टेस्ला और स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क अपनी बेबाकी और मजाकिया अंदाज के लिए दुनिया भर में मशहूर हैं। अक्सर सोशल मीडिया पर अपने मीम्स और पोस्ट से हलचल मचाने वाले मस्क अब एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई ट्वीट नहीं बल्कि उनकी अपनी हरकतें हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ चीन के हाई-प्रोफाइल दौरे पर बीजिंग पहुंचे एलन मस्क का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। एक औपचारिक राजनयिक डिनर के दौरान मस्क जिस तरह से चेहरे के हाव-भाव बदल रहे थे और आंखें मटका रहे थे, उसे देखकर नेटिजन्स कह रहे हैं कि मस्क ने अपना मीम मोड ऑन कर लिया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्यापार संबंधों, निवेश और तकनीकी सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा करने के लिए एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ चीन के दौरे पर हैं। इस प्रतिनिधिमंडल में एलन मस्क, एप्पल के सीईओ टिम कुक और एनवीडिया के जेनसन हुआंग जैसे दिग्गज बिजनेस लीडर शामिल हैं। लेकिन इस गंभीर कूटनीतिक माहौल के बीच एलन मस्क ने अपनी मौजूदगी से सबका ध्यान खींच लिया।
23 सेकंड के वीडियो में मस्क का अनफिल्टर्ड अंदाज
एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अकाउंट @cb_doge से 23 सेकंड का एक वीडियो क्लिप शेयर किया गया है। यह वीडियो बीजिंग में आयोजित एक औपचारिक डिनर का है। इसमें चीनी प्रधानमंत्री ली कियांग या अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।
वीडियो में मस्क एक सजी हुई डिनर टेबल पर बैठे नजर आ रहे हैं। वह बातचीत के दौरान तेजी से अपने चेहरे के एक्सप्रेशन बदल रहे हैं। कभी वह मुस्कुराते हैं, कभी गंभीर होते हैं तो कभी अजीबोगरीब तरीके से आंखें मटकाते दिख रहे हैं। बातचीत के दौरान मस्क काफी एनिमेटेड लग रहे हैं। वह अपने हाथों से इशारा कर रहे हैं और एक मौके पर उन्होंने थम्स-अप भी किया। मस्क के ठीक पीछे एप्पल के सीईओ टिम कुक मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं।
यहां नीचे देखिए एक्स पोस्ट में मौजूद मस्क का वीडियो
राजनयिक प्रोटोकॉल के बीच मजाकिया अंदाज
आम तौर पर इस तरह के डिप्लोमैटिक डिनर बेहद औपचारिक होते हैं, जहां गेस्ट बिल्कुल नपा तुला व्यवहार करते हैं। लेकिन मस्क तो मस्क ठहरे और अपने सिग्नेचर स्टाइल में नजर आए। सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि मस्क चाहे जहां भी हों, चाहे वह स्पेसएक्स का लॉन्च हो या अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक मंच, उनका बेपरवाह और मजाकिया अंदाज कभी नहीं बदलता।
एलन मस्क का चीन के साथ पुराना व्यापारिक रिश्ता रहा है। शंघाई में टेस्ला की गीगाफैक्ट्री की सफलता और चीनी नेतृत्व के साथ उनकी पिछली मुलाकातों ने उन्हें वहां काफी लोकप्रिय बना दिया है। यही वजह है कि बीजिंग में मस्क का यह सहज और मजाकिया व्यवहार वहां के माहौल में भी चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को अनफिल्टर्ड मस्क बता कर शेयर कर रहे हैं और कह रहे हैं कि डिप्लोमेसी अपनी जगह, लेकिन मस्क का मीम मोड अपनी जगह।