Indonesia Volcano Erupts: इंडोनेशिया के पूर्वी हिस्से में स्थित लेवोटोबी लाकी-लाकी ज्वालामुखी में विस्फोट हो गया है। विस्फोट के बाद उसमें से राख और धुएं का विशाल गुबार उठा। इसके बाद इंडोनेशिया के फेमस टूरिस्ट आईलैंड बाली आने-जाने वाली दर्जनों उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इंडोनेशिया की भूवैज्ञानिक एजेंसी के अनुसार, पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत में स्थित माउंट लेवोटोबी लाकी-लाकी ज्वालामुखी में मंगलवार देर रात विस्फोट हुआ, जिससे 11 किलोमीटर (6.84 मील) ऊंचा राख का गुबार आसमान में फैल गया। एजेंसी ने अलर्ट स्तर को चार-स्तरीय प्रणाली में उच्चतम पर पहुंचा दिया है और बताया कि बुधवार सुबह एक और छोटा राख का बादल बना।
इस विस्फोट में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, एहतियात के तौर पर स्थानीय अधिकारियों ने ज्वालामुखी के पास के कई गांवों को खाली करा लिया गया है। इंडोनेशिया की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी ने बताया कि बुधवार सुबह भी भूकंप और विस्फोट दर्ज किए गए। भूवैज्ञानिक एजेंसी ने निवासियों और पर्यटकों को ज्वालामुखी के क्रेटर के 7 किमी (4.35 मील) के दायरे में गतिविधियों से बचने की चेतावनी दी है।
बाली हवाई अड्डे पर उड़ानें हुई प्रभावित
बाली के नगुराह राय हवाई अड्डे के प्रशासन ने बताया कि विस्फोट के बाद बाली आने-जाने वाली कम से कम 32 उड़ानें रद्द कर दी गईं। हवाई अड्डे की वेबसाइट पर उपलब्ध डेटा के अनुसार, विस्फोट से प्रभावित होने वाले मार्गों में ऑस्ट्रेलिया, भारत और सिंगापुर की उड़ानें भी शामिल थीं। हवाई अड्डे के संचालक अंगकासा पुरा इंडोनेशिया ने एक बयान में कहा, 'पूर्वी नुसा तेंगारा में लेवोटोबी लाकी-लाकी ज्वालामुखी गतिविधि के कारण नगुराह राय हवाई अड्डे पर कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।' इंडोनेशियाई सरकार ने माउमेरे में फ्रांसिस्कस जेवियर सेडा हवाई अड्डे को गुरुवार तक बंद करने का फैसला किया 'ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके'।
फ्लोरेस द्वीप पर लाबुआन बाजो के लिए जाने वाली कई घरेलू एयरएशिया उड़ानें भी रद्द कर दी गईं, जहां माउंट लेवोटोबी लाकी-लाकी स्थित है। साथ ही बाली के देनपसार हवाई अड्डे और सिंगापुर के बीच सिंगापुर एयरलाइंस की चार उड़ानें भी रद्द की गईं। जेटस्टार एयरलाइन ने भी बाली से ऑस्ट्रेलिया के लिए अपनी कुछ सुबह की उड़ानें रद्द कर दीं। जेटस्टार ने अपनी वेबसाइट पर एक अपडेट में लिखा, 'पूर्वानुमान बताते हैं कि राख का बादल आज रात तक साफ होने की उम्मीद है। नतीजतन आज दोपहर की उड़ानें आज शाम बाद में संचालित होने के लिए विलंबित होंगी।'
बता दें कि पिछले साल नवंबर में माउंट लेवोटोबी लाकी-लाकी ज्वालामुखी में विस्फोट के बाद नौ लोगों की मौत हो गई थी, जबकि हजारों लोगों को उसके आस-पास के एरिया से निकालना पड़ा था। इंडोनेशिया 'रिंग ऑफ फायर' पर स्थित है इसी वजह से वहां अक्सर भूकंपीय और ज्वालामुखी गतिविधि होती रहती है।