Viral Video: 139mph की स्पीड से रनवे पर दौड़ रहे प्लेन से टकराया शख्स फिर धधक उठा इंजन! खौफनाक नजारा

Frontier Airline Plane Crash: विमान में सवार यात्रियों के लिए यह किसी डरावने सपने जैसा था। 224 यात्रियों और 7 क्रू मेंबर्स के साथ यह विमान उड़ान भरने ही वाला था कि तभी जोरदार धमाका हुआ। खिड़की के पास बैठे यात्री जॉन एंथेंस ने बताया, 'मैंने देखा कि एक इंसान के पैर इंजन के भीतर घूम रहे थे। तभी बम जैसा धमाका हुआ, विमान का अगला हिस्सा झटके से ऊपर उठा और इंजन में आग लग गई'

अपडेटेड May 11, 2026 पर 3:08 PM
Story continues below Advertisement
विमान के इंजन ने उस व्यक्ति को अंदर खींच लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई

Frontier Airlines Plane: अमेरिका के डेनवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से एक ऐसी भयावह घटना सामने आई है जिसे सुनकर और देखकर किसी की भी रूह कांप जाए। शनिवार रात एक अज्ञात घुसपैठिया एयरपोर्ट की सुरक्षा दीवार लांघकर रनवे पर आ गया और सीधे टेक-ऑफ कर रहे फ्रंटियर एयरलाइंस के विमान की चपेट में आ गया। विमान के इंजन ने उस व्यक्ति को अंदर खींच लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

रनवे पर मौत का 'लाइव' वीडियो

डेनवर सिटी द्वारा जारी किए गए नए सीसीटीवी फुटेज में इस खौफनाक हादसे को कैद किया गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि वह व्यक्ति रात के अंधेरे में चुपके से रनवे पार कर रहा था। उसे अपनी ओर करीब 223 किमी/घंटा की रफ्तार से आते विमान का कोई अंदाजा नहीं था। जैसे ही एयरबस A321neo विमान उसके करीब पहुंचा, इंजन के तेज दबाव ने उस व्यक्ति को अंदर खींच लिया। यह पूरी घटना उसके फेंस फांदने के मात्र दो मिनट के भीतर हो गई।


विमान के भीतर हुआ धमाका, मची चीख-पुकार

विमान में सवार यात्रियों के लिए यह किसी डरावने सपने जैसा था। 224 यात्रियों और 7 क्रू मेंबर्स के साथ यह विमान उड़ान भरने ही वाला था कि तभी जोरदार धमाका हुआ। खिड़की के पास बैठे यात्री जॉन एंथेंस ने बताया, 'मैंने देखा कि एक इंसान के पैर इंजन के भीतर घूम रहे थे। तभी बम जैसा धमाका हुआ, विमान का अगला हिस्सा झटके से ऊपर उठा और इंजन में आग लग गई।' इंजन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था और उस पर खून और मांस के लोथड़े बिखरे हुए थे। धमाके के बाद विमान के अंदर बच्चे रोने लगे और लोग चीखने-चिल्लाने लगे।

सुरक्षा में बड़ी चूक पर उठे सवाल

अमेरिकी परिवहन सचिव सीन डफी ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे सुरक्षा में बड़ी सेंध बताया है। उन्होंने 'X' पर लिखा, 'किसी को भी कभी भी एयरपोर्ट की सुरक्षा नहीं तोड़नी चाहिए। यह घुसपैठिया सुरक्षा घेरा तोड़कर सीधे रनवे पर दौड़ गया था।'

सभी यात्री सुरक्षित बचाए गए

हादसे के तुरंत बाद पायलट ने सूझबूझ दिखाई और विमान को रोक लिया। इमरजेंसी गेट्स के जरिए इनफ्लेटेबल स्लाइड की मदद से सभी 224 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि, इस घटना ने एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।