अमेरिका में गुजराती महिला मेघना पटेल का स्टोर के अंदर मर्डर, हमलावर ने उछल-उछल कर मारी गोली

Meghna Patel Shot Dead US: इस दिल दहला देने वाली वारदात का जो सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, वह हमलावर की खौफनाक साजिश को बयां करता है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक अज्ञात शख्स ग्राहक की तरह दुकान के अंदर दाखिल होता है और फिर दनादन फायरिंग करने लगता है

अपडेटेड May 26, 2026 पर 10:45 AM
Story continues below Advertisement
इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है

Gujarati Woman Shot Dead in US: अमेरिका से एक बेहद झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। अमेरिका में रहने वाली गुजराती महिला मेघना पटेल की उनके ही स्टोर के अंदर अंधाधुंध फायरिंग कर बेरहमी से हत्या कर दी गई है। शुरुआती जांच में इस पूरी वारदात के पीछे लूटपाट की आशंका जताई जा रही है।

इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर की क्रूरता साफ देखी जा सकती है। इस खबर के बाद मेघना पटेल के पैतृक गांव और पूरे महेसाणा जिले में शोक की लहर दौड़ गई है।

गुजरात के महेसाणा की रहने वाली थीं मेघना


मारे गए गुजराती नागरिक की पहचान मेघना पटेल के रूप में हुई है। मेघना मूल रूप से उत्तरी गुजरात के महेसाणा जिले के विजापुर तालुका के जंत्राल गांव की रहने वाली थीं। वे लंबे समय से अपने परिवार के साथ अमेरिका में रह रही थीं और वहीं सेटल हो चुकी थीं। जैसे ही मेघना पटेल की मौत की खबर उनके पैतृक गांव जंत्राल पहुंची, पूरे इलाके में मातम छा गया। परिजनों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है।

CCTV में कैद हुई लाइव वारदात, उछल-उछल कर चलाईं गोलियां

इस दिल दहला देने वाली वारदात का जो सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, वह हमलावर की खौफनाक साजिश को बयां करता है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक अज्ञात शख्स ग्राहक की तरह दुकान के अंदर दाखिल होता है। पहचान छिपाने के लिए उसने ट्रैक सूट, जैकेट, हाथों में दस्ताने, चेहरे पर मास्क और सिर पर टोपी पहनी हुई थी, जिससे उसकी सिर्फ आंखें ही दिखाई दे रही थीं।

दुकान में काउंटर पर खड़ी मेघना पटेल से उस शख्स ने पहले कुछ सेकेंड बात की। इसके बाद अचानक उसने बंदूक निकाली और मेघना पर अंधाधुंध गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। गोली मारने के बाद हमलावर कैश काउंटर से कुछ सामान और नकदी समेटकर तुरंत मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय अमेरिकी पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। शूटर को पकड़ने के लिए पुलिस की स्पेशल टीमें बनाई गई हैं।

थम नहीं रहा अमेरिका में भारतीयों पर हमले का सिलसिला

अमेरिका में स्टोर चलाने वाले भारतीयों और गुजरातियों पर यह कोई पहला हमला नहीं है। कुछ समय पहले ही ऐसी ही एक और वारदात सामने आई थी। आनंद जिले के बोरसद तालुका के सिस्वा गांव की रहने वाली किरनबेन पटेल की भी अमेरिका के साउथ कैरोलिना में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह पिछले 23 साल से अमेरिका में रह रही थीं।

किरनबेन जब रात के समय अपने गैस स्टेशन सह स्टोर पर अकेली थीं और दिनभर की कमाई गिन रही थीं, तभी एक नकाबपोश बदमाश ने घुसकर उन पर फायरिंग कर दी थी। किरणबेन ने खाली बोतलें फेंककर मुकाबला भी किया था, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी थी।

लगातार हो रही इन वारदातों ने अमेरिका में रह रहे भारतीय समुदाय के दुकानदारों और व्यापारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।