जो सिक्योरिटी गार्ड लोगों को करता था सलाम! रातोंरात बदल गई उसकी किस्मत, अब दुनियाभर में हो रही इस करोड़पति शख्स की चर्चा

नेपाल का एक 26 साल का लड़का जो यूएई में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था, लोगों को आते जाते सलाम ठोकता था। वो रातोंरात करोड़पति बन जाएगा ऐसा उसने कभी सोचा नहीं था। दरअसल, ये कहानी है नेपाल के तैय्यब खान की।

अपडेटेड Jun 10, 2026 पर 12:40 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
गार्ड की नौकरी से करोड़पति तक! 50 दिरहम की टिकट ने बदल दी जिंदगी

नेपाल का एक 26 साल का लड़का जो यूएई में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था, लोगों को आते जाते सलाम ठोकता था। वो रातोंरात करोड़पति बन जाएगा ऐसा उसने कभी सोचा नहीं होगा। दरअसल, ये कहानी है नेपाल के तैय्यब खान की, जो यूएई की राजधानी अबू धाबी में मामूली सी नौकरी करता था, लेकिन उसके हाथ ऐसा जैकपॉट लगा कि उसकी दुनिया ही बदल गई।

बता दें कि तैय्यब ने UAE लॉटरी का 'लकी डे' ड्रॉ जीतकर करोड़ों रुपये जीते हैं। अबू धाबी में रहने वाले तय्यब खान उन पांच दोस्तों के ग्रुप में शामिल थे, जिन्होंने मिलकर वह टिकट खरीदा था जिससे उन्हें 30 मिलियन दिरहम (लगभग 78 करोड़ रुपये) का जैकपॉट मिला।

5 दोस्त, 50 दिरहम की लॉटरी टिकट


गल्फ न्यूज के अनुसार, हर दोस्त ने टिकट खरीदने के लिए 50 दिरहम (1300 रुपये) का योगदान दिया था। जीत की रकम को बराबर-बराबर बांटने के बाद, खान को 6 मिलियन दिरहम (लगभग 15 करोड़ रुपये) मिले।

जीतने वाले नंबर 27 मई को ईद-उल-अजहा की छुट्टी के दौरान निकाले गए थे। उस समय खान नाइट शिफ्ट में काम कर रहे थे और उन्होंने लकी ड्रॉ को लाइव नहीं देखा। इसके बजाय, उन्हें जीत के बारे में ईमेल नोटिफिकेशन से पता चला।

पहले भी आते थे छोटे इनामों के मेल

तैयब ने कहा, "मुझे पहले भी छोटे इनामों के लिए ऐसे ईमेल मिले थे, इसलिए मैंने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। लेकिन जब मैंने ईमेल खोला और 30 मिलियन दिरहम देखे, तो मेरे हाथ-पैर कांपने लगे। यह किसी सपने जैसा लग रहा था।"

खान और उनके चार दोस्त 2024 की शुरुआत से ही नियमित रूप से लॉटरी टिकट खरीद रहे थे, जब खान को फेसबुक पर इस लॉटरी के बारे में पता चला था।

उन्होंने कहा, "हम कुल पांच लोग हैं। हमने पैसे मिलाकर नियमित रूप से टिकट खरीदे। हर हफ्ते, बारी-बारी से एक व्यक्ति नंबर चुनता था। कई बार तो ऐसा लगा कि शायद यह नहीं हो पाएगा, लेकिन हमने कभी उम्मीद नहीं छोड़ी।"

अब नहीं करूंगा गार्ड की नौकरी, सीधा करूंगा कारोबार!

अब इस बड़ी जीत के बाद तैय्यब खान अपने हिस्से की रकम से अपनी नौकरी छोड़ने और निवेश व बिजनेस के नए अवसरों पर ध्यान देने की योजना बना रहे हैं।

बेहद खुश तैयब खान ने बताया, "मैं अब उसी भूमिका में काम नहीं करूंगा। अब आगे बढ़ने और नई दिशाएं तलाशने का समय आ गया है। मैं सिक्योरिटी इंडस्ट्री छोड़कर एंटरप्रेन्योरशिप या निवेश के क्षेत्र में जाना चाहता हूं।"

उन्होंने बताया, "मैंने चार साल तक एक कर्मचारी के तौर पर काम किया है। अब मैं अगले लेवल पर जाना चाहता हूं।"

सबसे पहले परिवार के लिए खरीदेंगे घर

उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में से एक है नेपाल में अपने परिवार को बेहतर जिंदगी देना। उन्होंने कहा कि उनके लिए हमेशा से ही परिवार के लिए घर खरीदना सबसे बड़ा लक्ष्य रहा है। अब मैं एक अच्छी जगह पर एक बढ़िया घर बना सकता हूं, जिसमें परिवार की जरूरत की हर चीज हो।

अंकल को दी सबसे पहले जीत की खबर

वहीं, जीत के बारे में खान ने सबसे पहले अपने अंकल को बताया, जिन्होंने सालों पहले उन्हें UAE आने में मदद की थी। तैय्यब ने कहा, "उन्हीं की वजह से मैं यहां आया था। जब मैंने उन्हें बताया कि हमने कितना पैसा जीता है, तो वे बिल्कुल हैरान रह गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।"

महंगी गाड़ी और घड़ी का शौक

हालांकि वे ज्यादातर पैसे लंबे समय के निवेश में लगाने की योजना बना रहे हैं, लेकिन खान अपने कुछ निजी सपने भी पूरे करना चाहते हैं। उनकी लिस्ट में एक लग्जरी घड़ी और एक नई गाड़ी सबसे ऊपर हैं। उन्होंने कहा, "मेरी नजर महिंद्रा थार जीप और रोलेक्स घड़ी पर है।"

वे UAE के प्रॉपर्टी मार्केट में भी मौके तलाश रहे हैं और रियल एस्टेट में निवेश करना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, "मुझे रियल एस्टेट में दिलचस्पी है और हो सकता है कि मैं दुबई में कोई अपार्टमेंट खरीदूं। मैंने यहाँ UAE में कई नेपालियों को बिजनेस और निवेश में सफल होते देखा है, और मैं भी उसी रास्ते पर चलना चाहता हूं।"

यह भी पढ़ें: एमपी में 2 बच्चों और सरकारी नौकरी से जुड़ा नियम बदल दिया गया, नया रूल यहां जानिए

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।