भी ज्यादा शक्तिशाली भूकंप आया।

USGS ने इस घटना को "डबलेट" बताया और कहा कि 7.5 तीव्रता वाले मुख्य झटके से एक मिनट से भी कम समय पहले 7.2 तीव्रता का एक शुरुआती झटका आया था।

वहीं, जबरदस्त झटकों के कारण काराकस के लोग सड़कों पर दौड़ पड़े, क्योंकि वेनेजुएला की राजधानी में इमारतें हिल रही थीं। हालांकि अधिकारियों ने तुरंत किसी की मौत की पुष्टि नहीं की, लेकिन गृह मंत्री डियोसदादो कैबेलो ने कई इलाकों में इमारतों को नुकसान पहुंचने की जानकारी दी।


कैबेलो ने कहा, "कुछ इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और हम नहीं चाहते कि गैस से जुड़ा कोई हादसा हो।" उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर कई इमारतों की गैस सप्लाई काट दी गई है।

डबलट भूकंप क्या है?

भूकंप विज्ञान में, डबलट भूकंप का मतलब है एक ही इलाके में कम समय के अंतराल पर आए दो बड़े भूकंप, जिनकी तीव्रता लगभग एक जैसी हो।

शुरुआत में वैज्ञानिक उन भूकंपों को डबलट भूकंप कहते थे, जिनकी उत्पत्ति एक ही स्थान से होती थी और जिनसे निकलने वाली भूकंपीय तरंगें (Seismic Waves) लगभग एक जैसी दिखाई देती थीं।लेकिन आज, इस शब्द का इस्तेमाल आम तौर पर भूकंप की उन घटनाओं के लिए किया जाता है, जिनमें लगभग एक जैसी तीव्रता वाले दो या उससे ज्यादा मुख्य झटके कम समय के अंतराल पर आते हैं।

जबकि 'आफ्टरशॉक' (बाद के झटके) आम तौर पर शुरुआती भूकंप की तुलना में बहुत कमजोर होते हैं। 'डबलट भूकंप' में लगभग एक जैसी तीव्रता वाले कई बड़े झटके लगते हैं। ये झटके एक-दूसरे के कुछ सेकंड, मिनट या कई साल बाद भी आ सकते हैं, लेकिन ये सभी एक ही फॉल्ट सिस्टम या इलाके से जुड़े होते हैं।

वेनेजुएला में आए भूकंपों की श्रृंखला इसका एक उदाहरण है, क्योंकि 7.2 तीव्रता वाले 'फोरशॉक' (शुरुआती झटके) के तुरंत बाद 7.5 तीव्रता का 'मेनशॉक' (मुख्य झटका) आया। इस तरह, एक बड़े भूकंप के बाद छोटे आफ्टरशॉक आने के बजाय, दो शक्तिशाली भूकंपीय घटनाएं हुईं।

यह भी पढ़ें: SpaceX Shares: तीन दिनों में ₹56 लाख करोड़ स्वाहा, Elon Musk की स्पेस एक्स तीसरे दिन धड़ाम, 16% की भारी गिरावट

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।