FIFA वर्ल्ड कप में अनाथ हो गई ईरान की टीम, कोच बोल रहे कि हमें सताया जा रहा! आखिर क्या हुआ इनके साथ?

FIFA World Cup Iran Team Controversy: ईरानी कोच ने नम आखों से कहा कि इस वर्ल्ड कप में उनकी टीम पूरी तरह अकेली पड़ चुकी है। खिलाड़ियों के साथ जानवरों जैसा बर्ताव किया जा रहा है। इस पूरे वर्ल्ड कप में हमारी टीम सबसे ज्यादा सताई गई है। हमारे साथ न तो हमारा फुटबॉल फेडरेशन है, न हमारा मीडिया है और न ही हमारा मैनेजमेंट'

अपडेटेड Jun 16, 2026 पर 1:57 PM
न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच के बाद अमेरिकी सरकार ने आधी रात को उन्हें तुरंत देश छोड़ने का फरमान सुना दिया

Iran Football Team FIFA: फीफा वर्ल्ड कप के चमचमाते मैदानों और लाखों की भीड़ के बीच से एक ऐसी दर्दनाक कहानी सामने आई है, जिसने खेल भावना को शर्मसार कर दिया है। यह कहानी फुटबॉल के किसी मुकाबले की नहीं, बल्कि मैदान के बाहर ईरान की टीम के साथ हो रहे उस अमानवीय और मानसिक टॉर्चर की है, जिसने खिलाड़ियों को रोने पर मजबूर कर दिया है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ सोमवार रात को हुए जबरदस्त मुकाबले के ठीक बाद, जब थके-हारे ईरानी खिलाड़ियों को आराम की सख्त जरूरत थी, तब फीफा और अमेरिकी सरकार ने उन्हें तुरंत देश छोड़ने का बेरहम फरमान सुना दिया। आधी रात को बिना किसी रिकवरी के जबरन मैदान से खदेड़े जाने पर ईरान फुटबॉल टीम के मुख्य कोच अमीर घलेनोइ, कप्तान मेहदी तारेमी और रोते हुए खिलाड़ियों का गुस्सा और दर्द पूरी दुनिया के सामने फूट पड़ा है।

ईरानी कोच अमीर घलेनोइ ने रुंधे गले से दोटूक शब्दों में कहा कि इस चकाचौंध भरे वर्ल्ड कप में उनकी टीम कोई मुकाबला नहीं लड़ रही, बल्कि वह इस पूरे टूर्नामेंट की 'सबसे बेबस, प्रताड़ित और अनाथ' टीम बना दी गई है।


मैच खत्म होते ही बोले- 'तुरंत देश छोड़ो!'

कोच अमीर घलेनोइ ने बताया कि खिलाड़ियों के लिए मैच के बाद रिकवरी कितनी जरूरी होती है, लेकिन उनके साथ जानवरों जैसा बर्ताव किया जा रहा है। कोच ने कहा, 'आज मैच के तुरंत बाद हमसे कहा गया कि आपको तुरंत यहां से जाना होगा। जबकि आज हमारे लिए रिकवरी करना बेहद जरूरी था। हमें जबरन प्लेन में बैठकर मैक्सिको के तिजुआना कैंप में वापस जाने को मजबूर किया जा रहा है'।

कोच ने आरोप लगाया कि ईरान के लिए फैसले कोई और ही ले रहा है। टीम को मैच से दो दिन पहले आने की अनुमति नहीं दी गई, और अब मैच की रात रुकने भी नहीं दिया जा रहा है।

टीम के पास न मीडिया है, न मैनेजमेंट, न प्रेसिडेंट!

ईरानी कोच ने नम आखों से कहा कि इस वर्ल्ड कप में उनकी टीम पूरी तरह अकेली पड़ चुकी है। राजनीतिक और वीजा संबंधी दिक्कतों के कारण टीम को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। घलेनोइ ने कहा, 'इस पूरे वर्ल्ड कप में हमारी टीम सबसे ज्यादा सताई गई है। हमारे साथ न तो हमारा फुटबॉल फेडरेशन है, न हमारा मीडिया है और न ही हमारा मैनेजमेंट हमारे साथ आ पाया है'।

एरिजोना छोड़कर मैक्सिको में ट्रेनिंग करने को मजबूर हुई टीम

ईरान के कप्तान मेहदी तारेमी ने इस पूरे कूटनीतिक और लॉजिस्टिक संकट का पर्दाफाश किया। उन्होंने बताया कि कैसे अमेरिकी वीजा नियमों के कारण टीम को प्रताड़ित होना पड़ा। अमेरिकी कड़े वीजा नियमों और इमिग्रेशन की चिंताओं के कारण ईरान की टीम को अमेरिका के टक्सन में लगा अपना ट्रेनिंग बेस छोड़कर बॉर्डर पार मैक्सिको के तिजुआना में शिफ्ट होना पड़ा।

ईरान के वर्ल्ड कप के सभी ग्रुप मैच अमेरिका में होने हैं, लेकिन मैक्सिको पहुंचने के बाद ईरान टीम के 15 सपोर्ट स्टाफ मेंबर्स को अमेरिका ने वीजा देने से मना कर दिया था। टीम के पास इस वक्त न तो उनके मीडिया अधिकारी हैं, न विश्लेषक हैं और न ही फेडरेशन के अध्यक्ष मेहदी ताज हैं।

खिलाड़ियों की सेहत से हो रहा खिलवाड़

मिडफील्डर मोहम्मद मोहेबी और कप्तान तारेमी ने कहा कि मैच के तुरंत बाद इस तरह लगातार यात्रा करने से खिलाड़ियों की मांसपेशियों में खिंचाव आ जाएगा और वे थक जाएंगे। तिजुआना से लॉस एंजिल्स की छोटी सी दूरी को तय करने में इमिग्रेशन की सख्ती के कारण ईरानी टीम को 5 घंटे से ज्यादा का समय लगा।

ड्रेसिंग रूम पहुंचे फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो

मैच के बाद विवाद बढ़ता देख फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो खुद ईरान के ड्रेसिंग रूम में पहुंचे। खिलाड़ियों ने उनके सामने सीधे अपनी चिंताएं रखीं। इन्फेंटिनो ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा, 'मैं समझ सकता हूं कि आप लोग किस दौर से गुजर रहे हैं, लेकिन आप हर चीज से ज्यादा मजबूत हैं। पूरी दुनिया आपको देख रही है। आप अपने दिल, अपने परिवार और अपने देश के लिए खेलिए'।

एक तरफ जहां अमेरिकी प्रशासन और फीफा के रवैये से टीम परेशान है, वहीं कोच ने मैक्सिको की सरकार और तिजुआना के लोगों की जमकर तारीफ की, जिन्होंने ईरान की टीम को अपने घर जैसा माहौल दिया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।