Dubai Property Crisis: दुबई में घरों की कीमतों में बड़ी गिरावट, ईरान-अमेरिका युद्ध से 4 साल का 'बूम' खत्म?

Dubai Home Prices: दुबई के प्रॉपर्टी बाजार के लिए मार्च का महीना काफी खराब रहा। वैलुस्ट्रैट के अनुसार, मार्च में होम प्राइस इंडेक्स में 5.9% की गिरावट आई है। 2020 के बाद यह पहली बार है जब दुबई में घर सस्ते हुए हैं

अपडेटेड Apr 23, 2026 पर 3:08 PM
Story continues below Advertisement
अमेरिका-इजरायल के बीच चल रहे युद्ध और भू-राजनीतिक तनाव ने निवेशकों के भरोसे को डगमगा दिया है

Dubai Real Estate News: अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल और टैक्स-फ्री निवेश के लिए दुनिया भर के अमीरों की पहली पसंद रहा दुबई अब संकट में है। कोरोना महामारी के बाद पहली बार दुबई के प्रॉपर्टी बाजार में गिरावट दर्ज की गई है। जानकारों का मानना है कि मिडिल ईस्ट में ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच चल रहे युद्ध और भू-राजनीतिक तनाव ने निवेशकों के भरोसे को डगमगा दिया है।

2020 के बाद पहली बार गिरी कीमतें

दुबई के प्रॉपर्टी बाजार के लिए मार्च का महीना काफी खराब रहा। वैलुस्ट्रैट (ValuStrat) के अनुसार, मार्च में होम प्राइस इंडेक्स में 5.9% की गिरावट आई है। 2020 के बाद यह पहली बार है जब दुबई में घर सस्ते हुए हैं। रेजिडेंशियल सेल की वैल्यू में करीब 20% की गिरावट आई है। मार्च में कुल 37.2 अरब दिरहम यानी करीब 10.1 अरब डॉलर की ही बिक्री हुई, जो पिछले महीने के मुकाबले काफी कम है।


'ईरानी मिसाइलों' का है डर

फरवरी के अंत में शुरू हुए ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच संघर्ष का सीधा असर खाड़ी देशों पर पड़ा है। हफ्तों तक खाड़ी देशों के ऊपर से हजारों मिसाइलें और ड्रोन गुजरे। हालांकि अधिकांश को इंटरसेप्ट कर लिया गया, लेकिन इसने निवेशकों के मन में दुबई की सुरक्षा को लेकर 'डर' पैदा कर दिया है। इस हफ्ते शांति वार्ता के टूटने के बाद बाजार में घबराहट और बढ़ गई है। निवेशक अब दुबई जैसे इलाकों में बड़ा दांव लगाने से बच रहे हैं।

ऑफ-प्लान मार्केट पर सबसे ज्यादा असर

दुबई के बाजार का लगभग तीन-चौथाई हिस्सा 'ऑफ-प्लान' यानी निर्माणाधीन घर का है। निवेशक अक्सर इन प्रोजेक्ट्स में भविष्य के मुनाफे के लिए पैसा लगाते हैं। मार्च में ऑफ-प्लान सेल की वैल्यू में 13% की कमी आई है। अब अमीर निवेशक दुबई के बजाय लंदन, मोनाको और मारबेला जैसे ठिकानों की ओर रुख कर रहे हैं।

भारी बारिश और ईद का भी असर

प्रॉपर्टी एक्सपर्ट्स का मानना है कि सिर्फ युद्ध ही नहीं, बल्कि कुछ प्राकृतिक और सामाजिक कारणों ने भी मार्च के आंकड़ों को प्रभावित किया। यूएई में हुई दशकों की सबसे भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया था, जिससे सौदे कम हुए। ईद-उल-फितर की छुट्टियों के कारण भी ट्रांजेक्शन की गति धीमी रही।

क्या फिर से संभलेगा बाजार?

गिरावट के बावजूद कुछ डेवलपर्स अभी भी पॉजिटिव है। दुबई की सबसे बड़ी डेवलपर 'एमार प्रॉपर्टीज' के शेयरों में निचले स्तर से 16% की रिकवरी देखी गई है।दुबई की 'गोल्डन वीजा' नीति के कारण वहां रहने वाले विदेशियों की संख्या बढ़ी है, जिससे बाजार को पूरी तरह क्रैश होने से सुरक्षा मिल सकती है। डैन्यूब (Danube) और अजीजी (Azizi) जैसे डेवलपर्स अभी भी नए प्रोजेक्ट्स लॉन्च कर रहे हैं और खरीदारों को आकर्षित करने के लिए कम डाउन पेमेंट जैसे आकर्षक ऑफर दे रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।