अमेरिका के आयडहो (Idaho) राज्य में एक बड़ा विमान हादसा सामने आया है। यहां गनफाइटर स्काइज एयर शो (Gunfighter Skies Air Show) के दौरान अमेरिकी नौसेना के दो लड़ाकू विमान हवा में आपस में टकरा गए। यह हादसा उस वक्त हुआ जब विमान हवा में करतब दिखा रहे थे। गनीमत यह रही कि विमानों के जमीन पर गिरने और उसमें विस्फोट होने से पहले ही सभी पायलट सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे।
सोशल मीडिया पर इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। पहले आप इस वीडियो यहां नीचे दिए गए एक्स पोस्ट में देखिए।
चश्मदीदों और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के मुताबिक, दोनों फाइटर जेट एयर शो के दौरान अपनी फॉर्मेशन में उड़ रहे थे, तभी अचानक उनके बीच टक्कर हो गई। टक्कर के बाद विमानों का नियंत्रण बिगड़ गया और वे तेजी से जमीन की ओर गिरने लगे। जमीन से टकराते ही विमानों में जोरदार धमाका हुआ और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया।
पायलटों की जांबाजी: सुरक्षित हुए इजेक्ट
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इन विमानों में कुल चार चालक दल के सदस्य सवार थे। विमानों के टकराने के तुरंत बाद, चारों क्रू मेंबर्स ने अपनी सूझबूझ का परिचय दिया और विमान के क्रैश होने से कुछ ही सेकंड पहले खुद को 'इजेक्ट' कर लिया। सभी पायलट सुरक्षित जमीन पर उतरे, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।
एयर शो रद्द, बेस पर लॉकडाउन
हादसे के तुरंत बाद माउंटेन होम एयरफोर्स बेस से लगभग दो मील उत्तर-पश्चिम में आपातकालीन टीमों को तैनात किया गया। आयोजकों ने सुरक्षा कारणों से गनफाइटर स्काइज एयर शो को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया और पूरे एयरबेस को लॉकडाउन कर दिया गया। आपातकालीन टीमें वर्तमान में क्षेत्र को सुरक्षित करने और शुरुआती जांच में जुटी हुई हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए दोनों EA-18G ग्रोवलर विमान नेवल एयर स्टेशन व्हिडबे आइलैंड के थे। अमेरिकी नौसेना और वायु सेना ने इस घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं ताकि टक्कर के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।