World’s 10 Richest Person: एलन मस्क से लेकर मार्क जुकरबर्ग तक...ये हैं दुनिया के 10 सबसे अमीर लोग, जानें किसके पास है कितनी संपत्ति

World’s 10 Richest Person: दुनिया के सबसे अमीर लोगों की नई लिस्ट सामने आ गई है। अगस्त 2026 में कई अरबपतियों की संपत्ति में बड़ा बदलाव देखने को मिला। फोर्ब्स की 1 सितंबर 2026 तक की लिस्ट में कुछ बदलाव हुए है। इस लिस्ट में एलन मस्क सबसे ऊपर हैं। आइए जानते हैं सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में मार्क जुकरबर्ग, जेफ बेजोस और अमानसियो ऑर्टेगा किस स्थान पर है

अपडेटेड Sep 08, 2026 पर 9:28 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
इस लिस्ट में टेक और बिजनेस की दुनिया के कई बड़े नाम शामिल हैं

World’s 10 Richest Person: दुनिया के सबसे अमीर लोगों में कौन-कौन शामिल है इसकी लिस्ट आ गई है। इस महीने अरबपतियों की लिस्ट में बड़ा बदलाव हुआ है। अगस्त 2026 के दौरान दुनिया के सबसे अमीर लोगों की संपत्ति में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली। फोर्ब्स की 1 सितंबर 2026 तक की सूची के मुताबिक दुनिया के टॉप 10 अरबपतियों की कुल संपत्ति करीब 2.8 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गई। वहीं दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में एलन मस्क टॉप पर है। वहीं जेफ बेजोस, अमानसियो ऑर्टेगा ने टॉप-10 में जगह बना ली है। इस लिस्ट में टेक और बिजनेस की दुनिया के कई बड़े नाम शामिल हैं। आइए जानते हैं सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में मार्क जुकरबर्ग, जेफ बेजोस, स्टीव बाल्मर और अमानसियो ऑर्टेगा किस स्थान पर है।

1- एलन मस्क

फोर्ब्स की 1 सितंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, एलन मस्क दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। उनकी कुल संपत्ति करीब 892 अरब डॉलर आंकी गई है। अगस्त के दौरान स्पेसएक्स और टेस्ला के शेयरों में तेजी का सीधा फायदा उनकी संपत्ति पर पड़ा। इस दौरान उनकी नेट वर्थ में करीब 202 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई। इससे पहले जून में मस्क कुछ समय के लिए दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर भी बने थे।


2- लैरी पेज

फोर्ब्स की सूची में गूगल के सह-संस्थापक लैरी पेज 277 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति हैं। वहीं अगस्त के दौरान उनकी संपत्ति में करीब 15 अरब डॉलर की कमी आई। इस वजह से वह उस महीने टॉप-10 अरबपतियों में सबसे ज्यादा संपत्ति गंवाने वाले व्यक्ति रहे। लैरी पेज ने 1998 में सर्गेई ब्रिन के साथ मिलकर गूगल की शुरुआत की थी।

3- जेफ बेजोस

अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस फोर्ब्स की सूची में 268 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के तीसरे सबसे अमीर व्यक्ति हैं। अगस्त के महीने में उनकी कुल संपत्ति में करीब 10 अरब डॉलर की गिरावट दर्ज की गई। इससे पहले जुलाई में बेजोस ने सर्गेई ब्रिन को पीछे छोड़ते हुए अमीरों की सूची में तीसरा स्थान हासिल किया था।

4- सर्गेई ब्रिन

गूगल के सह-संस्थापक सर्गेई ब्रिन दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में चौथे स्थान पर हैं। फोर्ब्स के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति करीब 256 अरब डॉलर है, जो पिछले महीने की तुलना में 13 अरब डॉलर कम हुई है। ब्रिन ने 1998 में लैरी पेज के साथ मिलकर गूगल की शुरुआत की थी। वह अभी भी अल्फाबेट के बोर्ड में शामिल हैं और कंपनी के प्रमुख शेयरहोल्डर में से एक हैं।

5- माइकल डेल

फोर्ब्स की अमीरों की सूची में डेल टेक्नोलॉजीज के प्रमुख माइकल डेल पांचवें स्थान पर हैं। उनकी कुल संपत्ति करीब 241 अरब डॉलर है और अगस्त के दौरान इसमें लगभग 12 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई। कॉलेज के दिनों में ही कारोबार शुरू करने के बाद माइकल डेल ने अपने आज डेल टेक्नोलॉजीज के चेयरमैन और सीईओ के तौर पर कंपनी का नेतृत्व कर रहे हैं।

6- मार्क जुकरबर्ग

मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में छठे स्थान पर हैं। फोर्ब्स के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति करीब 197 अरब डॉलर है, जो पिछले महीने के मुकाबले 6 अरब डॉलर अधिक है। जुकरबर्ग ने 2004 में हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान फेसबुक की शुरुआत की थी। समय के साथ कंपनी ने अपना नाम बदलकर मेटा कर लिया और इंस्टाग्राम व व्हाट्सऐप जैसे प्लेटफॉर्म भी इसके कारोबार का हिस्सा बने।

7- लैरी एलिसन

ओरेकल के सह-संस्थापक लैरी एलिसन फोर्ब्स की अमीरों की सूची में सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं। उनकी कुल संपत्ति करीब 193 अरब डॉलर है। अगस्त के दौरान उनकी संपत्ति में लगभग 25 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई, जो टॉप-10 अरबपतियों में दूसरी सबसे बड़ी बढ़त रही। एलिसन ने 1977 में ओरेकल की शुरुआत में अहम भूमिका निभाई थी।

8- जेन्सेन हुआंग

एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में आठवें पायदान पर हैं। फोर्ब्स के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति करीब 191 अरब डॉलर है, जिसमें अगस्त के दौरान 17 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई। हुआंग ने 1993 में एनवीडिया की स्थापना की थी और लंबे समय से कंपनी के सीईओ और प्रेसिडेंट के रूप में इसकी कमान संभाल रहे हैं।

9-स्टीव बाल्मर

माइक्रोसॉफ्ट के पूर्व सीईओ स्टीव बाल्मर दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं। फोर्ब्स के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति करीब 155 अरब डॉलर है और अगस्त में इसमें 10 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई। इस बढ़त के साथ बाल्मर 11वें स्थान से ऊपर उठकर टॉप-10 में शामिल हो गए। कारोबार के अलावा वह NBA टीम लॉस एंजिल्स क्लिपर्स के मालिक भी हैं।

10-अमानसियो ओर्टेगा

स्पेन के कारोबारी अमानसियो ओर्टेगा ने दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में टॉप-10 में जगह बना ली है। फोर्ब्स के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति करीब 148 अरब डॉलर है, जिसमें अगस्त के दौरान 5 अरब डॉलर का इजाफा हुआ। संपत्ति बढ़ने के साथ ऑर्टेगा 12वें पायदान से सीधे 10वें स्थान पर पहुंच गए और उन्होंने बर्नार्ड अर्नाल्ट को पीछे छोड़ दिया। ऑर्टेगा फैशन ब्रांड जारा की पैरेंट कंपनी इंडिटेक्स के सह-संस्थापक हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।