होर्मुज में फिर बढ़ी टेंशन: ट्रंप का दावा...ईरान ने सीजफायर का किया उल्लंघन, जहाजों पर किया ड्रोन अटैक

अमेरिकी राष्ट्रपति का दावा है कि एक मालवाहक जहाज पर हमला किया गया, जबकि अमेरिकी सेना ने तीन अन्य ड्रोन को रास्ते में ही मार गिराया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि ईरान ने इस अहम समुद्री मार्ग से गुजर रहे जहाजों पर चार आत्मघाती ड्रोन भेजे, जो दोनों देशों के बीच हुए सीजफायर का खुला उल्लंघन है

अपडेटेड Jun 26, 2026 पर 10:57 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
ईरान ने सीजफायर का किया उल्लंघन, होर्मुज में जहाज पर किया ड्रोन अटैक: ट्रंप

अमेरिका और ईरान के बीच हुए सीजफायर पर एक बार फिर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे कारोबारी जहाजों पर ड्रोन से हमला करने का आरोप लगाया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आज जानकारी दी कि ईरान ने सीजफायर तोड़ दिया है। उसने होर्मुज से गुजर रहे एक जहाज पर ड्रोन अटैक कर दिया। जवाबी कार्रवाई में अमेरिका सेना ने भी पलटवार किया और ईरान के तीन ड्रोन मार गिराए। ट्रंप ने ईरान की इस कार्रवाई को मूर्खतापूर्ण बताया है।

अमेरिकी राष्ट्रपति का बड़ा दावा

अमेरिकी राष्ट्रपति का दावा है कि एक मालवाहक जहाज पर हमला किया गया, जबकि अमेरिकी सेना ने तीन अन्य ड्रोन को रास्ते में ही मार गिराया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि ईरान ने इस अहम समुद्री मार्ग से गुजर रहे जहाजों पर चार आत्मघाती ड्रोन भेजे, जो दोनों देशों के बीच हुए सीजफायर का खुला उल्लंघन है। यह आरोप ऐसे समय में सामने आया है, जब हाल ही में दोनों देशों के बीच तनाव कम करने की कोशिशें की गई थीं, लेकिन क्षेत्र में हालात अब भी बेहद संवेदनशील बने हुए हैं।


ईरान ने जहाजों पर किए ड्रोन हमले

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे जहाजों पर कम से कम चार आत्मघाती ड्रोन से हमला किया। ट्रंप के अनुसार, इनमें से एक ड्रोन एक बड़े मालवाहक जहाज के ऊपरी हिस्से से टकराया। इस हमले में जहाज को नुकसान पहुंचा, लेकिन वह अपना सफर जारी रखने में सफल रहा।

उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी सेना ने बाकी तीन ड्रोन को समय रहते मार गिराया। ट्रंप ने इसे अमेरिका और ईरान के बीच हुए युद्धविराम (सीजफायर) का खुला उल्लंघन बताया। हालांकि, ट्रंप ने उस जहाज का नाम सार्वजनिक नहीं किया जिस पर कथित हमला हुआ था। उन्होंने हमले में हुए नुकसान या किसी के घायल होने की भी कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं दी।

 जहाज पर हमले से बढ़ी चिंता

अमेरिका और ईरान के बीच हाल ही में हुए सीजफायर के बाद पहली बड़ी चुनौती तब सामने आई, जब गुरुवार को सिंगापुर के झंडे वाले एक मालवाहक जहाज पर होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरते समय कथित हमला हुआ। इस घटना को दोनों देशों के बीच पिछले सप्ताह हुए उस समझौते के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, जिसका उद्देश्य लंबे समय से जारी तनाव को कम करना और दुनिया के सबसे व्यस्त समुद्री मार्गों में से एक पर सामान्य आवाजाही बहाल करना था।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी अधिकारियों ने दावा किया है कि यह हमला ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने किया। बताया जा रहा है कि यह घटना ईरान की उस चेतावनी के कुछ घंटों बाद हुई, जिसमें बिना मंजूरी वाले समुद्री मार्गों का इस्तेमाल करने वाले जहाजों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।